लखनऊ। राष्ट्रीय खेल दिवस पर गुरु गोबिंद सिंह स्पोर्ट्स कॉलेज का परिसर शनिवार को खेल प्रतिभाओं की उपलब्धियों और युवा खिलाड़ियों के उत्साह से सराबोर रहा। समारोह में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कॉलेज के खिलाड़ियों और उनके प्रशिक्षकों को सम्मानित किया गया।
राष्ट्रीय खेल दिवस पर गुरु गोबिंद सिंह स्पोर्ट्स कॉलेज में कई आयोजन
इस अवसर पर खेल मंत्री गिरीश चन्द्र यादव ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए उन्हें पूरी निष्ठा, अनुशासन और समर्पण के साथ अपने खेल में उत्कृष्टता हासिल करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि खेल मंत्री गिरीश चन्द्र यादव ने हॉकी के महान खिलाड़ी और ‘हॉकी के जादूगर’ मेजर ध्यानचंद की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर समारोह की शुरुआत की। इसके बाद दीप प्रज्वलित किया गया।
कार्यक्रम में सचिव, खेल विभाग सुहास एल.वाई., विशेष सचिव कुमार विनीत सहित खेल विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, खिलाड़ी, प्रशिक्षक, शिक्षक और विभिन्न विद्यालयों से आए छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर कॉलेज में छात्रों से सुसज्जित ध्यानचंद इलेवेन और मो. शाहिद इलेवेन के बीच मैत्री हॉकी मैच खेला गया। खेल मंत्री ने दोनों टीमों के खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया और हिट लगाकर मुकाबले का शुभारंभ किया। रोमांचक मुकाबले में ध्यानचंद इलेवेन ने 3-1 से जीत दर्ज की।
समारोह में कॉलेज के छात्रों ने सांस्कृतिक और संगीत कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए। छात्रों द्वारा बनाए गए तिरंगा पिरामिड ने भी आकर्षण बटोरा। मुख्य अतिथि सहित उपस्थित अतिथियों ने छात्रों के प्रदर्शन की सराहना की।
खेल सुविधाओं के विस्तार पर जोर
कॉलेज के प्रधानाचार्य दीपेन्द्र यादव ने गुरु गोबिंद सिंह स्पोर्ट्स कॉलेज के गौरवशाली इतिहास और खेल क्षेत्र में उसके योगदान पर प्रकाश डाला। उन्होंने कॉलेज की खेल अवस्थापना सुविधाओं को और मजबूत करने के लिए किए जा रहे कार्यों के लिए खेल मंत्री का आभार जताया।
उन्होंने बताया कि कॉलेज में फुटबॉल ग्राउंड पर स्प्रिंकलर और फ्लड लाइट, क्रिकेट ग्राउंड पर स्प्रिंकलर और फ्लड लाइट, वॉलीबॉल के लिए इंडोर स्टेडियम तथा एथलेटिक ग्राउंड पर स्प्रिंकलर सिस्टम लगाए जाने सहित अन्य प्रस्तावों को मंजूरी दी गई है। इन सुविधाओं के विकास से कॉलेज के खिलाड़ियों को प्रशिक्षण और प्रतियोगिताओं की बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी।
पदक विजेताओं को सरकारी नौकरी की नीति का जिक्र
खेल मंत्री गिरीश चन्द्र यादव ने खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों, शिक्षकों और विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए प्रदेश सरकार की खेल नीति और खिलाड़ियों के प्रोत्साहन के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में ओलंपिक, कॉमनवेल्थ गेम्स, एशियाई खेल और विश्व कप जैसी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदक जीतने वाले प्रदेश के खिलाड़ियों को पुरस्कार राशि के साथ उनकी उपलब्धि के आधार पर सीधी सरकारी नौकरी देने की नीति भी लागू है।
उन्होंने खिलाड़ियों से अनुशासन और समर्पण के साथ अपने खेल पर ध्यान केंद्रित करने का आह्वान किया। साथ ही समारोह की व्यवस्थाओं के लिए कॉलेज के प्रधानाचार्य और प्रशासन की सराहना की।
राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों का सम्मान
समारोह में गुरु गोबिंद सिंह स्पोर्ट्स कॉलेज के राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मो. समीर खान, सत्यम कैलाश पाल, अनीश यादव, दिव्यांश कुमार राव, मो. दानिश, अमरजीत तिवारी, विवेक तिवारी, कृष्णा विनवंशी, प्रदीप विनवंशी, रैयान खान, हर्ष वर्धन पुंडीर, राज सिंह, राज सिंह तोमर, आयुष कश्यप, विराज चौहान और वैभव बालियान को सम्मानित किया गया।
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उपलब्धि हासिल करने वाले आदित्य सिंह, अजीत यादव, अप्रतिम भदौरिया, कार्तिक सहरावत, शिवम सिंह, आर्यन भारद्वाज और रजत सिंह को भी सम्मान मिला।
ये भी पढ़ें : 67 रन के बाद बरसे बादल, लखनऊ-मेरठ मुकाबला बारिश की भेंट चढ़ा
इन खिलाड़ियों को प्रशिक्षण देने वाले प्रशिक्षकों शैलेन्द्र प्रताप सिंह, बिमल प्रताप राय, अरविंद नारायण ओझा, संकल्प कुमार सिंह, अमित कुमार मंडल, धर्मेंद्र प्रताप सोनकर और बिमल द्विवेदी को भी सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के अंत में खेल मंत्री ने कॉलेज के फुटबॉल ग्राउंड पर आयोजित फुटबॉल प्रतियोगिता का शुभारंभ किया।
विभिन्न विद्यालयों से आए छात्र-छात्राओं के लिए नाश्ते की व्यवस्था भी की गई। राष्ट्रीय खेल दिवस का यह आयोजन खिलाड़ियों और विद्यार्थियों के लिए खेल उपलब्धियों को सम्मान देने के साथ-साथ खेल भावना, अनुशासन, स्वस्थ प्रतिस्पर्धा और उत्कृष्टता के प्रति प्रतिबद्धता को मजबूत करने का अवसर बना।













