आईएफएल में शनिवार को दो मुकाबले, मोहम्मडन की शिलांग लाजोंग से भिड़ंत

0
55

हाईलाइट्स

  • गोकुलम केरल के सामने पदार्पण करेगी समलेश्वरी एससी
  • दोनों मैचों का सीधा प्रसारण डीडी स्पोर्ट्स पर

कल्याणी/कोझिकोड। इंडियन फुटबॉल लीग (आईएफएल) 2026-27 में शनिवार को दो मुकाबले खेले जाएंगे। दिन के पहले मैच में मोहम्मडन स्पोर्टिंग क्लब का सामना पिछले सत्र की उपविजेता शिलांग लाजोंग एफसी से होगा।

वहीं, दूसरे मुकाबले में दो बार की चैंपियन गोकुलम केरल एफसी अपने घरेलू मैदान पर लीग में पहली बार हिस्सा ले रही समलेश्वरी एससी से भिड़ेगी।

मोहम्मडन और शिलांग लाजोंग के बीच मुकाबला कल्याणी फुटबॉल स्टेडियम में शाम चार बजे शुरू होगा। इसके बाद कोझिकोड के ईएमएस कॉरपोरेशन स्टेडियम में गोकुलम केरल और समलेश्वरी एससी की टीमें शाम 6:30 बजे आमने-सामने होंगी।

दोनों मैचों का सीधा प्रसारण डीडी स्पोर्ट्स पर होगा। इसके अलावा जी5, वेव्स ऐप और यूनाइट8 स्पोर्ट्स के यूट्यूब चैनल पर भी मुकाबले देखे जा सकेंगे।

खिताब जीतने वाली मोहम्मडन की वापसी

मोहम्मडन एससी तीन साल बाद आईएफएल में वापसी कर रहा है। टीम ने आखिरी बार 2023-24 सत्र में इस प्रतियोगिता में हिस्सा लिया था और चैंपियन बनकर पदोन्नति हासिल की थी। अब नए सत्र में क्लब की कोशिश जीत के साथ अभियान शुरू करने की होगी।

मुख्य कोच सईद रहमान एक बार फिर टीम की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। उन्होंने कलकत्ता फुटबॉल लीग में खेलने वाले खिलाड़ियों के समूह पर भरोसा जताया है। कप्तान महितोष रॉय के अलावा फरदीन अली मोल्ला, इस राफिल दीवान और हीरा मंडल जैसे खिलाड़ी टीम का हिस्सा हैं।

सहायक कोच सुधीर मिश्रा ने कहा कि तैयारी के लिए समय कम मिला, लेकिन टीम पूरी तरह केंद्रित है और जीत के साथ शुरुआत करना चाहती है। कप्तान महितोष रॉय ने भी खिलाड़ियों के बीच बेहतर तालमेल को टीम की ताकत बताया। उनके अनुसार, लंबे समय से साथ खेल रहे खिलाड़ियों के बीच अच्छा सामंजस्य है और टीम मुकाबले के लिए तैयार है।

हालांकि, सामने शिलांग लाजोंग की मजबूत चुनौती होगी। पिछले सत्र में मुख्य कोच बिरेन्द्र थापा के मार्गदर्शन में पूरी तरह भारतीय खिलाड़ियों के दम पर टीम ने 28 अंक हासिल कर उपविजेता स्थान प्राप्त किया था।

वह चैंपियन डायमंड हार्बर एफसी से केवल एक अंक पीछे रही थी। लाजोंग ने पिछले सत्र के अंतिम मुकाबले में चैंपियन टीम को 3-0 से हराकर अपनी क्षमता भी दिखाई थी।

फ्रांगकी बुआम पिछले सत्र में आठ गोल के साथ लीग के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुने गए थे। इस बार भी उनसे टीम को काफी उम्मीदें होंगी। एवरब्राइट साना के अलावा ब्राजील के डिफेंडर आर्थर पंगारो और जोटा के जुड़ने से टीम को विदेशी अनुभव भी मिला है।

मुख्य कोच बिरेन्द्र थापा ने कहा कि डूरंड कप के बाद से ही टीम आईएफएल की शुरुआत का इंतजार कर रही थी। खिलाड़ी पूरी तरह तैयार और उत्साहित हैं। उन्होंने मोहम्मडन को मजबूत भारतीय खिलाड़ियों वाली टीम बताते हुए मुकाबले को चुनौतीपूर्ण माना, लेकिन तीन अंक हासिल करने का लक्ष्य भी स्पष्ट किया।

