लखनऊ। उत्तर प्रदेश कारागार प्रशासन एवं सुधार सेवाएं की ओर से पुलिस अनुसंधान एवं विकास ब्यूरो (बीपीआरएंडडी), गृह मंत्रालय, भारत सरकार के प्रायोजन में ‘बेस्ट प्रैक्टिसेज इन प्रिजन एडमिनिस्ट्रेशन’ विषय पर तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम सोमवार को कारागार मुख्यालय, लखनऊ में शुरू हुआ।
प्रशिक्षण में उत्तर प्रदेश के साथ मध्य प्रदेश और हरियाणा के कारागार अधिकारी प्रतिभाग कर रहे हैं। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि महानिदेशक कारागार प्रशासन एवं सुधार सेवाएं, उत्तर प्रदेश पीसी मीना रहे।
यूपी समेत तीन राज्यों के कारागार अधिकारी ले रहे हिस्सा
प्रभारी अपर महानिरीक्षक कारागार (प्रशिक्षण) डॉ. रामधनी ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया। इसके बाद महानिदेशक ने दीप प्रज्ज्वलित कर प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
प्रभारी अपर महानिरीक्षक कारागार (प्रशि./वि.) ने बताया कि तीन दिवसीय प्रशिक्षण में विभिन्न विषय विशेषज्ञों और विभागीय प्रवक्ताओं द्वारा कारागार प्रशासन की बेहतर कार्यप्रणालियों, नए प्रयोगों और सुधारात्मक प्रयासों पर व्याख्यान दिए जाएंगे।
विभिन्न राज्यों की बेहतर कार्यप्रणालियों पर होगा मंथन
विभिन्न राज्यों में किए जा रहे अच्छे कार्यों और उनके अनुभवों को भी प्रतिभागियों के साथ साझा किया जाएगा। प्रशिक्षण के दौरान उत्तर प्रदेश, तेलंगाना, पंजाब, मध्य प्रदेश और राजस्थान में कारागार प्रशासन के क्षेत्र में अपनाई जा रही बेहतर कार्यप्रणालियों और नवाचारों की जानकारी दी जाएगी।
इसके माध्यम से अधिकारियों को अलग-अलग राज्यों में किए जा रहे सफल प्रयोगों और उनके प्रभावों को समझने का अवसर मिलेगा। अपने संबोधन में महानिदेशक कारागार पीसी मीना ने कहा कि कारागार प्रशासन में सुरक्षा के साथ-साथ सुधार और पुनर्वास पर भी विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए।
सुरक्षा के साथ सुधार और पुनर्वास पर जोर
उन्होंने विभिन्न राज्यों में किए जा रहे अच्छे कार्यों और सफल प्रयोगों से सीखने तथा स्थानीय आवश्यकताओं के अनुरूप उन्हें अपनाने पर जोर दिया।
उन्होंने कहा कि ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम अधिकारियों को एक-दूसरे के अनुभव साझा करने और कारागार प्रशासन को और बेहतर बनाने के लिए नए विचारों पर काम करने का अवसर प्रदान करते हैं।
तीन दिनों के दौरान विभिन्न विषयों पर व्याख्यान, अनुभवों का आदान-प्रदान और बेहतर कार्यप्रणालियों को अपनाने के तरीकों पर चर्चा होगी। कार्यक्रम में अपर महानिरीक्षक कारागार प्रशासन धर्मेन्द्र सिंह, पुलिस उप महानिरीक्षक कारागार प्रदीप गुप्ता, सुभाष चन्द्र शाक्य, उप महानिरीक्षक कारागार पीएन पाण्डेय सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
ये भी पढ़ें : कारागार मुख्यालय में सत्य, अहिंसा और सुधार की कार्यसंस्कृति अपनाने पर जोर











