लखनऊ। बक्शी का तालाब (बीकेटी) इंटर कॉलेज ने जिला जूनियर खो-खो प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए बालक और बालिका, दोनों वर्गों के खिताब अपने नाम किए। लखनऊ जिला खो-खो एसोसिएशन की ओर से केडी सिंह बाबू स्टेडियम में आयोजित प्रतियोगिता में बीकेटी के खिलाड़ियों ने दमदार खेल दिखाया।
बालक वर्ग में बीकेटी इंटर कॉलेज ने अपने सभी लीग मुकाबले जीतकर पहला स्थान हासिल किया। सेंट जेवियर्स इंटर कॉलेज दूसरे, सेंट्रल अकादमी तीसरे और सेठ एमआर जयपुरिया इंटर कॉलेज चौथे स्थान पर रहा।
बालिका वर्ग के फाइनल में बीकेटी इंटर कॉलेज ने सेंट जेवियर्स इंटर कॉलेज को 14 अंकों से हराकर खिताब जीता। सेमीफाइनल में सेंट जेवियर्स ने चिल्ड्रन अकादमी को हराया, जबकि बीकेटी इंटर कॉलेज ने भी अपने मुकाबले में जीत दर्ज कर फाइनल में जगह बनाई।
मुकेश और अंशिका बने सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी
प्रतियोगिता के बालक वर्ग में बीकेटी इंटर कॉलेज के मुकेश को सर्वश्रेष्ठ चेजर और इसी विद्यालय के अर्पित को सर्वश्रेष्ठ ऑलराउंडर चुना गया।
बालिका वर्ग में सेंट जेवियर्स इंटर कॉलेज की अंशिका को सर्वश्रेष्ठ धावक का पुरस्कार मिला। बीकेटी इंटर कॉलेज की कामिनी सर्वश्रेष्ठ चेजर और राखी विश्वकर्मा सर्वश्रेष्ठ ऑलराउंडर चुनी गईं।
समापन समारोह में बप्पा श्री नारायण वोकेशनल गर्ल्स इंटर कॉलेज की प्रधानाचार्य कीर्ति वर्मा ने खिलाड़ियों को पुरस्कार प्रदान किए। इस अवसर पर फेंसिंग एसोसिएशन उत्तर प्रदेश के महासचिव यूजीन पाल भी मौजूद रहे।
ये भी पढ़ें : खो-खो : बीकेटी इंटर कालेज और एमआर जयपुरिया बालिका सेमीफाइनल में













