लखनऊ। स्वच्छ भारत मिशन के तहत चल रहे स्वच्छता पखवाड़ा के अंतर्गत भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) के नेताजी सुभाष क्षेत्रीय केंद्र (एनएसआरसी), लखनऊ में शुक्रवार को व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया गया।
अभियान में अधिकारियों, कर्मचारियों, खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और सहयोगी स्टाफ ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते हुए पूरे परिसर की साफ-सफाई की और स्वच्छ वातावरण बनाए रखने का संदेश दिया।
सरोजनी नगर स्थित एनएसआरसी परिसर में सुबह 11 बजे शुरू हुए अभियान के दौरान प्रतिभागियों ने विभिन्न स्थानों की सफाई की और स्वच्छता को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया। अभियान का उद्देश्य केवल संस्थान परिसर को स्वच्छ रखना ही नहीं, बल्कि समाज में भी स्वच्छता और जिम्मेदार अपशिष्ट प्रबंधन के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।
इस अवसर पर क्षेत्रीय निदेशक (प्रभारी) आत्म प्रकाश तथा निदेशक लेफ्टिनेंट कर्नल गौरव सिंह ने अभियान में शामिल सभी अधिकारियों, कर्मचारियों, खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और सहयोगी स्टाफ की सराहना की।
उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल किसी एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की साझा जिम्मेदारी है और स्वच्छ एवं हरित भारत के निर्माण में सभी की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है।
ये भी पढ़ें : साई लखनऊ में ओलंपिक मेडल विनर सहरावत सहित दिग्गजों ने किया योग
ये भी पढ़ें : खेलो इंडिया योजना के लिए ₹36,441 करोड़ मंजूर, खिलाड़ियों को बड़ा लाभ
अधिकारियों ने कहा कि इस प्रकार के अभियान खिलाड़ियों में अनुशासन, सामाजिक उत्तरदायित्व और नागरिक कर्तव्यों के प्रति जागरूकता विकसित करने के साथ-साथ स्वच्छ भारत मिशन के उद्देश्यों को आगे बढ़ाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।













