सीएसआईआर-केंद्रीय औषधीय एवं सगंध पौधा संस्थान में समर ट्रेइंटर्नशिप कार्यक्रम के तहत ला मार्टिनियर गर्ल्स कॉलेज की छात्राओं को मिला शोध अनुभव

0
29

लखनऊ। सीएसआईआर-केंद्रीय औषधीय एवं सगंध पौधा संस्थान द्वारा 21-22 मई 2026 को ला मार्टिनियर गर्ल्स कॉलेज की छात्राओं के लिए दो दिवसीय समर ट्रेइंटर्नशिप सह एक्सपोजर विजिट कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में वैज्ञानिक जागरूकता को बढ़ावा देना तथा औषधीय एवं सुगंधित पौधों पर आधारित अनुसंधान संबंधी गतिविधियों का व्यावहारिक अनुभव प्रदान करना था।

अपने संदेश में डॉ. प्रबोध कुमार त्रिवेदी, निदेशक, सीमैप ने कहा कि इस प्रकार की पहलें युवा विद्यार्थियों को विज्ञान के प्रति प्रेरित करने के साथ-साथ छात्रों और वैज्ञानिक समुदाय के बीच बेहतर संवाद स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।

कार्यक्रम के दौरान डॉ. भास्कर शुक्ला, वैज्ञानिक-एफ ने छात्राओं को सीएसआईआर-जिज्ञासा कार्यक्रम की गतिविधियों की जानकारी दी, जिसका उद्देश्य विद्यार्थियों एवं शिक्षकों के बीच वैज्ञानिक सोच और सीखने की प्रवृत्ति को बढ़ावा देना है। उन्होंने सीएसआईआर अरोमा मोबाइल ऐप की उपयोगिता के बारे में भी जानकारी दी तथा बताया कि इसके माध्यम से सुगंधित पौधों, उनकी खेती की तकनीकों, समस्याओं एवं सलाह संबंधी उपयोगी जानकारी प्राप्त की जा सकती है।

इस अवसर पर छात्राओं ने संस्थान की उन्नत अनुसंधान सुविधाएँ जिसमें जीव विज्ञान केंद्रीय सुविधा (BCF), ऊतक संवर्धन केंद्रीय सुविधा तथा रासायनिक केंद्रीय सुविधा का भ्रमण कर वहां संचालित उन्नत वैज्ञानिक अनुसंधान एवं गतिविधियों की जानकारी प्राप्त की। इसके अतिरिक्त छात्राओं ने फार्म क्षेत्र, वर्मी कम्पोस्ट इकाई, मशरूम उत्पादन इकाई तथा डेमोंस्ट्रेशन ब्लॉक का भी अवलोकन किया, जहां औषधीय एवं सुगंधित पौधों से संबंधित वैज्ञानिक एवं कृषि पद्धतियों की जानकारी दी गई।

कार्यक्रम के अंतर्गत डॉ रत्नशेखर “औषधीय एवं सगंध पौधों (MAPs) में अणुओं का विश्लेषण” तथा डॉ. डी.एन. मणि द्वारा “आयुर्वेद के अनुसार दैनिक दिनचर्या” विषय पर विशेषज्ञ व्याख्यान दिए गए, जिन्हें छात्राओं ने काफी सराहा।कार्यक्रम का समापन निदेशक डॉ. प्रबोध कुमार त्रिवेदी द्वारा छात्राओं को प्रमाण पत्र वितरित कर एवं सम्मानित करते हुए किया गया। अपने संबोधन में उन्होंने छात्राओं एवं शिक्षकों का स्वागत करते हुए औषधीय एवं सुगंधित पौधों, जैव प्रौद्योगिकी तथा सतत कृषि के क्षेत्र में संस्थान के महत्वपूर्ण योगदान पर प्रकाश डाला।

उन्होंने संस्थान द्वारा कम निकोटिन वाले तंबाकू पर किए गए हालिया शोध की जानकारी देते हुए बताया कि उन्नत जीनोम एडिटिंग तकनीकों के माध्यम से कम निकोटिन युक्त तंबाकू पौधों का सफल विकास किया गया है। उन्होंने कहा कि यह अभिनव शोध निकोटिन पर निर्भरता कम करने तथा तंबाकू सेवन से होने वाले दुष्प्रभावों को कम करने में सहायक हो सकता है। उन्होंने वैज्ञानिक टीम के प्रयासों की सराहना करते हुए समाजहित एवं राष्ट्र विकास के लिए अनुसंधान के प्रति संस्थान की प्रतिबद्धता दोहराई।

कार्यक्रम में कक्षा 9वीं, 10वीं, 11वीं एवं 12वीं की कुल 21 छात्राओं ने भाग लिया। यह एक्सपोजर विजिट विद्यार्थियों में वैज्ञानिक जिज्ञासा विकसित करने तथा विज्ञान, नवाचार एवं औषधीय एवं सुगंधित पौधों के क्षेत्र में अनुसंधान के प्रति रुचि बढ़ाने के उद्देश्य से आयोजित की गई।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here