POPSK कर्मियों की कार्यशाला में पासपोर्ट सेवाओं की गुणवत्ता सुधारने पर जोर

0
34

लखनऊ। डाक विभाग और क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय (आरपीओ), लखनऊ के संयुक्त तत्वावधान में पोस्ट ऑफिस पासपोर्ट सेवा केंद्र (POPSK) के अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए एक दिवसीय कार्यशाला-सह-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।

12 सितंबर को डाक परिमंडलीय कार्यालय, उत्तर प्रदेश, लखनऊ में आयोजित कार्यशाला में पासपोर्ट सेवाओं की गुणवत्ता, दक्षता और नागरिक-केंद्रित सेवा वितरण को बेहतर बनाने पर चर्चा हुई।

कार्यशाला में POPSK के दैनिक कामकाज, निर्धारित प्रक्रियाओं, सेवा मानकों और केंद्रों पर सामने आने वाली परिचालन संबंधी समस्याओं पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। अधिकारियों ने सेवाओं के संचालन में आने वाली दिक्कतों का समयबद्ध समाधान करने और आवेदकों को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने पर जोर दिया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए चीफ पोस्टमास्टर जनरल, उत्तर प्रदेश परिमंडल अजय सिंह चौहान ने नागरिकों को पारदर्शी, सुगम और प्रभावी पासपोर्ट सेवाएं उपलब्ध कराने की आवश्यकता पर जोर दिया।

उन्होंने POPSK और क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने तथा परिचालन संबंधी समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने की बात कही।

क्षेत्रीय पासपोर्ट अधिकारी, लखनऊ ज्ञानवीर सिंह ने पासपोर्ट सेवाओं के सुचारु संचालन से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी। उन्होंने आवेदकों को समयबद्ध और बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने में कस्टमर सर्विस एग्जीक्यूटिव्स (CSEs) और वेरिफिकेशन ऑफिसर्स (VOs) की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया।

पोस्टमास्टर जनरल (मेल्स एवं बिजनेस डेवलपमेंट) अशोक कुमार यादव ने सेवा की गुणवत्ता बनाए रखने और उसमें निरंतर सुधार के लिए डाक विभाग तथा पासपोर्ट कार्यालय के बीच बेहतर तालमेल और सहभागिता को जरूरी बताया।

ये भी पढ़ें : लखनऊ की सीवरेज व्यवस्था समझने पहुंचा महाराष्ट्र का अध्ययन दल

कार्यशाला के दौरान POPSK कर्मियों ने अपने क्षेत्रीय अनुभव और रोजमर्रा के कामकाज में आने वाली चुनौतियां साझा कीं। प्रतिभागियों के सवालों और समस्याओं पर अधिकारियों के साथ चर्चा की गई तथा सेवा वितरण को और बेहतर बनाने के उपायों पर विचार किया गया।

उत्तर प्रदेश में वर्तमान में 52 पोस्ट ऑफिस पासपोर्ट सेवा केंद्र कार्यरत हैं। इनमें से 33 केंद्र क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय, लखनऊ के क्षेत्राधिकार में आते हैं। कार्यशाला में आरपीओ लखनऊ के अधीन आने वाले केंद्रों के 52 कस्टमर सर्विस एग्जीक्यूटिव्स और 11 वेरिफिकेशन ऑफिसर्स ने हिस्सा लिया।

कार्यक्रम के अंत में डाक विभाग और क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय, लखनऊ ने प्रदेश के नागरिकों को सुगम, पारदर्शी और नागरिक-अनुकूल पासपोर्ट सेवाएं उपलब्ध कराने की प्रतिबद्धता दोहराई।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here