मुंबई। लखनऊ क्रिकेट अकादमी के सचिव एवं वरिष्ठ क्रिकेट प्रशिक्षक अरशी रज़ा का मुंबई स्थित राजू पाठक क्रिकेट अकादमी में सम्मान किया गया। जोगेश्वरी स्थित अकादमी में आयोजित कार्यक्रम में अकादमी के संस्थापक एवं वरिष्ठ क्रिकेट कोच राजू पाठक ने अरशी रज़ा का शॉल ओढ़ाकर और स्मृति-चिह्न भेंट कर अभिनंदन किया।
इस अवसर पर अरशी रज़ा ने अकादमी के खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और उन्हें संबोधित करते हुए क्रिकेट में अनुशासन, निरंतर अभ्यास और समर्पण के महत्व पर प्रकाश डाला।
उन्होंने कहा कि 1997 से लखनऊ क्रिकेट अकादमी और राजू पाठक क्रिकेट अकादमी के बीच खिलाड़ियों के प्रशिक्षण और क्रिकेट गतिविधियों को लेकर लगातार सहयोग बना हुआ है, जिससे दोनों संस्थानों के खिलाड़ियों को लाभ मिला है।
ये भी पढ़ें : शिवांशु रावत के हरफनमौला खेल से सफीपुर क्रिकेट क्लब की शानदार जीत
राजू पाठक ने अरशी रज़ा के क्रिकेट विकास में योगदान की सराहना करते हुए कहा कि दोनों अकादमियों का यह सहयोग भविष्य में भी खिलाड़ियों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
राजू पाठक क्रिकेट अकादमी ने मुंबई में कम समय में अपनी अलग पहचान बनाई है। इस अकादमी से पृथ्वी शॉ और सरफराज़ खान जैसे प्रतिभाशाली क्रिकेटर निकले हैं, जबकि भारतीय टीम के स्टार बल्लेबाज़ रोहित शर्मा ने भी अपने शुरुआती क्रिकेट करियर के दौरान राजू पाठक के मार्गदर्शन में प्रशिक्षण प्राप्त किया था। कार्यक्रम में अकादमी के कई वरिष्ठ प्रशिक्षक, पूर्व खिलाड़ी और युवा क्रिकेटर भी उपस्थित रहे।









