लखनऊ। एनसीसी एयर विंग में कैडेट के रूप में शामिल होने के इच्छुक 24 वर्ष या उससे कम आयु के पात्र छात्र-छात्राओं से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। आवेदन की अंतिम तिथि 30 जुलाई 2026 निर्धारित की गई है।
आवेदन करने वाले अभ्यर्थी लखनऊ विश्वविद्यालय या डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय (यूपीटीयू) से संबद्ध लखनऊ क्षेत्र के किसी कॉलेज में स्नातक, तीन वर्षीय डिप्लोमा अथवा बी.टेक के प्रथम वर्ष में अध्ययनरत हों।
वहीं चार या पांच वर्षीय स्नातक पाठ्यक्रमों के द्वितीय वर्ष के विद्यार्थी भी आवेदन कर सकते हैं। इंटरमीडिएट में विज्ञान वर्ग के विद्यार्थियों को प्राथमिकता दी जाएगी।
पंजीकरण फॉर्म 20 जुलाई 2026 से किसी भी कार्यदिवस में सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे के बीच 5 यूपी एयर स्क्वाड्रन एनसीसी, सी-896/ई, महानगर एक्सटेंशन, पुराने आरटीओ कार्यालय के पास, लखनऊ से प्राप्त किए जा सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए कार्यालय के दूरभाष नंबर 0522-4081222 पर संपर्क किया जा सकता है।
एनसीसी एयर विंग में चयनित कैडेटों को तीन वर्षों तक सैन्य एवं सामान्य विषयों का व्यापक प्रशिक्षण दिया जाता है। प्रशिक्षण के दूसरे और तीसरे वर्ष के अंत में आयोजित परीक्षाओं में सफल होने पर क्रमशः ‘बी’ और ‘सी’ प्रमाणपत्र प्रदान किए जाते हैं।
प्रशिक्षण के दौरान कैडेटों को माइक्रोलाइट विमान उड़ाने, एयरो मॉडलिंग, ड्रिल, छोटे हथियारों से फायरिंग सहित शस्त्र प्रशिक्षण,
साहसिक गतिविधियां, व्यक्तित्व विकास तथा सामाजिक सेवा जैसी विभिन्न गतिविधियों का प्रशिक्षण दिया जाता है। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कैडेटों को यूथ एक्सचेंज प्रोग्राम के तहत विदेशों में भारत का प्रतिनिधित्व करने का अवसर भी मिलता है।
ये भी पढ़ें : यूएचक्यू कोटे के तहत जाट रेजिमेंटल सेंटर बरेली में होगी अग्निवीर भर्ती रैली
ये भी पढ़ें : लखनऊ एनसीसी शिविर: अष्टांग योग प्रशिक्षण और कृत्रिम बुद्धिमत्ता पर बहस
एनसीसी का ‘सी’ प्रमाणपत्र प्राप्त करने वाले तथा परीक्षा में ‘ए’ या ‘बी’ ग्रेड हासिल करने वाले कैडेट, यदि उन्होंने स्नातक या बी.टेक में न्यूनतम 50 प्रतिशत अंक (वायुसेना के लिए 60 प्रतिशत) प्राप्त किए हों, तो भारतीय सशस्त्र बलों में अधिकारी पद के लिए यूपीएससी की लिखित परीक्षा दिए बिना सीधे एसएसबी साक्षात्कार में शामिल होने के पात्र होते हैं।
इसके अलावा एनसीसी प्रमाणपत्र धारकों को अनेक विश्वविद्यालयों और कॉलेजों में प्रवेश के दौरान अतिरिक्त अंक या अन्य लाभ मिलते हैं। राज्य एवं केंद्र सरकार की विभिन्न भर्तियों में भी एनसीसी प्रमाणपत्र को वेटेज दिया जाता है। मेधावी कैडेटों को सहारा समूह, उत्तर प्रदेश सरकार तथा एनसीसी संगठन की ओर से छात्रवृत्ति प्राप्त करने का अवसर भी मिलता है।










