लखनऊ में कारागार मुख्यालय में धूमधाम से मना 80वां स्वतंत्रता दिवस

0
28

लखनऊ : आज दिनांक 15 अगस्त, 2026 को कारागार प्रशासन एवं सुधार सेवाएं मुख्यालय, लखनऊ में 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोहपूर्वक मनाया गया।

इस अवसर पर महानिदेशक, कारागार प्रशासन एवं सुधार सेवाएं, उ०प्र० पी.सी. मीना का मुख्यालय पहुंचने पर धर्मेन्द्र सिंह, अपर महानिरीक्षक, एस.सी. शाक्य एवं प्रदीप गुप्ता, पुलिस उपमहानिरीक्षक, डॉ. रामधनी, उपमहानिरीक्षक तथा अन्य अधिकारियों द्वारा स्वागत किया गया।

सर्वप्रथम महानिदेशक कारागार द्वारा मुख्यालय स्थित शहीद स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित कर अमर शहीदों को श्रद्धांजलि दी गई। इसके उपरांत उन्होंने राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराया तथा गार्ड द्वारा राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी गई तथा राष्ट्रगान का सामूहिक गायन किया गया।

इस अवसर पर महानिदेशक कारागार ने उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कहा कि स्वतंत्रता दिवस हम सभी के लिए गौरव, कृतज्ञता और संकल्प का अवसर है। यह दिवस हमें स्वतंत्रता संग्राम के असंख्य वीरों के त्याग और बलिदान का स्मरण कराता है।

उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास एवं सबका प्रयास” की भावना के साथ प्रदेश को स्वच्छ, स्वस्थ, समर्थ एवं सर्वोत्तम प्रदेश बनाने की दिशा में निरंतर कार्य कर रही है। कारागार प्रशासन भी इस व्यापक सामाजिक दायित्व का महत्वपूर्ण अंग है।

हमारा दायित्व केवल कारागारों की सुरक्षा एवं बंदियों की अभिरक्षा तक सीमित नहीं है, बल्कि सुरक्षा के साथ सुधार, अनुशासन के साथ मानवीयता तथा दंड के साथ पुनर्वास की भावना को सुदृढ़ करना भी हमारा उद्देश्य है।

उन्होंने बताया कि बंदियों को शिक्षा, कौशल विकास, स्वास्थ्य, खेल, रोजगारपरक प्रशिक्षण एवं विभिन्न रचनात्मक गतिविधियों से जोड़कर उन्हें समाज की मुख्यधारा में पुनः स्थापित करने के निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। हमारा लक्ष्य है कि कारागार से बाहर निकलने वाला प्रत्येक व्यक्ति एक जिम्मेदार नागरिक के रूप में समाज में सकारात्मक योगदान दे।

इस अवसर पर महानिदेशक कारागार द्वारा कारागार विभाग में उत्कृष्ट एवं सराहनीय योगदान के लिए अधीनस्थ अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रशंसा चिन्ह-हीरक, प्रशंसा चिन्ह-स्वर्ण एवं प्रशंसा चिन्ह-रजत प्रदान कर सम्मानित किया गया। इसके अतिरिक्त कारागारों में सुधारात्मक एवं पुनर्वास संबंधी कार्यों में उल्लेखनीय सहयोग प्रदान करने वाली स्वयंसेवी संस्थाओं को उनके योगदान के लिए प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

अंत में महानिदेशक कारागार ने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों के कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन एवं समर्पण की सराहना करते हुए सुरक्षित, संवेदनशील, आधुनिक एवं सुधारोन्मुख कारागार व्यवस्था के निर्माण तथा विकसित उत्तर प्रदेश एवं विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here