अजेय अभियान जारी रखने के इरादे से मोहन बागान से भिड़ेगा पंजाब एफसी

1
60

कोलकाता: पंजाब एफसी इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) 2026-27 सीजन में अपने अजेय अभियान को बरकरार रखने और शानदार लय जारी रखने के इरादे से शनिवार को विवेकानंद युवा भारती क्रीड़ांगन में दिग्गज टीम मोहन बागान सुपर जायंट का सामना करेगी। मुकाबला शाम 7:30 बजे शुरू होगा।

पंजाब एफसी तीन मुकाबलों में सात अंक हासिल कर अंक तालिका में दूसरे स्थान पर है, जबकि मोहन बागान इतने ही मैचों में छह अंकों के साथ पांचवें स्थान पर मौजूद है।

पंजाब एफसी का आत्मविश्वास अपने पिछले मुकाबले में चर्चिल ब्रदर्स के खिलाफ गोवा में मिली रोमांचक 3-2 की जीत से काफी बढ़ा हुआ है। इस मैच में सनथोई सिंह ने 95वें मिनट में विजयी गोल किया था। वहीं, मोहन बागान ने कोलकाता में चेन्नईयिन एफसी को 1-0 से हराया था, जिसमें मैनवीर सिंह ने 85वें मिनट में निर्णायक गोल दागा था।

मुख्य कोच पावलोस डर्मिट्जाकिस ने इस सीजन में अपनी टीम का शानदार तरीके से इस्तेमाल किया है। उन्होंने मुकाबलों के अहम मौकों पर सही समय पर रणनीतिक बदलाव किए हैं, जिससे पंजाब एफसी विपक्षी टीमों पर अंतिम मिनटों में दबाव बनाने में सफल रही है।

द शेर के अब तक खेले गए तीनों मुकाबलों का फैसला अंतिम मिनटों में हुआ है। पहले मैच में राफेल मेसी बोउली ने ओडिशा के खिलाफ विजयी गोल किया, मुंबई के खिलाफ गुरकीरत सिंह ने बराबरी का गोल दागा और चर्चिल ब्रदर्स के खिलाफ सनथोई सिंह ने निर्णायक गोल किया।

मोहन बागान के खिलाफ मुकाबले को लेकर मुख्य कोच डर्मिट्जाकिस ने कहा, “हम जानते हैं कि कल का मुकाबला काफी कठिन और चुनौतीपूर्ण होने वाला है।

हमारे सामने देश की सबसे मजबूत और सबसे बड़े क्लबों में से एक टीम होगी। हमने अपनी तरफ से सर्वश्रेष्ठ तैयारी की है और अपने हर मुकाबले की तरह इस मैच में भी सकारात्मक परिणाम हासिल करने तथा सीजन की अच्छी शुरुआत को जारी रखने के लिए पूरा जोर लगाएंगे।”

ग्रीक कोच डर्मिट्जाकिस का सामना अपने ही देश के कोच और पंजाब एफसी के पूर्व मुख्य कोच पानोस दिलिम्पेरिस से होगा, जिन्होंने पिछले दो सीजन तक टीम का मार्गदर्शन किया था।

पानोस के खिलाफ मुकाबले को लेकर पूछे जाने पर डर्मिट्जाकिस ने कहा, “पानोस ऐसे कोच हैं जिन्होंने पिछले दो सीजन में पंजाब में शानदार काम किया है और मुझे पूरा विश्वास है कि वह मोहन बागान में भी ऐसा ही करेंगे।

मैं कल उनका सामना करके खुश हूं, क्योंकि वह मेरे अच्छे दोस्त हैं। हालांकि, मैदान के बाहर हमारी दोस्ती अपनी जगह है, लेकिन टचलाइन पर दोनों कोच केवल अपनी-अपनी टीम के हित के बारे में सोचेंगे।”

दोनों टीमें इससे पहले आईएफए शील्ड के सेमीफाइनल में भी आमने-सामने आ चुकी हैं, जहां 120 मिनट तक मुकाबला गोलरहित रहने के बाद मोहन बागान ने पेनल्टी शूटआउट में जीत दर्ज की थी।

