उत्तर प्रदेश की मानसी सिंह ने दिग्गजों को पछाड़ जीता महिला एकल का ताज

0
45

लखनऊ। उत्तर प्रदेश की प्रतिभाशाली शटलर मानसी सिंह ने योनेक्स-सनराइज ऑल इंडिया सीनियर रैंकिंग बैडमिंटन टूर्नामेंट-2026 में महिला एकल की विजेता ट्रॉफी अपने नाम कर प्रदेश का नाम रोशन किया।

गत 7 से 14 जुलाई तक कोचीन (केरल) में आयोजित इस टूर्नामेंट में मानसी ने कई शीर्ष खिलाड़ियों के खिलाफ बेहतरीन तकनीक, सटीक रणनीति और शानदार आत्मविश्वास का परिचय दिया।

योनेक्स-सनराइज ऑल इंडिया सीनियर रैंकिंग बैडमिंटन टूर्नामेंट-2026

मानसी ने महिला एकल फाइनल में गुजरात की श्रेया लेले को तीन गेम तक चले रोमांचक मुकाबले में 15-13, 14-16, 16-14 से हराया।

यह मैच काफी रोमांचक रहा जिसमें मानसी ने पहला गेम जीतने के बाद दूसरा गेम गंवा दिया। फिर मानसी ने दबाव के क्षणों में संयम बनाए रखा और निर्णायक तीसरे गेम में अपनी रणनीतिक समझ तथा मानसिक दृढ़ता के दम पर जीत दर्ज की।

मानसी का यह खिताब उनके कॅरियर का एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर है। मानसी की इस उपलब्धि पर उत्तर प्रदेश बैडमिंटन एसोसिएशन ने खुशी जताई।

ये भी पढ़ें : दक्षिण एशियाई कराटे चैंपियनशिप : लखनऊ के छह खिलाड़ी भारतीय टीम में

मानसी की इस उपलब्धि पर उत्तर प्रदेश बैडमिंटन एसोसिएशन ने खुशी जताई। मानसी को उत्तर प्रदेश बैडमिंटन एसोसिएशन के चेयरमैन डॉ. नवनीत सहगल, अध्यक्ष विराज सागर दास और सचिव डॉ. सुधर्मा सिंह ने बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

चेयरमैन डॉ. नवनीत सहगल ने कहा कि मानसी सिंह की यह उपलब्धि उत्तर प्रदेश बैडमिंटन के लिए बेहद गौरवपूर्ण क्षण है। उनकी सफलता प्रदेश के युवा खिलाड़ियों को बड़े सपने देखने और उन्हें हासिल करने की प्रेरणा देगी।

अध्यक्ष विराज सागर दास ने कहा कि मानसी ने पूरे टूर्नामेंट में जिस आत्मविश्वास और जुझारूपन का प्रदर्शन किया, वह सराहनीय है। हमें विश्वास है कि वह आने वाले समय में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी भारत और उत्तर प्रदेश का गौरव बढ़ाएंगी।

सचिव डॉ. सुधर्मा सिंह ने कहा कि मानसी सिंह की यह जीत उनकी कड़ी मेहनत, अनुशासन और समर्पण का परिणाम है। हमें पूरा भरोसा है कि वह भविष्य में भी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में प्रदेश और देश के लिए कई और उपलब्धियां हासिल करेंगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here