वीर शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि, युवाओं ने जाना शौर्य व बलिदान का इतिहास

0
58

कारगिल विजय दिवस की पूर्व संध्या पर लखनऊ। कारगिल विजय दिवस की पूर्व संध्या पर लखनऊ छावनी स्थित स्मृतिका वॉर मेमोरियल देशभक्ति और राष्ट्रभक्ति के रंग में रंग गया।

इस अवसर पर शहर के विभिन्न संस्थानों एवं डिफेंस फोर्सेज़ की तैयारी कर रहे लगभग 250 युवाओं ने कारगिल युद्ध में मातृभूमि की रक्षा करते हुए सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर सैनिकों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की तथा उनके अदम्य साहस और शौर्य को नमन किया।

कार्यक्रम के दौरान युवाओं ने स्मृतििका वॉर मेमोरियल परिसर का भ्रमण किया और भारतीय सशस्त्र बलों के गौरवशाली इतिहास, युद्ध परंपराओं तथा वीरता से जुड़े विभिन्न प्रदर्शनों को करीब से देखा।

इस दौरान आयोजित आकर्षक ‘लाइट एंड साउंड शो’ ने उपस्थित सभी लोगों को कारगिल युद्ध के उन ऐतिहासिक पलों से रूबरू कराया, जब भारतीय सैनिकों ने विषम परिस्थितियों में भी अदम्य साहस, अद्वितीय पराक्रम और सर्वोच्च बलिदान का परिचय देते हुए दुश्मन को परास्त कर तिरंगे की आन-बान-शान को कायम रखा।

कार्यक्रम का सबसे आकर्षक केंद्र युद्धक्षेत्र की वास्तविक परिस्थितियों पर आधारित बंकर अनुभव रहा। यहां युवाओं को सैनिकों द्वारा सीमाओं पर इस्तेमाल किए जाने वाले बंकरों का प्रत्यक्ष अनुभव कराया गया।

दुर्गम पहाड़ी इलाकों, प्रतिकूल मौसम, सीमित संसाधनों और लगातार बने रहने वाले खतरे के बीच सैनिक किस प्रकार अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हैं, इसकी जानकारी मिलने पर युवा काफी भावुक और प्रेरित नजर आए। इस अनुभव ने उन्हें सैनिकों के अनुशासन, समर्पण, धैर्य और राष्ट्र सेवा की भावना को और अधिक गहराई से समझने का अवसर दिया।

कार्यक्रम के दौरान युवाओं को भारतीय सेना की कार्यप्रणाली, सैन्य जीवन की चुनौतियों और सशस्त्र बलों में उपलब्ध करियर के अवसरों के बारे में भी जानकारी दी गई।

रक्षा सेवाओं में जाने की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों ने इस पहल को प्रेरणादायी बताते हुए कहा कि कारगिल के वीरों के बलिदान की गाथा को करीब से जानने का यह अवसर उनके लिए गर्व और प्रेरणा का स्रोत है।

कारगिल विजय दिवस की पूर्व संध्या पर आयोजित यह कार्यक्रम केवल शहीदों को श्रद्धांजलि तक सीमित नहीं रहा, बल्कि युवाओं के मन में राष्ट्रप्रेम, कर्तव्यनिष्ठा और देश सेवा का संकल्प भी मजबूत करने का माध्यम बना।

पूरे आयोजन के दौरान देशभक्ति का माहौल बना रहा और उपस्थित युवाओं ने वीर सैनिकों के बलिदान को सदैव स्मरण रखने तथा राष्ट्र की एकता, अखंडता और सुरक्षा के लिए अपना योगदान देने का संकल्प लिया।

ये भी पढ़ें : मेडिकल ऑफिसर्स बेसिक कोर्स में 127 ने लिया विशेष सैन्य चिकित्सा प्रशिक्षण

ये भी पढ़ें: डीजीएएफएमएस आरती सरीन ने किया 7 एयर फ़ोर्स हॉस्पिटल का निरीक्षण

ये भी पढ़ें : यूएचक्यू कोटे के तहत जाट रेजिमेंटल सेंटर बरेली में होगी अग्निवीर भर्ती रैली

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here