कानपुर में 28 अगस्त से यूपी टी-20 लीग, 49 रुपये में छात्राएं देखेंगी मुकाबले

0
26

कानपुर। यूपी टी-20 लीग सीजन-4 के अगले चरण और प्लेऑफ मुकाबलों के लिए कानपुर का ऐतिहासिक ग्रीनपार्क स्टेडियम तैयार है। 28 अगस्त से 6 सितंबर तक ग्रीनपार्क में लीग और प्लेऑफ के कुल 12 मुकाबले खेले जाएंगे। क्रिकेट प्रेमियों को स्टेडियम तक लाने के लिए टिकट दरें किफायती रखी गई हैं।

छात्राओं के लिए विशेष तौर पर महज 49 रुपये में टिकट उपलब्ध कराया जाएगा। दर्शकों के लिए कैच ऑफ द मैच, फैन ऑफ द मैच और मेगा लकी ड्रॉ समेत कई आकर्षक पुरस्कार भी रखे गए हैं।

यूपी टी-20 लीग गवर्निंग काउंसिल के चेयरमैन डॉ. संजय कपूर ने शुक्रवार को आयोजित प्रेस वार्ता में कानपुर चरण से जुड़ी तैयारियों, टिकट दरों और दर्शकों के लिए किए गए विशेष इंतजामों की जानकारी दी।

डॉ. संजय कपूर ने बताया कि अधिक से अधिक क्रिकेट प्रेमियों को स्टेडियम तक लाने के उद्देश्य से टिकट की कीमतें किफायती रखी गई हैं। छात्राओं के लिए बी गर्ल स्टैंड का टिकट सिर्फ 49 रुपये निर्धारित किया गया है। यह टिकट केवल ऑफलाइन उपलब्ध होगा। इसके अलावा बी जनरल, सी स्टॉल और ई पब्लिक स्टैंड के टिकट 99 रुपये में मिलेंगे।

सी बालकनी के टिकट की कीमत 149 रुपये, ए ग्राउंड पवेलियन और पवेलियन ग्राउंड के टिकट 199 रुपये तथा डी चेयर के टिकट 249 रुपये निर्धारित किए गए हैं।

वहीं न्यू प्लेयर्स पवेलियन (सेकेंड फ्लोर), ए बालकनी, पवेलियन बालकनी और वीआईपी पवेलियन के टिकट 349 रुपये में उपलब्ध होंगे। ऑनलाइन टिकटों की बिक्री शुक्रवार शाम से डिस्ट्रिक्ट ऐप के माध्यम से शुरू होगी।

दर्शकों के लिए पुरस्कारों की भी रहेगी धूम

ग्रीनपार्क में मुकाबलों का रोमांच बढ़ाने के लिए दर्शकों के लिए प्रतिदिन करीब 100 पुरस्कारों की व्यवस्था की गई है। स्टैंड में छक्के की गेंद को कैच करने वाले दर्शक को ‘कैच ऑफ द मैच’ के तहत 5,100 रुपये का नकद पुरस्कार दिया जाएगा।

ये भी पढ़ें : साहब युवराज सिंह के 91 रन, काशी रुद्रास की लगातार तीसरी जीत

प्रत्येक मुकाबले में चुने जाने वाले ‘फैन ऑफ द मैच’ को विजेता टीम के कप्तान के हस्ताक्षर वाली क्रिकेट बॉल प्रदान की जाएगी। फाइनल के दिन मेगा लकी ड्रॉ का आयोजन होगा, जिसमें टीवी, फ्रिज और वाशिंग मशीन समेत कई आकर्षक पुरस्कार दिए जाएंगे। इसके अलावा प्रतिदिन 200 सांत्वना पुरस्कार भी दिए जाएंगे।

200 से अधिक देशों में होगा प्रसारण

यूपीसीए के सचिव प्रेम मनोहर गुप्ता ने बताया कि यूपी टी-20 लीग का प्रसारण 200 से अधिक देशों में किया जाएगा। कानपुर चरण में क्रिकेट प्रेमियों को रिंकू सिंह, भुवनेश्वर कुमार, समीर रिजवी, ध्रुव जुरैल और करन शर्मा जैसे स्टार खिलाड़ियों को मैदान पर देखने का मौका मिलेगा।

प्रेस वार्ता में संजय तिवारी, अहमद अली खान तालिब समेत यूपीसीए और यूपी टी-20 लीग से जुड़े अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here