सीएम योगी आदित्यनाथ की पहल से बदला रामगढ़ ताल, पहली बार नेशनल रोइंग कैंप की मेजबानी

0
48

गोरखपुर। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की विशेष रूचि और दूरदर्शी नेतृत्व के चलते प्रदेश सरकार के प्रयासों से गोरखपुर का रामगढ़ ताल अब देश के बेहतरीन रोइंग वेन्यू के रूप में स्थापित हो चुका है।

एशियाई खेलों की तैयारी को मिलेगी धार, गोरखपुर के रामगढ़ ताल में राष्ट्रीय महिला रोइंग टीम का कैंप शुरू

सीएम योगी की विशेष पहल पर रामगढ़ ताल और वाटर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के विकास ने न केवल शहर की सूरत बदली, बल्कि उत्तर प्रदेश के खेल इतिहास में एक स्वर्णिम अध्याय भी जोड़ दिया है। उसी का परिणाम है कि आज उत्तर प्रदेश रोइंग (नौकायन) के इतिहास में पहली बार राष्ट्रीय शिविर की मेजबानी गोरखपुर का रामगढ़ ताल कर रहा है।

मिशन एशियाई खेल 2026: गोरखपुर की लहरों पर निखरेगा भारतीय महिला रोइंग टीम का दम

‘मिशन जापान -2026’ (20वें एशियाई खेलों) की तैयारियों के लिए भारतीय महिला रोइंग टीम के राष्ट्रीय प्रशिक्षण शिविर का आयोजन गोरखपुर के रामगढ़ ताल स्थित वाटर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में किया जा रहा है जिसकी शुरुआत शुक्रवार को हो गई।

इस शिविर में देश भर की चुनिंदा महिला रोअर्स हिस्सा ले रही हैं जिसमें अनुभवी और युवा प्रतिभाओं का बेहतरीन संतुलन है। अगले दो माह तक ये खिलाड़ी यहाँ अपनी तकनीक, गति और तालमेल को अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप निखारेंगी।

एशियाई खेलों के लिए हुनर को निखारेंगी देश की चुनिंदा महिला रोअर्स

शिविर की शुरुआत आज मुख्य अतिथि गोरखपुर विकास प्राधिकरण के सचिव पुष्पराज सिंह ने की। मुख्य अतिथि ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और शुभकामनाएं दी। उन्होंने झंडी दिखाकर सिंगल स्कल, डबल स्कल, पेयर और फोर्स की बोट को रवाना करते हुए शिविर का शुभारम्भ किया।

इस अक्सर पर रोइंग फेडरेशन ऑफ इंडिया (आरएफआई) के महासचिव सुभाशीष मुखर्जी, आरएफआई फाइनेंस कमेटी के चेयरमैन नवाबुद्दीन और पद्मश्री रोइंग खिलाड़ी ओलंपियन बजरंग लाल की भी गरिमामयी मौजूदगी रही।

‘वाटर स्पोर्ट्स’ के वैश्विक मानचित्र पर गोरखपुर की दस्तक : पुष्पराज सिंह

मुख्य अतिथि गोरखपुर विकास प्राधिकरण के सचिव पुष्पराज सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि भारतीय रोइंग के भविष्य के लिए यह कैंप एक मील का पत्थर साबित होगा, जहां से महिला खिलाड़ी देश के लिए गौरव हासिल करने की राह चुनेंगी।

उत्तर प्रदेश में इस स्तर के कैंप का आयोजन न केवल स्थानीय खिलाड़ियों को प्रेरित करेगा, बल्कि राज्य को ‘वाटर स्पोर्ट्स’ के वैश्विक मानचित्र पर भी मजबूती से स्थापित करेगा।

गोरखपुर की भौगोलिक स्थितियां तैयारी के लिए अनुकूल : सुभाशीष मुखर्जी

रोइंग फेडरेशन ऑफ इंडिया के महासचिव सुभाशीष मुखर्जी ने कहा कि इस कैंप का मुख्य लक्ष्य महिला रोअर्स की तकनीक, स्टैमिना और टीम वर्क में सुधार करना है ताकि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक की संभावनाओं को बढ़ाया जा सके। उन्होंने कहा कि गोरखपुर के रामगढ़ ताल की भौगोलिक स्थितियां तैयारी के लिए अनुकूल हैं। टीम प्रबंधन का ध्यान विशेष रूप से ‘टाइमिंग’ और ‘वाटर कोआर्डिनेशन’ पर रहेगा।

