पलटा खेल, एकल में वंश बिष्ट चैंपियन, युगल में नंदल-मयंक विजेता

0
49

लखनऊ। स्वरुप अग्रवाल मेमोरियल आइटा पुरुष प्राइजमनी टेनिस टूर्नामेंट में एकल व युगल दोनों वर्गो में उलटफेर से विजेता का फैसला हुआ। एकल में दिल्ली के वंश बिष्ट ने खिताब जीता जबकि युगल में वंश नंदल व मयंक शर्मा की जोड़ी विजेता बनीं।

इंडिया पेस्टीसाइड्स लिमिटेड द्वारा प्रायोजित एक लाख रुपए की प्राइजमनी वाले टूर्नामेंट का आयोजन एसडीएस टेनिस अकादमी द्वारा लामार्टिनियर कॉलेज स्थित लामार्टिनियर लॉन टेनिस फैसिलिटी में किया जा रहा है।

स्वरुप अग्रवाल मेमोरियल आइटा पुरुष प्राइजमनी टेनिस टूर्नामेंट

एकल फाइनल में गैर वरीय दिल्ली के वंश बिष्ट ने दिल्ली के ही शीर्ष वरीय मयंक शर्मा के खिलाफ बेहतरीन खेल दिखाया और रोमांचक मैच में 6-2, 4-6, 6-4 की जीत से विजेता ट्रॉफी अपने नाम की।

वंश बिष्ट ने पहला सेट आक्रामक खेल से अपने नाम किया लेकिन दूसरे सेट में मयंक ने सटीक शॉट चयन और बेहतरीन कोर्ट कवरेज से वापसी करते हुए बराबरी हासिल की। निर्णायक तीसरे सेट में वंश ने तेज सर्विस और उम्दा शॉट का नजारा पेश किया और मैच अपने पक्ष में करते हुए विजेता होने का गौरव हासिल किया।

युगल फाइनल भी उलटफेर के नाम रहा जहां वंश नंदल व मयंक शर्मा विजेता बने। इस गैर वरीय जोड़ी ने पिछड़ने के बाद वापसी करते हुए तीसरी वरीय मुकिल रामानन व रिकी चौधरी को सुपर टाईब्रेक तक खिंचे रोमांचक मैच में 1-6, 6-3, 10-6 से हराया।

पहला सेट गंवाने के बाद वंश व मयंक ने दूसरा सेट रणनीति में बदलाव करते हुए जीता। फिर मैच का फैसला सुपर टाईब्रेक में हआ जिसमें वंश व मयंक की जोड़ी भारी पड़ी।

इसी के साथ एक लाख 50 हजार रुपए की प्राइजमनी वाले स्वरुप अग्रवाल प्राइजमनी टैलेंट हंट टेनिस टूर्नामेंट में बालक अंडर-14 वर्ग में कृष्णा सिंह चैंपियन बने जिन्होंने फाइनल में ईशान श्रीवास्तव को 4-0 से हराया।

बालक अंडर-16 के विजेता विराट सिंह ने फाइनल में रोहिन राज को टाईब्रेक में 4-3(8-6) से हराया। बालक अंडर-18 के फाइनल में अनुरुद्ध कुमार ने रोहिन राज को 4-1 से मात दी।

टूर्नामेंट के समापन व पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्य अतिथि ब्रिगेडियर डॉ एके सिन्हा, सम्मानित अतिथि उत्तर प्रदेश टेनिस एसोसिएशन के सचिव पुनीत अग्रवाल, रामाकृष्णन (ईएसजी एवं सीएसआर प्रमुख, इंडिया पेस्टीसाइड्स लिमिटेड), नरेंद्र ओझा (कंपनी सेक्रेटरी एवं अनुपालन अधिकारी, इंडिया पेस्टीसाइड्स लिमिटेड) ने पुरस्कार वितरित किए। समापन समारोह की अध्यक्षता एसडीएस के संस्थापक सदस्य पवन सागर ने करते हुए अतिथिगण का आभार जताया।

इस अवसर पर उत्तर प्रदेश टेनिस एसोसिएशन के कोषाध्यक्ष बीसी तिवारी, पूर्व डेविस कप खिलाड़ी सिद्धार्थ विश्वकर्मा, एसडीएस के सचिव सौरभ चतुर्वेदी, कोषाध्यक्ष दीपक पाठक, संस्थापक सदस्य पूनम सागर, निदेशक-कोचिंग रतन शर्मा, सुनील भटनागर सहित टूर्नामेंट कोआर्डिनेटर अभिषेक विक्रम सिंह व टूर्नामेंट निदेशक गोपाल सिंह बिष्ट सहित अन्य मौजूद रहे।

उल्लेखनीय है कि इंडिया पेस्टीसाइड्स लिमिटेड द्वारा प्रायोजित आइटा पुरुष प्राइजमनी टेनिस टूर्नामेंट और टैलेंट हंट टेनिस टूर्नामेंट दो अलग-अलग प्रतियोगिताएं हैं, जिनकी प्राइजमनी क्रमशः एक लाख रुपये और डेढ़ लाख रुपये निर्धारित की गई है।

ये भी पढ़ें : एकल फाइनल आल दिल्ली, मयंक शर्मा और वंश बिष्ट में होगी खिताबी भिड़ंत

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here