लखनऊ। लखनऊ जिला एथलेटिक्स संघ की देखरेख में राज्य स्तरीय यूथ एथलेटिक्स प्रतियोगिता के लिए लखनऊ टीम के गठन के लिये चयन ट्रायल एक अगस्त को आयोजित किए जाएंगे। ट्रायल सुबह आठ बजे से केडी सिंह बाबू स्टेडियम में होंगे, जिसमें जिले के प्रतिभाशाली एथलीट विभिन्न स्पर्धाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
लखनऊ जिला एथलेटिक्स संघ के सचिव बीआर वरुण ने बताया कि उत्तर प्रदेश राज्य एथलेटिक्स संघ के तत्वावधान में सात और आठ अगस्त को प्रयागराज में राज्य स्तरीय यूथ एथलेटिक्स प्रतियोगिता आयोजित होगी। चयन ट्रायल के आधार पर गठित लखनऊ टीम इस प्रतियोगिता में जिले का प्रतिनिधित्व करेगी और पदकों के लिए चुनौती पेश करेगी।
प्रतियोगिता में वही खिलाड़ी भाग लेने के पात्र होंगे जिनकी जन्मतिथि 4 सितंबर 2008 से 3 सितंबर 2010 के बीच है। चयन ट्रायल के दौरान
100, 200, 400 और 1000 मीटर दौड़, 5000 मीटर रेस वॉक, 110 मीटर हर्डल (बालक), 100 मीटर हर्डल (बालिका), लंबी कूद, ऊंची कूद, गोला फेंक, भाला फेंक तथा डिस्कस थ्रो जैसी स्पर्धाओं में खिलाड़ियों का प्रदर्शन परखा जाएगा।
ये भी पढ़ें : जूनियर राष्ट्रीय हॉकी चैंपियनशिप : यूपी टीम में गाजीपुर के छह प्लेयर्स की एंट्री
संघ ने जिले के सभी पात्र खिलाड़ियों से समय पर ट्रायल में पहुंचने की अपील की है। इच्छुक खिलाड़ी अधिक जानकारी के लिए एक अगस्त की सुबह केडी सिंह बाबू स्टेडियम में जिला एथलेटिक्स संघ के सचिव बीआर वरुण से संपर्क कर सकते हैं। उनका मोबाइल नंबर 9415027942 है।










