लखनऊ। राजधानी में 22 अगस्त से कराटे खिलाड़ियों का जोरदार मुकाबला देखने को मिलेगा। तृतीय डब्लूएमएसकेएफ ऑल इंडिया कराटे चैंपियनशिप-2026 में देश के विभिन्न राज्यों के खिलाड़ी अलग-अलग आयु और भार वर्गों में अपनी चुनौती पेश करेंगे।
दो दिवसीय चैंपियनशिप का आयोजन वर्ल्ड मॉडर्न शोतोकान कराटे फेडरेशन, इंडिया के तत्वावधान में वर्ल्ड मॉडर्न शोतोकान कराटे फेडरेशन, उत्तर प्रदेश द्वारा 22 और 23 अगस्त, 2026 को लखनऊ स्थित केडी सिंह बाबू स्टेडियम स्थित भारत रत्न श्री अटल बिहारी बाजपेयी बहुउद्देश्यीय हॉल में होगा।
चैंपियनशिप के बारे में जानकारी देते हुए आयोजन समिति के अध्यक्ष जसपाल सिंह व आयोजन सचिव संतोष कुमार ने बताया कि चैंपियनशिप में मेजबान उत्तर प्रदेश सहित पंजाब, गुजरात, गोवा, झारखंड, पश्चिम बंगाल तथा उत्तर प्रदेश की टीमों से करीब 600 खिलाड़ी प्रतिभाग करेंगी जिसमें सबसे बड़ा दल उत्तर प्रदेश का 350 सदस्यीय होगा।
जसपाल सिंह के अनुसार चैंपियनशिप के सफल आयोजन की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई है और पूर्व संध्या पर प्रतिभागी खिलाड़ियों का वजन भी मापा गया। संतोष कुमार ने बताया कि चैंपियनशिप में कुल 140 स्वर्ण, 140 रजत एवं 280 कांस्य पदकों के लिए प्रतिस्पर्धा होगी।
ये भी पढ़ें : मोहलक्षिका सिंह बनीं यूपी की सबसे कम उम्र की कराटे ब्लैक बेल्ट धारक
चैंपियनशिप का आयोजन सब जूनियर, कैडेट, जूनियर व सीनियर आयु वर्ग में होगा। इसमें बालक व बालिकाओ में कुमिते के 110 भार वर्ग व काता की 30 श्रेणियों सहित कुल 140 वर्गो में स्पर्धाएं आयोजित होंगी।
चैंपियनशिप का औपचारिक उद्घाटन 22 अगस्त को दोपहर 2 बजे मुख्य अतिथि टीपी हवेलिया के कर कमलों द्वारा किया जाएगा। उद्घाटन समारोह की अध्यक्षता जसपाल सिंह करेंगे। चैंपियनशिप विश्व कराटे फेडरेशन के जज गोवा के स्टीफन शक्ति तथा एशियाई कराटे फेडरेशन के जज वाराणसी के दिलीप सैनी के दिशा निर्देशन में आयोजित की जाएगी।