आईएसएल में पंजाब एफसी का मोहन बागान के खिलाफ रिकॉर्ड अब तक अच्छा नहीं रहा है। कोलकाता की टीम ने पिछले सभी मुकाबलों में पंजाब को शिकस्त दी है।

मुकाबले से पहले पंजाब एफसी के कप्तान निखिल प्रभु ने टीम की बेंच स्ट्रेंथ और खिलाड़ियों की भूमिका के महत्व पर जोर देते हुए कहा, “कोच ने सभी खिलाड़ियों को स्पष्ट कर दिया है कि हर किसी की अपनी जिम्मेदारी है।

हमारे लिए सिर्फ शुरुआती एकादश ही नहीं, बल्कि बेंच से मैदान पर उतरने वाले खिलाड़ी भी उतने ही महत्वपूर्ण हैं। हमारे पास अनुभवी खिलाड़ी हैं, जो युवा खिलाड़ियों के साथ लगातार बातचीत करते हैं और उन्हें आगे बढ़ने तथा अपने खेल में सुधार करने में मदद करते हैं।”

ये भी पढ़ें : पंजाब एफसी का फिर दिखा दम, इंजरी टाइम में गोल से चर्चिल ब्रदर्स को हराया

डर्मिट्जाकिस ने पिछले मुकाबलों में टीम की रक्षात्मक कमजोरियों और चार गोल गंवाने पर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा, “पिछले मुकाबलों में हमने जो गोल गंवाए हैं, वह निश्चित रूप से हमारे लिए चिंता का विषय है।

हालांकि, हम ट्रेनिंग में इन कमियों को दूर करने के लिए लगातार काम कर रहे हैं। फुटबॉल में हम अकेले नहीं खेलते, विपक्षी टीम भी मैदान पर होती है और वह हमें मुश्किल में डालने की कोशिश करती है। यही इस खेल का हिस्सा है।”

इस सीजन में सेंटर बैक की भूमिका में लौटे निखिल प्रभु ने भी टीम की रक्षात्मक गलतियों पर अपनी बात रखी। उन्होंने कहा, “पिछले मैच में मेरी तरफ से कुछ छोटी गलतियां हुई थीं, लेकिन मैंने कोचिंग स्टाफ के साथ उन पर काम किया है और उन्हें सुधार लिया है।

मैंने अपने करियर की शुरुआत सेंटर बैक के रूप में की थी, जिसके बाद मेरी पोजिशन को डिफेंसिव मिडफील्डर में बदल दिया गया। मुझे मिडफील्ड में खेलना काफी पसंद है,

लेकिन टीम की जरूरत के अनुसार किसी भी भूमिका में योगदान देने के लिए मैं हमेशा तैयार हूं। हमने हाल के मुकाबलों में हुई गलतियों का विश्लेषण किया है और ट्रेनिंग में उन पर काम किया है। हम इस मुकाबले के लिए पूरी तरह तैयार हैं।”

दो ग्रीक कोचों के बीच होने वाला यह मुकाबला पहले से ही महत्वपूर्ण मैच में एक नया रोमांच जोड़ रहा है। पंजाब एफसी के पूर्व मुख्य कोच पानोस दिलिम्पेरिस अब विपक्षी टीम की कमान संभाल रहे हैं।

हालांकि, डर्मिट्जाकिस और उनके खिलाड़ी अपना पूरा ध्यान अजेय अभियान को जारी रखने और अंक तालिका में शीर्ष स्थानों के करीब बने रहने पर लगाएंगे।

मोहन बागान के खिलाफ, जिसने आईएसएल में पंजाब एफसी के विरुद्ध अब तक अपने सभी मुकाबले जीते हैं, पंजाब की टीम इस बार इतिहास बदलने के इरादे से मैदान पर उतरेगी। टीम अपनी हालिया शानदार फॉर्म को बरकरार रखते हुए कोलकाता से तीन अंक लेकर लौटना चाहेगी।

1 COMMENT

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here