कात्यायनी ने आलराउंड खेल से इलाहाबाद को दिलाई धमाकेदार जीत

0
41

लखनऊ। इलाहाबाद महिला विंग ने प्लेयर ऑफ द मैच कात्यायनी पाठक (55) की अगुवाई में धमाकेदार बल्लेबाजी से प्रथम स्व. राधिका सिंह मेमोरियल राज्य स्तरीय महिला क्रिकेट टूर्नामेंट में गोरखपुर को 108 रन से हराते हुए पहली जीत दर्ज की। दूसरे मैच में केसीए कानपुर ने सहारनपुर को 21 रन से हराया।

उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (यूपीसीए) से स्वीकृति प्राप्त व क्रिकेट एसोसिएशन लखनऊ (सीएएल) द्वारा राधिका फाउंडेशन के सहयोग से आयोजित इस टूर्नामेंट के मुकाबले सेज क्रिकेट मैदान, 1090 चौराहा, गोमती नगर पर खेले जा रहे है।

प्रथम स्व. राधिका सिंह मेमोरियल राज्य स्तरीय महिला क्रिकेट टूर्नामेंट

दूसरे दिन पहले मैच में इलाहाबाद महिला विंग ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 25 ओवर में चार विकेट पर 174 रन बनाए। मीनाक्षी यादव (44 रन, 48 गेंद, 4 चौके, दो छक्के) व नमस्या सिंह (46 रन, 52 गेंद, 6 चौके) की सलामी जोड़ी ने मजबूत शुरुआत दी।

फिर कात्यायनी पाठक ने 38 गेंदों पर 4 चौके व दो छक्के जड़ते हुए नाबाद 55 रन की अर्धशतकीय पारी खेली। जवाब में गोरखपुर की टीम लक्ष्य का पीछा करते हुए 16.4 ओवर में 66 रन ही बना सकी।

आकांक्षा (16) व जानकी चौहान (13) ही दहाई के आंकड़े में रन बना सकी। इलाहाबाद महिला विंग से राधा पाण्डेय ने तीन जबकि कात्यायनी पाठक ने दो विकेट चटकाए।

केसीए कानपुर की दूसरी जीत, सहारनपुर को 21 रन से हराया

दूसरे मैच में केसीए कानपुर ने प्लेयर ऑफ द मैच सिद्धि मिश्रा (चार विकेट) की उम्दा गेंदबाजी व सिद्धि सिंह (तीन विकेट, नाबाद 15 रन) के आलराउंड खेल से सहारनपुर को 21 रन से हराकर दूसरी जीत अपने नाम की।

इस मैच में मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार के अल्पसंख्यक कल्याण, मुस्लिम वक्फ एवं हज राज्य मंत्री दानिश आजाद अंसारी ने प्रतिभागी टीमों को बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं और उनका उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर आयोजन सचिव हर्षवर्धन सिंह (प्रदेश महामंत्री, भाजपा युवा मोर्चा) भी मौजूद रहे।

केसीए कानपुर ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 18 ओवर में सात विकेट पर 129 रन बनाए। शिबु सिंह पाल ने 28, श्वेता वर्मा ने 24, बबिता यादव ने 19 व सिद्धि सिंह ने नाबाद 15 रन जोड़े।

सहारनपुर से ज्योति बालियान ने तीन व शुभ चौधरी ने दो विकेट चटकाए। जवाब में सहारनपुर की टीम 17.2 ओवर में 108 रन पर ऑलआउट हो गयी। सलामी बल्लेबाज शिखा शालोट (46 रन, 32 गेंद, 4 चौके, एक छक्के) ने सर्वाधिक रन बनाए।

ये भी पढ़ें : आरजू की बेहतरीन बल्लेबाजी से सीएएल ब्लू विजयी, केसीए कानपुर की भी जीत

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here