राष्ट्रीय स्तर की रोइंग अब रामगढ़ ताल की लहरों पर बनाएगी पहचान : अमित बथवाल

इस अवसर पर समाजसेवी अमित बथवाल ने कहा कि यह कैंप केवल खिलाड़ियों का प्रशिक्षण नहीं है, बल्कि उत्तर प्रदेश के लिए एक गौरवपूर्ण उपलब्धि है कि राष्ट्रीय स्तर की रोइंग अब रामगढ़ ताल की लहरों पर अपनी पहचान बनाएगी।

यूपी में पहली बार रोइंग का नेशनल कैंप, रामगढ़ ताल बना भारतीय रोअर्स का नया ठिकाना

कार्यक्रम का संचालन करते हुए रोइंग फेडरेशन ऑफ इंडिया के उपाध्यक्ष सुधीर शर्मा (सचिव, यूपी रोइंग एसोसिएशन) ने बताया कि जापान में होने वाले 20वें एशियाई खेल (आइची-नागोया 2026) की तैयारियों के लिए रोइंग फेडरेशन ऑफ इंडिया के अनुरोध पर भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) द्वारा संचालित यह प्रशिक्षण शिविर विशेष रूप से आयोजित किया जा रहा है।

खेल निदेशालय उत्तर प्रदेश द्वारा राष्ट्रीय कैंप के सफल आयोजन हेतु हर संभव सहायता प्रदान की जा रही है। वहीं यूपी रोइंग एसोसिएशन की चयन समिति के चेयरमैन आदित्य मिश्रा (पूर्व डीजीपी) ने यूपी के इतिहास में पहली बार नेशनल रोइंग कैंप की मेजबानी मिलने पर हर्ष व्यक्त किया।

आज समारोह में उत्तर प्रदेश रोइंग एसोसिएशन की लीगल कमेटी के चेयरमैन राकेश शुक्ला (इंटरनेशनल मास्टर एथलीट, पूर्व डीआईजी), उपाध्यक्ष राहुल राणा, गोरखपुर मंडल के क्षेत्रीय क्रीड़ाधिकारी आले हैदर सहित बड़ी संख्या में गणमान्य अतिथिगण व खेल प्रेमी मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की दूरदर्शी सोच ने दिए नए आयाम

उल्लेखनीय है कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा गोरखपुर में 22 से 26 अक्टूबर, 2024 तक आयोजित 25वीं सब जूनियर नेशनल रोइंग चैंपियनशिप 2024 के समापन पर यह घोषणा की गई थी कि उत्तर प्रदेश सरकार प्रदेश व देश में नौकायन के विकास हेतु हर संभव सहायता उपलब्धि कराएगी।

जैसा कि विदित है कि उत्तर प्रदेश शासन द्वारा साल 2023 में यूपी की मेजबानी में आयोजित खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स के अंतर्गत रामगढ़ ताल में रोइंग की स्पर्धाओं का सफल आयोजन किया गया था।

उस अवसर पर यहाँ ओलंपिक स्तर की नौकाएं और चप्पू उपलब्ध कराए गए, जिससे गोरखपुर अब देश के बेहतरीन रोइंग वेन्यू के रूप में स्थापित हो चुका है। यहीं पर 25वीं सब जूनियर नेशनल रोइंग चैंपियनशिप का आयोजन भी किया गया था।

राष्ट्रीय शिविर के लिए चयनित खिलाड़ी व ऑफिशियल

किरण (हरियाणा)
मृणमयी सालगांवकर (महाराष्ट्र)
रुक्मणी, विंध्या शंकर (मध्य प्रदेश)
बी. आनंदी, किरण देवी (आल इंडिया पुलिस कंट्रोल बोर्ड/ मेघालय)
अश्वनी कुमारन, सानिया कृष्णन, अन्ना हेलन, हिमा टी, एंजेल मैरी (केरल)
मोनिका बदोरिया, अंशिका भारती (ओडिशा)
कोच : राजेश कुमार (सर्विस स्पोर्ट्स कंट्रोल बोर्ड), ममता जेना (आल इंडिया पुलिस कंट्रोल बोर्ड)
सपोर्ट स्टाफ : अशोक कुमार और बीके पाल (गोरखपुर खेल विभाग)।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here