मुंबई सिटी एफसी की नजर जीत पर, स्पोर्टिंग क्लब दिल्ली से होगी भिड़ंत

0
46

मुंबई : मुंबई सिटी एफसी रविवार, 8 मार्च को मुंबई फुटबॉल एरेना में इंडियन सुपर लीग 2025-26 के मुकाबले में स्पोर्टिंग क्लब दिल्ली का सामना करेगी। मैच भारतीय समयानुसार शाम 7:30 बजे शुरू होगा। इस मुकाबले का लाइव स्ट्रीमिंग फैनकोड पर होगा, जबकि टीवी पर इसका प्रसारण सोनी स्पोर्ट्स टेन 2 पर किया जाएगा।

मुंबई सिटी एफसी फिलहाल सात अंकों के साथ अंक तालिका में चौथे स्थान पर है। अपने पिछले मुकाबले में टीम ने नॉर्थईस्ट यूनाइटेड एफसी के खिलाफ 1-1 से ड्रॉ खेला था। इस सीजन अबतक अजेय रही मुंबई सिटी अपने घरेलू मैदान के मजबूत रिकॉर्ड का फायदा उठाकर फिर से जीत की राह पर लौटना और तालिका में ऊपर चढ़ना चाहेगी।

इंडियन सुपर लीग

टीम की लय और निरंतरता बनाए रखने के महत्व पर बात करते हुए मुख्य कोच पीटर क्रात्की ने कहा, “हमारा सबसे बड़ा लक्ष्य तीन अंक हासिल करना है, लेकिन हम इसे अपने खेल के अंदाज़ को बनाए रखते हुए हासिल करना चाहते हैं। टीम लगातार बेहतर हो रही है और हम इसी लय को बरकरार रखना चाहते हैं।

स्पोर्टिंग क्लब दिल्ली ऊर्जा से भरपूर टीम है, इसलिए हमें पूरी एकाग्रता और अनुशासन के साथ खेलना होगा और ट्रांजिशन पर खास ध्यान देना होगा।” मुंबई सिटी के डिफेंडर साहिल पंवार ने कहा, “यह सिर्फ मेरे व्यक्तिगत प्रदर्शन की बात नहीं है। यह इस बात पर निर्भर करता है कि हम एक टीम के रूप में कैसा प्रदर्शन करते हैं।

हमारा ध्यान क्लीन शीट बनाए रखने पर है।” दूसरी ओर, स्पोर्टिंग क्लब दिल्ली इस मुकाबले में सीजन की पहली जीत की तलाश में उतरेगी।

Photo: Shibu Preman / Focus Sports / ISL

नए नाम से खेलने वाली यह टीम फिलहाल तीन मैचों के बाद बिना किसी अंक के तालिका में सबसे नीचे है। पिछले अवे मुकाबले में टीम ने मजबूत डिफेंस का प्रदर्शन किया, लेकिन एफसी गोवा के खिलाफ उसे 0-1 से करीबी हार झेलनी पड़ी।

दोनों टीमों के बीच अब तक कुल 22 मुकाबले खेले गए हैं। इनमें स्पोर्टिंग क्लब दिल्ली (जिसमें पहले हैदराबाद एफसी और एफसी पुणे सिटी के नाम से खेलने वाली फ्रेंचाइजी भी शामिल है) ने आठ जीत दर्ज की हैं, जबकि मुंबई सिटी के खाते में सात जीत हैं और सात मैच ड्रॉ रहे हैं।

गोल के आंकड़ों में हालांकि मुंबई सिटी थोड़ी आगे है, जिसने 27 गोल किए हैं, जबकि दिल्ली की टीम ने 24 गोल किए हैं। दोनों टीमों के बीच फरवरी 2025 में खेला गया पिछला मुकाबला ड्रॉ रहा था। स्पोर्टिंग क्लब दिल्ली के मुख्य कोच टोमाश तखोर्ज़ ने इस मुकाबले को अपनी टीम के लिए अहम बताया।

उन्होंने कहा, “मुंबई में पूर्व चैंपियन के खिलाफ खेलना बड़ी चुनौती है। यह एक शानदार क्लब है, जिसकी समृद्ध परंपरा और मजबूत टीम है। हम मैच में कड़ी टक्कर देने की पूरी कोशिश करेंगे। सकारात्मक नतीजा हासिल करने के लिए हमें अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना होगा।”

उन्होंने आगे कहा, “हम एक नई टीम हैं और आपसी तालमेल बनाने में समय लगता है। साथ ही हमें लगातार अवे मैच खेलने पड़ रहे हैं। खिलाड़ी  ट्रेनिंग में कड़ी मेहनत कर रहे हैं और मैदान पर भी पूरा प्रयास कर रहे हैं। हमें उम्मीद है कि हमारी मेहनत जल्द ही नतीजों में दिखाई देगी।”

स्पोर्टिंग क्लब दिल्ली के डिफेंडर लैम गुलेन ने कहा, “जब क्लब आप पर इतना भरोसा जताता है तो जिम्मेदारी और बढ़ जाती है। कप्तान होने के नाते मेरी जिम्मेदारी और भी ज्यादा है। मैं टीम की मदद करना चाहता हूं, अपने साथियों का समर्थन करना चाहता हूं और हर दिन अपना सर्वश्रेष्ठ देना चाहता हूं।”

मुंबई सिटी अपने घरेलू दर्शकों के सामने खेल की गति पर नियंत्रण रखते हुए मैच पर पकड़ बनाना चाहेगी, जबकि स्पोर्टिंग क्लब दिल्ली सघन डिफेंस के साथ मौके मिलते ही जवाबी हमलों से फायदा उठाने की कोशिश करेगी। तीन अहम अंकों के लिए दोनों टीमों के बीच दिलचस्प मुकाबले की उम्मीद है।

ये भी पढ़ें : 10 खिलाड़ियों संग उतरी जमशेदपुर एफसी ने इंटर काशी एफसी को हराया

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here