मेडिकल ऑफिसर्स बेसिक कोर्स में 127 ने लिया विशेष सैन्य चिकित्सा प्रशिक्षण

0
58

लखनऊ। आर्मी मेडिकल कोर सेंटर एवं कॉलेज (एएमसी सेंटर एंड कॉलेज), लखनऊ स्थित ऑफिसर्स ट्रेनिंग कॉलेज (ओटीसी) में मेडिकल ऑफिसर्स बेसिक कोर्स (एमओबीसी)-258 का शनिवार को सैन्य परंपराओं के अनुरूप आयोजित भव्य कोर्स समापन परेड के साथ समापन हो गया।

आठ जून से 25 जुलाई 2026 तक सात सप्ताह तक चले इस प्रशिक्षण पाठ्यक्रम का आयोजन ओटीसी के कमांडेंट एवं मुख्य प्रशिक्षक मेजर जनरल अनुज चावला के मार्गदर्शन में किया गया।

कोर्स का उद्देश्य सशस्त्र बलों के नव नियुक्त मेडिकल एवं डेंटल अधिकारियों को युद्धकालीन चिकित्सा सहायता, सैन्य नेतृत्व और फील्ड परिस्थितियों में प्रभावी सेवा के लिए तैयार करना था।

इस बार के पाठ्यक्रम में थल सेना, नौसेना और वायु सेना की 37 महिला अधिकारियों सहित कुल 127 अधिकारियों ने प्रशिक्षण प्राप्त किया। इनमें मित्र देशों के पांच अधिकारी भी शामिल रहे, जिससे पाठ्यक्रम को अंतरराष्ट्रीय आयाम भी मिला।

प्रशिक्षण के दौरान अधिकारियों को युद्धक्षेत्र में चिकित्सा सहायता से जुड़े विभिन्न पहलुओं का व्यावहारिक एवं सैद्धांतिक प्रशिक्षण दिया गया। उन्होंने एडवांस ट्रॉमा लाइफ सपोर्ट (एटीएलएस) प्रोवाइडर कोर्स भी पूरा किया तथा आधुनिक युद्धों में उपयोग हो रही नवीनतम तकनीकों और चिकित्सा प्रणालियों की जानकारी प्राप्त की।

कोर्स समापन परेड की समीक्षा आर्मी मेडिकल कोर सेंटर एवं कॉलेज, लखनऊ के कार्यवाहक कमांडेंट एवं प्रभारी रिकॉर्ड्स मेजर जनरल कंवरजीत सिंह ने की।

उन्होंने परेड की उत्कृष्ट प्रस्तुति और अनुशासन की सराहना करते हुए युवा अधिकारियों से सशस्त्र बल चिकित्सा सेवाओं की गौरवशाली परंपराओं को बनाए रखने तथा उच्चतम व्यावसायिक दक्षता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का आह्वान किया।

उन्होंने अधिकारियों को प्रशिक्षण के दौरान अर्जित ज्ञान और कौशल को निरंतर अद्यतन करते रहने की सलाह देते हुए कहा कि सशस्त्र बल उन्हें उत्कृष्ट पेशेवर विकास के अनेक अवसर प्रदान करते हैं।

उन्होंने अधिकारियों से युद्धक्षेत्र और शांतिकाल, दोनों परिस्थितियों में सैनिकों को गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सेवा उपलब्ध कराने के प्रति समर्पित रहने का भी आह्वान किया।

पाठ्यक्रम के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कैप्टन शिवम अग्रवाल को कमांडेंट रोलिंग ट्रॉफी प्रदान कर सर्वश्रेष्ठ सर्वांगीण अधिकारी घोषित किया गया। वहीं फील्ड स्पर्धाओं में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के लिए कैप्टन साहिल ठाकुर को मेजर लैशराम ज्योतिन सिंह अशोक चक्र मेमोरियल ट्रॉफी से सम्मानित किया गया।

समापन परेड के दौरान 200 से अधिक अभिभावकों एवं अधिकारियों के परिजनों के अलावा सशस्त्र बल चिकित्सा सेवाओं के अनेक वरिष्ठ अधिकारियों ने उपस्थित रहकर युवा अधिकारियों का उत्साहवर्धन किया।

ये भी पढ़ें: डीजीएएफएमएस आरती सरीन ने किया 7 एयर फ़ोर्स हॉस्पिटल का निरीक्षण

ये भी पढ़ें : 125 एनसीओ ने पूरी की ट्रेनिंग, एएमसी सेंटर में हुई समापन परेड

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here