फिटनेस और स्वास्थ्य का संदेश, 13 हजार से अधिक लोगों ने थामी साइकिल की हैंडल

0
28

लखनऊ। विश्व साइकिल दिवस के अवसर पर भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) के नेताजी सुभाष क्षेत्रीय केंद्र (एनएसआरसी), लखनऊ की ओर से रविवार को जनेश्वर मिश्र पार्क में आयोजित ‘संडेज ऑन साइकिल’ अभियान में बड़ी संख्या में लोगों ने हिस्सा लिया।

फिट इंडिया मूवमेंट और खेलो इंडिया कार्यक्रम के तहत आयोजित इस अभियान में उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के विभिन्न केंद्रों पर 13,300 से अधिक प्रतिभागियों ने साइकिलिंग की। कार्यक्रम के तहत जनेश्वर मिश्र पार्क में योग एवं जुम्बा सत्र आयोजित किए गए, जिसके बाद 12 किलोमीटर की साइकिल रैली निकाली गई। रैली में युवाओं, खिलाड़ियों, साइकिलिंग समूहों और विभिन्न संस्थानों के प्रतिनिधियों ने भागीदारी की।

आयोजकों के अनुसार लखनऊ में 4,200 से अधिक लोग इस अभियान से जुड़े, जिनमें 1,500 से अधिक सदस्य विभिन्न साइकिलिंग क्लबों और संस्थाओं के थे। वहीं उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के 100 खेलो इंडिया केंद्रों में करीब 8,000 लोगों ने साइकिलिंग की।

इसके अलावा एनएसआरसी लखनऊ के अधीन संचालित पांच साई प्रशिक्षण केंद्रों के 1,100 खिलाड़ियों ने भी भाग लिया। कार्यक्रम में एथलीट अजय पटेलिया सिंह, राजन कुमार, सुमित कुमार, गौरव यादव और प्रियांशी प्रजापत को सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर क्षेत्रीय भविष्य निधि आयुक्त अश्विन कुमार गुप्ता, एसजीएसटी के उपायुक्त दिव्येंद्र शेखर गौतम, एनडीआरएफ के उप कमांडेंट नवीन शर्मा, सीआरपीएफ की उप कमांडेंट रंजना, सहायक कमांडेंट आर.के. तिवारी तथा उद्यान अधिकारी शशि कुमार भारती सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ साई के निदेशक लेफ्टिनेंट कर्नल गौरव सिंह, सहायक निदेशक मनीष कुमार और सहायक निदेशक प्रवीण कुमार सी.एम. ने किया। इस दौरान क्षेत्रीय निदेशक प्रभारी आत्मा प्रकाश ने नियमित साइकिलिंग और शारीरिक गतिविधियों को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने पर जोर दिया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here