लखनऊ/बरेली। यूनिट हेडक्वार्टर (यूएचक्यू) कोटे के तहत अग्निवीर सामान्य ड्यूटी, अग्निवीर ट्रेड्समेन, अग्निवीर खिलाड़ी (वे अभ्यर्थी जिन्होंने जाट रेजिमेंटल सेंटर में आयोजित स्पोर्ट्स ट्रायल में भाग लिया था) तथा अग्निवीर लिपिक पदों के लिए भर्ती रैली 6 अगस्त से 13 अगस्त 2026 तक जाट रेजिमेंटल सेंटर (जेआरसी), बरेली में आयोजित की जाएगी।
यह भर्ती रैली युद्ध विधवाओं के पुत्रों, जाट रेजिमेंट के सेवारत एवं भूतपूर्व सैनिकों के पुत्रों और सगे भाइयों, युद्ध में शहीद एवं घायल सैनिकों के पुत्रों के लिए आयोजित की जा रही है।
इसके अलावा अन्य रेजिमेंटों के सेवारत एवं भूतपूर्व सैनिकों के पुत्र, भाई तथा विधिक रूप से गोद लिए गए बच्चे भी पात्र होंगे। स्पोर्ट्स ट्रायल में चयनित उत्कृष्ट खिलाड़ी भी भर्ती रैली में भाग ले सकेंगे।
ये भी पढ़ें: 38 वर्षों की सैन्य सेवा को सलाम, लेफ्टिनेंट जनरल शिविंदर सिंह सेवानिवृत्त
अभ्यर्थियों को सभी आवश्यक प्रमाण-पत्रों एवं दस्तावेजों के साथ सुबह 4 बजे तक जाट रेजिमेंटल सेंटर के जाट गेट पर पहुंचना अनिवार्य होगा। सुबह 7 बजे के बाद पहुंचने वाले अभ्यर्थियों को भर्ती प्रक्रिया में शामिल होने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
भर्ती से संबंधित विस्तृत जानकारी के लिए अभ्यर्थियों को जाट रेजिमेंटल सेंटर, बरेली के भर्ती कार्यालय से संपर्क करने की सलाह दी गई है।
भर्ती रैली का कार्यक्रम इस प्रकार है—
- 6 अगस्त: अग्निवीर खिलाड़ी एवं सामान्य ड्यूटी पद के लिए भारत के सभी राज्यों (उत्तर प्रदेश, राजस्थान और हरियाणा को छोड़कर) के उन खिलाड़ियों के लिए, जिनका स्पोर्ट्स ट्रायल के दौरान चयन किया गया था।
- 7 अगस्त: अग्निवीर सामान्य ड्यूटी पद के लिए हरियाणा के अंबाला, भिवानी, फरीदाबाद, फतेहाबाद, गुरुग्राम, हिसार, रेवाड़ी, नूंह (मेवात), चरखी दादरी, झज्जर, जींद, कैथल, करनाल, कुरुक्षेत्र, महेंद्रगढ़, पलवल, पंचकूला, पानीपत, रोहतक, सिरसा, सोनीपत और यमुनानगर के अभ्यर्थियों की भर्ती होगी।
- 8 अगस्त: अग्निवीर सामान्य ड्यूटी पद के लिए उत्तर प्रदेश के आगरा, अलीगढ़, प्रयागराज, अंबेडकर नगर, अमेठी, अमरोहा, औरैया, आजमगढ़, गोंडा, गोरखपुर, हमीरपुर, हरदोई, हाथरस, जौनपुर, झांसी, कन्नौज, कानपुर नगर, कासगंज, कौशांबी, लखीमपुर खीरी, कुशीनगर, ललितपुर, लखनऊ, महाराजगंज, महोबा, मैनपुरी, मऊ, मेरठ, चंदौली, चित्रकूट, देवरिया, एटा, इटावा, अयोध्या (फैजाबाद), फर्रुखाबाद, फतेहपुर, फिरोजाबाद तथा गौतम बुद्ध नगर के अभ्यर्थियों की भर्ती होगी।
- 10 अगस्त: अग्निवीर सामान्य ड्यूटी पद के लिए उत्तर प्रदेश के बागपत, बहराइच, बलिया, बलरामपुर, बांदा, बाराबंकी, बरेली, बस्ती, बदायूं, भदोही, बुलंदशहर, मिर्जापुर, मुरादाबाद, मुजफ्फरनगर, जालौन, हापुड़, पीलीभीत, प्रतापगढ़, रामपुर, रायबरेली, सहारनपुर, संत कबीर नगर, शाहजहांपुर, गाजियाबाद, गाजीपुर, मथुरा, शामली, श्रावस्ती, सिद्धार्थनगर, सीतापुर, सोनभद्र, सुल्तानपुर, उन्नाव, वाराणसी, कानपुर देहात, बिजनौर तथा संभल के अभ्यर्थियों की भर्ती होगी।
- 11 अगस्त: अग्निवीर सामान्य ड्यूटी पद के लिए राजस्थान के अजमेर, बांसवाड़ा, बारां, बाड़मेर, भरतपुर, भीलवाड़ा, बीकानेर, बूंदी, चित्तौड़गढ़, सवाई माधोपुर, सीकर, सिरोही, टोंक, उदयपुर, जोधपुर, अलवर तथा श्रीगंगानगर के अभ्यर्थियों की भर्ती होगी।
- 12 अगस्त: अग्निवीर ट्रेड्समेन पद के लिए सभी राज्यों के पात्र अभ्यर्थियों की भर्ती रैली आयोजित की जाएगी।
- 13 अगस्त: अग्निवीर लिपिक पद के लिए केवल जाट रेजिमेंट से संबंधित सभी राज्यों के पात्र अभ्यर्थियों की भर्ती रैली आयोजित की जाएगी।










