लखनऊ। विश्व प्लास्टिक सर्जरी दिवस के अवसर पर सरोजनीनगर के विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने बुधवार को लखनऊ गोल्फ क्लब में एसजीपीजीआईएमएस के प्लास्टिक सर्जरी एवं बर्न्स विभाग द्वारा आयोजित बर्न अवेयरनेस वॉकाथॉन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इस अवसर पर उन्होंने जलने की घटनाओं की रोकथाम, सही प्राथमिक उपचार तथा पुनर्निर्माण (रिकंस्ट्रक्टिव) प्लास्टिक सर्जरी के महत्व के प्रति व्यापक जनजागरूकता फैलाने का आह्वान किया।
विश्व प्लास्टिक सर्जरी दिवस: डॉ. राजेश्वर सिंह ने बर्न अवेयरनेस वॉकाथॉन को दिखाई हरी झंडी
डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा कि प्लास्टिक सर्जरी को केवल सौंदर्य बढ़ाने वाली चिकित्सा पद्धति के रूप में नहीं देखा जाना चाहिए। यह एसिड अटैक पीड़ितों, अग्निकांड और सड़क दुर्घटनाओं में घायल लोगों, जन्मजात विकृतियों से पीड़ित बच्चों तथा कैंसर व गंभीर चोटों के मरीजों को नया जीवन, आत्मविश्वास और सम्मान प्रदान करती है।
उन्होंने अपने पुलिस सेवा काल की एक एसिड अटैक की घटना का उल्लेख करते हुए कहा, “हमने अपराधी को गिरफ्तार कर पीड़िता को न्याय दिलाया,
लेकिन प्लास्टिक सर्जनों ने उसका चेहरा, आत्मविश्वास और जीवन दोबारा संवार दिया। तभी से इस चिकित्सा शाखा के प्रति मेरे मन में गहरा सम्मान है।” उन्होंने कहा कि प्लास्टिक सर्जन केवल घावों का उपचार नहीं करते, बल्कि लोगों की मुस्कान और आत्मविश्वास भी लौटाते हैं।
जलने पर क्या करें, क्या न करें
डॉ. सिंह ने बताया कि विश्वभर में हर वर्ष लगभग 1.8 लाख लोगों की मौत जलने की घटनाओं के कारण होती है। उन्होंने लोगों से अपील की कि जलने की स्थिति में घाव को लगभग 20 मिनट तक साफ बहते पानी से ठंडा करें।
टूथपेस्ट, घी, मक्खन, बर्फ या अन्य घरेलू नुस्खे लगाने से बचें तथा प्रभावित हिस्से को साफ कपड़े से ढककर तुरंत अस्पताल पहुंचें। उन्होंने कहा कि समय पर दिया गया सही प्राथमिक उपचार गंभीर नुकसान को काफी हद तक कम कर सकता है।
भारत से शुरू हुई थी विश्व प्लास्टिक सर्जरी दिवस की पहल
डॉ. राजेश्वर सिंह ने बताया कि विश्व प्लास्टिक सर्जरी दिवस की शुरुआत भारत से हुई थी। वर्ष 2011 में इसे ‘नेशनल प्लास्टिक एंड रिकंस्ट्रक्टिव सर्जरी डे’ के रूप में मनाया जाना शुरू हुआ, जिसे वर्ष 2021 में वैश्विक अभियान का स्वरूप मिला।
चिकित्सकों के प्रयासों की सराहना
उन्होंने एसजीपीजीआईएमएस के प्लास्टिक सर्जरी एवं बर्न्स विभागाध्यक्ष डॉ. राजीव अग्रवाल और उनकी पूरी टीम को जनजागरूकता अभियान तथा मरीजों के प्रति समर्पित सेवाओं के लिए बधाई दी।
साथ ही केजीएमयू के ट्रांसफ्यूजन मेडिसिन विभागाध्यक्ष प्रो. तुलिका चंद्रा की उपस्थिति का स्वागत करते हुए ट्रॉमा केयर और प्लास्टिक सर्जरी में रक्तदान एवं ट्रांसफ्यूजन मेडिसिन की महत्वपूर्ण भूमिका पर भी प्रकाश डाला। डॉ. सिंह ने लखनऊ गोल्फ क्लब के सचिव रजनीश सेठी का आयोजन में सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।
ये भी पढ़ें : लखनऊ–कानपुर एक्सप्रेसवे का लोकार्पण, सरोजनीनगर के विकास को मिलेगी नई रफ्तार
कार्यक्रम में विजय शर्मा, हरीश सिद्धार्थ, करण जी, चिकित्सक, रेजिडेंट डॉक्टर, गोल्फर, मीडिया प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे। समापन पर डॉ. राजेश्वर सिंह ने सभी से ‘बर्न अवेयरनेस एम्बेसडर’ बनने का आह्वान करते हुए कहा, “जलने पर ठंडा पानी डालें, जीवन बचाएं। जलन रोकें, जीवन बचाएं और मुस्कान लौटाएं।”











