लखनऊ : आईपीएल 2026 के आगाज के साथ एक बार फिर टी20 क्रिकेट का सबसे बड़ा मंच सजने जा रहा है। 28 मार्च से शुरू होने वाले इस सीजन में जहां अंतरराष्ट्रीय सितारों की चमक देखने को मिलेगी,
वहीं उत्तर प्रदेश के खिलाड़ी भी अपनी प्रतिभा से अलग पहचान बनाने को तैयार हैं। यूपी क्रिकेट एसोसिएशन के अनुसार इस बार भी प्रदेश से करीब 10 या उससे अधिक खिलाड़ी आईपीएल में खेलते नजर आएंगे।
रिंकू और कुलदीप पर रहेंगी नजरें
रिंकू सिंह को 2018 में कोलकाता नाइट राइडर्स ने 80 लाख रुपये में टीम में शामिल किया था। रिंकू सिंह आईपीएल में एक भरोसेमंद फिनिशर के रूप में अपनी पहचान बना चुके हैं।
उनकी आक्रामक बल्लेबाजी कई बार टीम को मुश्किल हालात से निकाल चुकी है। कोलकाता नाइट राइडर्स ने उन्हें इस सीजन उपकप्तान बनाया है और शानदार प्रदर्शन के दम पर उन्हें 13 करोड़ रुपये में रिटेन किया गया है।
वहीं कुलदीप यादव अपनी फिरकी गेंदबाजी के लिए जाने जाते हैं। दिल्ली कैपिटल्स ने उन्हें लगभग 13.25 करोड़ रुपये में बरकरार रखा है। उनकी गेंदें बड़े बल्लेबाजों को भी परेशान करती हैं।
भुवनेश्वर का अनुभव बनेगा हथियार
भुवनेश्वर कुमार अपनी स्विंग गेंदबाजी के दम पर लंबे समय से आईपीएल में प्रभाव डालते रहे हैं। इस सीजन वह रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के लिए खेलेंगे, जिन्होंने उन्हें 10.75 करोड़ रुपये में टीम में शामिल किया है।
उत्तर प्रदेश के युवा ऑलराउंडर प्रशांत वीर को चेन्नई सुपर किंग्स ने 14.20 करोड़ रुपये में खरीदा है। उनकी ऑलराउंड क्षमता टीम के लिए अहम साबित हो सकती है।
वह अपनी आक्रामक बल्लेबाजी और उपयोगी गेंदबाजी से टीम के लिए अहम भूमिका निभा सकते हैं। मौजूदा समय में जब रविंद्र जडेजा टीम में नहीं हैं, उनकी भूमिका और महत्वपूर्ण हो जाती है।
युवा खिलाड़ियों पर भी रहेगा फोकस
तेज गेंदबाज यश दयाल भी आरसीबी टीम का हिस्सा हैं, जबकि मोहसिन खान को लखनऊ सुपर जायंट्स ने रिटेन किया है। इसके अलावा शिवम मावी को सनराइजर्स हैदराबाद ने 75 लाख रुपये में खरीदा, जबकि हापुड़ के कार्तिक त्यागी को कोलकाता नाइट राइडर्स ने 30 लाख रुपये में टीम में शामिल किया है।
वहीं समीर रिज़वी को दिल्ली कैपिटल्स ने 95 लाख रुपये में रिटेन किया है। वहीं ध्रुव जुरेल को राजस्थान रॉयल्स ने बरकरार रखा है और उन्हें भविष्य के नेतृत्व विकल्प के रूप में भी देखा जा रहा है। जीशान अंसारी पर भी सनराइजर्स हैदराबाद ने भरोसा जताया है।
विप्रज निगम की ऑलराउंड प्रदर्शन से पहचान
विप्रज निगम आईपीएल 2026 में भी दिल्ली कैपिटल्स के लिए खेलेंगे। पिछले सीजन में उन्होंने 14 मैचों में 142 रन बनाने के साथ 11 विकेट लेकर ऑलराउंड प्रदर्शन किया था।
कुल मिलाकर, आईपीएल 2026 में उत्तर प्रदेश के खिलाड़ियों की मजबूत मौजूदगी इस सीजन को और दिलचस्प बनाने वाली है। अनुभवी खिलाड़ियों के साथ युवा प्रतिभाओं का यह मिश्रण प्रदेश के क्रिकेट को नई ऊंचाई देने का मौका भी साबित हो सकता है।
ये भी पढ़ें : एलएसजी ने खेला अभ्यास मैच, पंत-शमी की मौजूदगी से बढ़ा रोमांच
ये भी पढ़ें : ट्रॉफी लक्ष्य, कदम दर कदम आगे बढ़ेगी एलएसजी : अर्जुन तेंदुलकर












