जयपुर: अमादू सूकूना के इंजरी टाइम में किए गए गोल की बदौलत राजस्थान यूनाइटेड एफसी ने शुक्रवार को विद्याधर नगर स्टेडियम में इंडियन फुटबॉल लीग 2025-26 के रोमांचक मुकाबले में नामधारी स्पोर्ट्स अकादमी को 3-2 से हरा दिया।
अमादू सूकूना ने 13वें मिनट में मेजबान टीम को बढ़त दिलाई, जबकि 57वें मिनट में पेद्रो एस्ट्राय ने बढ़त दोगुनी कर दी। हालांकि अंतिम दस मिनट में नामधारी ने जोरदार वापसी करते हुए मनवीर सिंह (83’) और नजीब इब्राहिम (90’) के गोलों से स्कोर 2-2 कर दिया।
इंडियन फुटबॉल लीग
लेकिन अतिरिक्त समय के छठे मिनट में सूकूना ने फिर गोल दागकर राजस्थान यूनाइटेड को सत्र की पहली जीत दिला दी। इस जीत के साथ घरेलू टीम तीन मैचों में चार अंकों के साथ तालिका में चौथे स्थान पर पहुंच गई, जबकि नामधारी तीनमैचों में दो अंकों के साथ नौवें स्थान पर बनी हुई है।
राजस्थान यूनाइटेड एफसी के मुख्य कोच विक्रांत शर्मा ने सीजन के पहले घरेलू मैच के लिए पांच बदलाव किए। उन्होंने
गौतम विरवानी, थोम्यो एल. शिमरे, जोसेफ लालवेनहिना, जोनाथन रीस और अब्दुल सामेद अंगो को शुरुआती एकादश में शामिल किया।
राजस्थान यूनाइटेड एफसी – 3 (अमादू सूकूना 13’, 90+6’, पेद्रो एस्ट्राय 57’)
वहीं नामधारी के कोच हरप्रीत सिंह ने केवल एक बदलाव करते हुए मिडफील्डर आदर्श मट्टुम्मल की जगह फॉरवर्ड अब्दुलाये डियालो को उतारा। नामधारी की शुरुआत धीमी रही और राजस्थान ने इसका फायदा उठाकर जल्दी बढ़त बना ली।
अमादू सूकूना ने लंबी गेंद का पीछा किया और सेंटर-बैक गुरशन सिंह पर दबाव बनाया। डिफेंडर की क्लियरेंस कमजोर रही और सूकूना ने तेजी दिखाते हुए गोलकीपर नीरज कुमार को करीब से छकाकर गेंद गोल में डाल दी।
अगले ही हमले में फ्रांसीसी स्ट्राइकर लगभग दूसरा गोल भी कर देते। अंतिम तिहाई में बेहतरीन पासिंग मूव के बाद
सूकूना का दाएं पैर का शॉट गोलकीपर को पार कर गया, लेकिन सेंटर-बैक लामिने मोरो ने गोल लाइन से शानदार
क्लियरेंस कर अपनी टीम को बचाया।
नामधारी एसए – 2 (मनवीर सिंह 83’, नजीब इब्राहिम 90’)
राजस्थान का दबाव जारी रहा। पेद्रो एस्ट्राय का जोरदार बाएं पैर का शॉट पोस्ट से टकराया, जबकि राइट-बैक शफील
पीपी के लंबी दूरी के प्रयास को गोलकीपर ने उंगलियों से बाहर निकाला।
धीरे-धीरे नामधारी ने लय पकड़ी और खासकर सेट-पीस से खतरा पैदा करना शुरू किया। कमलप्रीत सिंह की फ्री-किक पर मोरो के नॉकडाउन तक नजीब इब्राहिम नहीं पहुंच सके। इसके तुरंत बाद मोरो ने कॉर्नर पर फिर हेडर लगाया, लेकिन
गेंद को लाइन से क्लियर कर दिया गया और राजस्थान की बढ़त बरकरार रही। पहले हाफ में राजस्थान के कप्तान और गोलकीपर भबिंद्र मल्ला ठाकुरी को भी कई बार एक्शन में आना पड़ा। उन्होंने पहले साइलेंथांग लोटजेम की सीधी फ्री-किक को बचाया और फिर जसकरणप्रीत सिंह के बॉक्स के बाहर से लगाए गए शॉट पर शानदार डाइविंग सेव किया।
दूसरे हाफ की शुरुआत में नीरज कुमार ने पेद्रो एस्ट्राय की ताकतवर फ्री-किक पर बेहतरीन बचाव किया। हालांकि
राजस्थान ने आक्रामक शुरुआत जारी रखी और खेल दोबारा शुरू होने के 12 मिनट बाद बढ़त दोगुनी कर दी।
जोनाथन रीस का कर्लिंग शॉट गोलकीपर ने रोका, लेकिन रिबाउंड पेद्रो एस्ट्राय के पास पहुंचा जो बॉक्स के अंदर बिल्कुल खाली थे।
स्पेनिश खिलाड़ी ने पूरे धैर्य के साथ गेंद को जाल में पहुंचाकर सत्र का अपना दूसरा गोल किया। नामधारी को बड़ा झटका तब लगा जब लामिने मोरो को दो मिनट के भीतर दो पीले कार्ड मिलने के बाद मैदान छोड़ना पड़ा।
पहले उन्हें नाओबा मेइती पर फाउल के लिए चेतावनी मिली और फिर रेफरी के फैसले पर नाराजगी जताने पर दूसरा पीला कार्ड दिखा दिया गया। इसके बाद नामधारी को शेष मैच 10 खिलाड़ियों के साथ खेलना पड़ा।
इसके बावजूद मेहमान टीम ने हार नहीं मानी। मैच समाप्ति से सात मिनट पहले मनवीर सिंह ने ऑफसाइड ट्रैप तोड़ते हुए मिडफील्ड से आए डिफ्लेक्टेड क्रॉस पर गोलकीपर को छकाकर स्कोर 2-1 कर दिया। सात मिनट बाद नामधारी ने नाटकीय अंदाज में बराबरी भी हासिल कर ली।
जसकरणप्रीत सिंह ने दाएं विंग से शानदार रन बनाते हुए लो क्रॉस डाला, जो गोलकीपर की पहुंच से बाहर निकल गया। नजीब इब्राहिम ने दो डिफेंडरों से पहले पहुंचकर बेहतरीन फिनिश के साथ गेंद को जाल में भेज दिया। जब मैच ड्रॉ की ओर बढ़ता दिख रहा था, तभी राजस्थान यूनाइटेड ने आखिरी हमला रचा।
बॉक्स में डाली लंबी गेंद पर डिफेंडर गुरसिमरत सिंह ने हेडर से गेंद सूकूना की ओर बढ़ाई। फ्रांसीसी स्ट्राइकर ने अपने मार्कर से ऊपर उठते हुए जोरदार हेडर लगाया, जो सीधे गोल में गया और घरेलू दर्शकों के बीच जश्न की लहर दौड़ गई।
ये भी पढ़ें : मार्कस जोसेफ के गोल से डेम्पो ने चानमारी को 2-2 पर रोका
ये भी पढ़ें : पूर्व महासचिव कुशल दास के निधन पर एआईएफएफ ने जताया शोक













