विश्व चैंपियनशिप चयन ट्रायल में सुजीत कलकल समेत 12 पहलवान चैंपियन

2
165

लखनऊ। कजाकिस्तान के अस्ताना में होने वाली 2026 सीनियर विश्व कुश्ती चैंपियनशिप के लिए भारतीय टीम के चयन की प्रक्रिया के तहत मंगलवार को भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) के नेताजी सुभाष क्षेत्रीय केंद्र (एनएसआरसी), लखनऊ लखनऊ में पुरुष फ्रीस्टाइल और ग्रीको-रोमन वर्ग के राष्ट्रीय चयन ट्रायल आयोजित किए गए।

ट्रायल में विश्व नंबर एक सुजीत कलकल समेत 12 पहलवानों ने अपने-अपने भार वर्ग में पहला स्थान हासिल किया। अब इन विजेता पहलवानों का एशियाई खेलों के लिए चुने गए भारतीय दल के पहलवानों से मुकाबला होगा। इन मुकाबलों के आधार पर विश्व चैंपियनशिप के लिए भारतीय टीम के सदस्यों का फैसला किया जाएगा।

एशियाई खेलों के पहलवानों से मुकाबले के बाद तय होंगे विश्व चैंपियनशिप के लिए भारतीय टीम

विश्व चैंपियनशिप 24 अक्टूबर से एक नवंबर तक अस्ताना में आयोजित होगी। लखनऊ में हुए ट्रायल में पुरुष फ्रीस्टाइल के छह और ग्रीको-रोमन के छह भार वर्गों में मुकाबले हुए। चार गैर-ओलंपिक भार वर्गों के चयन ट्रायल बाद में आयोजित किए जाएंगे।

पुरुष फ्रीस्टाइल के 65 किग्रा वर्ग में सुजीत कलकल ने अनुज कुमार को 8-3 से हराकर पहला स्थान हासिल किया। 74 किग्रा में यश ने दीपक को 10-4 से शिकस्त दी, जबकि 57 किग्रा में राहुल ने अक्षय धेरे को 11-4 से हराकर खिताब जीता। 86 किग्रा में पुष्पेंदर दलाल ने हिमांशु अंतिल को 10-4 से मात दी।

97 किग्रा वर्ग में विक्की और परवीन कुमार के बीच कड़ा मुकाबला हुआ, जिसमें विक्की ने 3-2 से बाजी मारी। वहीं 125 किग्रा में जसपूरन सिंह ने रोहित को 5-1 से हराकर पहला स्थान हासिल किया।

ग्रीको-रोमन में 60 किग्रा वर्ग के फाइनल में हर्ष ने ललित को 9-0 से हराकर प्रभावशाली जीत दर्ज की। 67 किग्रा में सचिन ने करनजीत सिंह को 6-5 से मात दी, जबकि 77 किग्रा में लवप्रीत सिंह ने विकास को 10-8 से हराया।

ये भी पढ़ें : साई लखनऊ में संडेज ऑन साइकिल, सीएपीएफ संग मना स्वतंत्रता दिवस

ये भी पढ़े : एशियाई खेल : अमन, सुजीत और दीपक पूनिया भारतीय पुरुष कुश्ती टीम में

ये भी पढ़ें : भारतीय कुश्ती टीम में यूपी के 4 खिलाड़ियों को एंट्री, अजरबैजान में दिखाएंगे दम

87 किग्रा में रोहित ने रोहित बूरा को 5-2 से शिकस्त दी। 97 किग्रा में अभिमन्यु ने वीरेन्श कुंडू को 12-3 से हराकर खिताब अपने नाम किया। 130 किग्रा के फाइनल में जोगिंदर ने गुरसेवक को चित कर पहला स्थान हासिल किया।

भारतीय कुश्ती महासंघ के अध्यक्ष संजय सिंह ने लखनऊ में हुए ट्रायल में पहलवानों के प्रदर्शन की सराहना की। उन्होंने कहा कि मुकाबलों में दिखी प्रतिस्पर्धा और तकनीकी कौशल से भारतीय कुश्ती की मजबूत रिजर्व बेंच का पता चलता है। उन्होंने सभी विजेता पहलवानों को बधाई दी और आगे भी बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद जताई।

  • फ्रीस्टाइल चयन ट्रायल के विजेता
  • 57 किग्रा—राहुल, 65 किग्रा—सुजीत कलकल, 74 किग्रा—यश, 86 किग्रा—पुष्पेंदर दलाल, 97 किग्रा—विक्की, 125 किग्रा—जसपूरन सिंह।
  • ग्रीको-रोमन चयन ट्रायल के विजेता
  • 60 किग्रा—हर्ष, 67 किग्रा—सचिन, 77 किग्रा—लवप्रीत सिंह, 87 किग्रा—रोहित, 97 किग्रा—अभिमन्यु, 130 किग्रा—जोगिंदर।

2 COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here