यूपी के ऋषि यादव, मेहर खोसला, आशी शमसेरी व आइरा को मुख्य ड्रा में वाइल्ड कार्ड इंट्री

0
27

लखनऊ। श्रेयंत महंतेशा, पार्थिव नल्लागुंडला, माधव दाधीच और हर्ष मारवाहा ने आईटीएफ जूनियर जे 30 लखनऊ टेनिस टूर्नामेंट में बालक वर्ग के क्वालीफायर राउंड में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए बालक एकल के मुख्य ड्रा के लिए क्वालीफाई कर लिया।

आईटीएफ जूनियर जे 30 लखनऊ टेनिस टूर्नामेंट

वहीं बालिका एकल में भारत की शाजफा वानिया, मानवी राठ, पूर्वी पटवा और ऑस्ट्रेलिया की तृषा जानी ने अपने-अपने मैच जीतकर मुख्य ड्रा का टिकट हासिल किया। उत्तर प्रदेश टेनिस एसोसिएशन व केसरी स्पोर्ट्स द्वारा टूर्नामेंट का आयोजन मिनी स्टेडियम विजयंतखंड गोमतीनगर के टेनिस कोर्ट पर किया जा रहा है।

हालांकि यूपी के अभिउदय सिंह मुख्य ड्रा में जगह बनाने से चूक गए। दूसरी ओर मुख्य ड्रा में बालक एकल में यूपी के ऋषि यादव और मेहर सिंह खोसला और बालिकाओं में आशी शमसेरी और आइरा को वाइल्ड कार्ड इंट्री मिली है।

रविवार को खेले गए क्वालीफायर मुकाबलों में बालक एकल में भारत के ही श्रेयंत महंतेशा ने यूपी के अभिउदय सिंह को 6-0, 6-3 से पराजित किया। अन्य मुकाबलों में पार्थिव नल्लागुंडला ने सार्थक अशोक गायकवाड़ को 6-1, 6-4 से हराया जबकि माधव दाधीच ने रोमांचक मुकाबले में हमवतन अथर्व श्रीरामोजु को तीन सेट में संघर्ष के बाद 4-6, 6-2, 11-9 से शिकस्त दी।

वहीं हर्ष मारवाहा ने एक अन्य रोमांचक मैच में हमवतन श्लोक चौहान के खिलाफ टाईब्रेक में 6-3, 7-6(5) से जीत के साथ मुख्य ड्रा में स्थान सुरक्षित किया।

बालिका एकल के क्वालीफायर राउंड में भारत की पूर्वी पटवा ने शरण्या श्रीवास्तव को एकतरफा 6-1, 6-0 से शिकस्त दी। भारत की शाजफा वानिया ने धानी को आसानी से 6-1, 6-0 से हराया जबकि भारत की मानवी राठ ने हमवतन सारा फेंगसे को संघर्ष के बाद 6-4, 6-4 से पराजित किया। वहीं ऑस्ट्रेलिया की तृषा जानी ने भारत की एशान्या खट्टर को 6-3, 6-2 से हराते हुए मुख्य ड्रा में जगह बनाई।

आयोजन सचिव समित केसरी ने बताया कि सोमवार को टूर्नामेंट के मुख्य ड्रा के पहले दिन एकल मुकाबले सुबह 8:30 बजे से खेले जाएंगे।

बालक व बालिका में एकल ड्रा 32 का है जिसमें 24 खिलाड़ियों ने सीधे मुख्य ड्रा में जगह बनाई है। इसके अलावा मुख्य ड्रा में चार खिलाड़ी क्वालीफायर से पहुंचे है जबकि चार को वाइल्ड कार्ड इंट्री मिली है।

टूर्नामेंट का औपचारिक उद्घाटन सोमवार सुबह 11 बजे मुख्य अतिथि केएस प्रताप (आईपीएस, एडीजी/सीएमडी, यूपी पुलिस आवास निगम) और विशिष्ट अतिथि पुनीत अग्रवाल (सचिव, यूपी टेनिस एसोसिएशन) के करकमलों द्वारा किया जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here