हाईलाइट्स
- यूनाइट8 स्पोर्ट्स के यूट्यूब चैनल पर भी मुफ्त लाइव स्ट्रीमिंग
- 30 अक्टूबर से शुरू होगा नया सीजन
नई दिल्ली। इंडियन फुटबॉल लीग (आईएफएल) ने 2026-27 सीजन को देशभर के फुटबॉल प्रशंसकों तक पहुंचाने के लिए अपने प्रसारण नेटवर्क का विस्तार किया है।
इसके तहत ज़ी एंटरटेनमेंट एंटरप्राइजेज (ज़ील) और डीडी स्पोर्ट्स को लीग का प्रसारण एवं स्ट्रीमिंग पार्टनर बनाया गया है। नए सीजन के सभी मुकाबलों का सीधा प्रसारण डीडी स्पोर्ट्स पर होगा, जबकि डिजिटल प्लेटफॉर्म पर प्रशंसक ज़ी5, वेव्स और यूनाइट8 स्पोर्ट्स के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर मैच देख सकेंगे।
इसके अलावा कुछ चुनिंदा मुकाबलों का प्रसारण यूनाइट8 स्पोर्ट्स पर भी किया जाएगा। इस बहु-मंचीय व्यवस्था के जरिए लीग की पहुंच टेलीविजन के साथ डिजिटल दर्शकों तक बढ़ाने की तैयारी है। आयोजकों को उम्मीद है कि इससे पिछले सीजन के 17.56 मिलियन टेलीविजन दर्शकों के आंकड़े को भी पीछे छोड़ा जा सकेगा।
आईएफएल के सीईओ निलदीप मंडल ने कहा कि 2026-27 का सीजन लीग के लिए महत्वपूर्ण है। ज़ी के जुड़ने और कई टेलीविजन एवं डिजिटल प्लेटफॉर्म पर मुकाबले उपलब्ध होने से देश के अलग-अलग क्षेत्रों के फुटबॉल प्रशंसकों तक पहुंचना आसान होगा। इससे भारतीय क्लब फुटबॉल में बढ़ती दिलचस्पी को और विस्तार मिलेगा।
ज़ी स्पोर्ट्स नेटवर्क के चीफ बिजनेस ऑफिसर बावेश जनावलेकर ने कहा कि भारतीय फुटबॉल के विकास के लिए प्रशंसकों तक उनकी पसंद के प्लेटफॉर्म पर पहुंचना जरूरी है।
ज़ी5 और यूनाइट8 स्पोर्ट्स के माध्यम से लीग को देशभर के दर्शकों तक पहुंचाने की दिशा में काम किया जाएगा। उन्होंने इसे भारतीय फुटबॉल के लिए दीर्घकालिक साझेदारी बताया।
11 टीमें खेलेंगी होम-एंड-अवे प्रारूप में
आईएफएल के नए सीजन की शुरुआत 30 अक्टूबर को श्रीनगर के टीआरसी स्टेडियम में रियल कश्मीर एफसी और नवोदित टीम नागालैंड यूनाइटेड एससी के मुकाबले से होगी।
मैच शाम 6:30 बजे शुरू होगा। प्रतियोगिता 20 मार्च 2027 तक चलेगी। इसमें 11 टीमें पूरी तरह होम-एंड-अवे राउंड रॉबिन प्रारूप में हिस्सा लेंगी। इस व्यवस्था के तहत प्रत्येक टीम को 20 लीग मुकाबले खेलने होंगे।
इस सीजन में नागालैंड यूनाइटेड एससी और समलेश्वरी स्पोर्टिंग क्लब के शामिल होने से लीग का दायरा भी बढ़ेगा। शिलॉन्ग लाजोंग एफसी के मैनेजिंग डायरेक्टर लारसिंग एलडी सॉव्यान ने नए प्रसारण नेटवर्क का स्वागत करते हुए कहा कि मजबूत प्रसारण साझेदारों की भागीदारी भारतीय घरेलू फुटबॉल के भविष्य के लिए सकारात्मक कदम है।
उन्होंने पिछले सीजन की दर्शक संख्या का उल्लेख करते हुए कहा कि आईएफएल को आईएसएल की तुलना में 1.6 गुना अधिक दर्शक मिले थे। इस बार यूट्यूब सहित कई प्लेटफॉर्म पर मैचों की उपलब्धता से दर्शकों की संख्या और बढ़ने की उम्मीद है। उनके अनुसार मजबूत घरेलू लीग ही भारतीय फुटबॉल के दीर्घकालिक विकास का आधार बन सकती हैं।
ये भी पढ़ें : अजेय अभियान जारी रखने के इरादे से मोहन बागान से भिड़ेगा पंजाब एफसी














[…] […]