लखनऊ। सीएसआईआर-केंद्रीय औषधि अनुसंधान संस्थान (सीएसआईआर-सीडीआरआई), लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक प्रो. कोनेनी वी. शशीधरा को रसायन विज्ञान के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए रॉयल सोसाइटी ऑफ केमिस्ट्री (आरएससी), यूनाइटेड किंगडम के फेलो के रूप में निर्वाचित किया गया है।
औषधीय रसायन विज्ञान और नई दवाओं की खोज में योगदान के लिए मिला अंतरराष्ट्रीय सम्मान
औषधीय रसायन विज्ञान और नई दवाओं की खोज के क्षेत्र में उनके निरंतर शोध कार्यों को इस सम्मान का आधार बनाया गया है। प्रो. शशीधरा सीएसआईआर-सीडीआरआई में वैज्ञानिक-जी होने के साथ एकेडमी ऑफ साइंटिफिक एंड इनोवेटिव रिसर्च (AcSIR) में प्रोफेसर और संस्थान के मेडिसिनल एंड प्रोसेस केमिस्ट्री प्रभाग के प्रमुख हैं।
25 वर्षों से अधिक का अनुसंधान अनुभव
प्रो. शशीधरा को औषधीय रसायन विज्ञान, प्राकृतिक उत्पादों पर आधारित औषधि खोज और अनुसंधान के अनुप्रयोगात्मक विकास के क्षेत्र में 25 वर्षों से अधिक का अनुभव है। उनके 155 से अधिक शोध-पत्र प्रकाशित हो चुके हैं और वे 20 पेटेंटों के आविष्कारक हैं।
उनका अनुसंधान चयापचय संबंधी विकारों, संक्रामक रोगों और कैंसर जैसी गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं के लिए संभावित उपचार विकसित करने पर केंद्रित है।
उनके शोध में प्राकृतिक उत्पादों से प्रेरित जैव-सक्रिय अणुओं के साथ कृत्रिम रूप से संश्लेषित यौगिकों की खोज और विकास पर विशेष ध्यान दिया जाता है। उनका कार्य औषधि खोज की प्रक्रिया को आगे बढ़ाने के साथ रसायन विज्ञान और जैव-चिकित्सा अनुसंधान के बीच समन्वय मजबूत करने में भी योगदान देता है।
वैज्ञानिक उत्कृष्टता और नवाचार को मिली पहचान
प्रो. शशीधरा की इस उपलब्धि पर सीएसआईआर-सीडीआरआई की निदेशक प्रो. राधा रंगराजन ने उन्हें बधाई दी और औषधीय रसायन विज्ञान तथा औषधि खोज के क्षेत्र में उनके वैज्ञानिक योगदान एवं प्रतिबद्धता की सराहना की।
उन्होंने कहा कि यह अंतरराष्ट्रीय सम्मान प्रो. शशीधरा के अनुसंधान की उत्कृष्टता को दर्शाता है। साथ ही, मानव स्वास्थ्य से जुड़ी अधूरी चिकित्सा आवश्यकताओं के समाधान के लिए उच्चस्तरीय, नवोन्मेषी और बहुविषयक अनुसंधान को बढ़ावा देने की संस्थान की प्रतिबद्धता को भी सुदृढ़ करता है।
रसायन विज्ञान के क्षेत्र में प्रतिष्ठित फेलोशिप
रॉयल सोसाइटी ऑफ केमिस्ट्री की फेलोशिप रसायन विज्ञान के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले विशेषज्ञों को प्रदान की जाने वाली प्रतिष्ठित व्यावसायिक मान्यता है। प्रो. शशीधरा का इस फेलोशिप के लिए निर्वाचन उनके वैज्ञानिक करियर की महत्वपूर्ण उपलब्धि है।
यह सम्मान औषधीय रसायन विज्ञान, नई दवाओं की खोज और संभावित उपचारों के विकास में सीएसआईआर-सीडीआरआई के अनुसंधान कार्यों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने की दिशा में भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
ये भी पढ़ें : सीडीआरआई में रक्तदान शिविर, 32 यूनिट रक्तदान और 102 ने लिया संकल्प













