दीपावली पर सुरक्षा, यूपी-112 अलर्ट, जिला नोडल अधिकारियों को दिए निर्देश

0
41

लखनऊ। आगामी दीपावली पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए यूपी-112 मुख्यालय ने प्रदेशभर में आपातकालीन सेवाओं को लेकर सतर्कता बढ़ा दी है।

इसी क्रम में पुलिस महानिदेशक यूपी-112 बिनोद कुमार सिंह ने बुधवार को मुख्यालय से प्रदेश के सभी जनपदों के यूपी-112 नोडल अधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

हॉटस्पॉट चिह्नित कर संवेदनशील मार्गों पर तैनात होंगे पीआरवी वाहन

बैठक में दीपावली के दौरान संभावित भीड़भाड़ और संवेदनशील स्थानों को ध्यान में रखते हुए हॉटस्पॉट चिह्नित करने पर विशेष जोर दिया गया।

अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि पूर्व में हुई घटनाओं और आयोजनों का विश्लेषण कर थाना क्षेत्रवार संवेदनशील स्थानों की पहचान की जाए। ऐसे मार्गों पर यूपी-112 के पीआरवी वाहनों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। इसके साथ ही संशोधित रूट चार्ट 5 नवंबर तक मुख्यालय को भेजने के निर्देश दिए गए।

पुलिस महानिदेशक ने स्पष्ट किया कि जनशक्ति की कमी अथवा तकनीकी खराबी के कारण कोई भी पीआरवी वाहन गैर-संचालित स्थिति में नहीं रहना चाहिए। सभी जनपदों में पीआरवी वाहनों की शत-प्रतिशत उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए, ताकि आपात स्थिति में लोगों को तत्काल सहायता मिल सके।

5 नवंबर तक मुख्यालय को भेजना होगा संशोधित रूट चार्ट

बैठक में संचार व्यवस्था और इवेंट मॉनिटरिंग को प्रभावी बनाने पर भी चर्चा हुई। आरओआईपी पर तैनात कर्मियों की शत-प्रतिशत उपस्थिति, पीआरवी कर्मियों की नियमित ब्रीफिंग और वाहनों की चेकिंग सुनिश्चित करने को कहा गया।

इसके अलावा 16 अक्टूबर 2026 को जारी संशोधित मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए गए।

वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के दौरान डीजी यूपी-112 ने जनपदों के नोडल अधिकारियों की समस्याएं भी सुनीं और उनके समाधान का आश्वासन दिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि दीपावली के दौरान प्रदेशवासियों को त्वरित, निर्बाध और प्रभावी आपातकालीन सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए पूरी सतर्कता और तत्परता के साथ कार्य करें।

ये भी पढ़ें : फसल विविधीकरण और प्राकृतिक खेती से बढ़ाएं आमदनी : शिवराज चौहान

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here