नई शुरुआत करना चाहेगा गोकुलम

दूसरे मुकाबले में गोकुलम केरल एफसी पिछले सत्र की निराशा को पीछे छोड़कर नई शुरुआत करना चाहेगी। पिछले सत्र में टीम का प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा था।

नौ लीग मुकाबलों में केवल दो जीत के साथ उसे नौवें स्थान पर रहना पड़ा और रेलीगेशन राउंड में उतरना पड़ा। लीग में बने रहने के लिए उसे आखिरी मुकाबले तक संघर्ष करना पड़ा था।

नमधारी एससी के खिलाफ निर्णायक मुकाबले में गोकुलम ने अतिरिक्त समय में त्रिजॉय सैवियो डायस के गोल की बदौलत 1-0 से जीत दर्ज कर लीग में अपनी जगह बचाई थी।

नए सत्र के लिए क्लब ने टीम में बड़े बदलाव किए हैं। ब्राजील के कार्लोस एडुआर्डो परेरा को मुख्य कोच बनाया गया है। उनके पास ब्राजील, थाईलैंड और इंडोनेशिया में कोचिंग का अनुभव है।

टीम में ब्राजील के फॉरवर्ड क्रिसलान और घाना के स्ट्राइकर डेनी एंटवी भी शामिल हुए हैं। डेनी इससे पहले 2020-21 के खिताबी सत्र में गोकुलम के लिए 15 मैचों में 11 गोल कर चुके हैं। मिडफील्डर लालचुंगनुंगा छांगटे भी टीम से जुड़े हैं।

कोच परेरा ने कहा कि सिक्किम में आयोजित प्रतियोगिता से खिलाड़ियों को मैच फिटनेस हासिल करने और टीम की क्षमता परखने का मौका मिला।

उन्होंने घरेलू मैदान पर जीत के साथ शुरुआत को जरूरी बताते हुए कहा कि इसके बाद टीम को लगातार पांच मुकाबले विरोधी टीमों के मैदान पर खेलने हैं। गोलकीपर शिबिन राज कुन्नियिल ने भी पिछले सत्र की गलतियों से सीख लेकर नए सिरे से शुरुआत करने की बात कही।

समलेश्वरी एससी के लिए ऐतिहासिक मौका

ओडिशा के संबलपुर में 2006 में स्थापित समलेश्वरी स्पोर्टिंग क्लब शनिवार को अपना पहला आईएफएल मुकाबला खेलेगा। क्लब के लिए यह ऐतिहासिक अवसर है। टीम अपने घरेलू मुकाबले राउरकेला के बिरसा मुंडा एथलेटिक्स स्टेडियम में खेलेगी। इस सत्र के लिए टीम में ओडिशा के 10 खिलाड़ी शामिल किए गए हैं।

मुख्य कोच अब्दुल अजीम सिद्दीकी ने कहा कि आईएफएल में ओडिशा की टीम की भागीदारी प्रदेश के फुटबॉल के लिए गर्व का विषय है। टीम ने काफी पहले से तैयारी शुरू कर दी थी और खिलाड़ी अनुशासित तथा मुकाबले के लिए उत्साहित हैं।

ये भी पढ़ें : जी5 और डीडी स्पोर्ट्स पर आईएफएल के मुकाबले, प्रसारण नेटवर्क का विस्तार

समलेश्वरी ने डूरंड कप में भी अपनी क्षमता दिखाई थी। टीम ने 2 अगस्त को कोलकाता में मोहम्मडन एससी को 3-2 से हराया था। अब उसका सामना दो बार की आई-लीग चैंपियन गोकुलम केरल से होगा।

सिद्दीकी ने गोकुलम को प्रतिष्ठित क्लब बताते हुए कहा कि उसके पास अनुभवी कोचिंग स्टाफ और अच्छे अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी हैं। उनकी टीम किसी दबाव में आए बिना अगले 90 मिनट में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने की कोशिश करेगी।

उन्होंने केरल में रहने वाले ओडिया समुदाय से भी टीम का समर्थन करने की अपील की। खिलाड़ी रोशन पन्ना ने कहा कि टीम ने पूरे प्री-सीजन में अच्छी तैयारी की है और पहले मुकाबले के लिए पूरी तरह तैयार है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here