लखनऊ। लेफ्टिनेंट जनरल जे. देबनाथ ने शनिवार को आर्मी मेडिकल कोर (एएमसी) सेंटर एवं कॉलेज के कमांडेंट तथा एएमसी रिकॉर्ड्स के ऑफिसर-इन-चार्ज (ओआईसी) का पदभार ग्रहण किया। इससे पहले वह मुख्यालय पूर्वी कमान में मेजर जनरल मेडिकल (एमजी मेड) के पद पर कार्यरत थे।
लखनऊ स्थित एएमसी सेंटर एवं कॉलेज भारतीय सेना का प्रमुख सैन्य चिकित्सा प्रशिक्षण संस्थान है। यह संस्थान आर्मी मेडिकल कोर के अधिकारियों को प्रशिक्षण देने, सैन्य चिकित्सा शिक्षा को सुदृढ़ बनाने तथा पेशेवर उत्कृष्टता के उच्च मानकों को बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
असम के सिलचर मेडिकल कॉलेज के पूर्व छात्र लेफ्टिनेंट जनरल जे. देबनाथ एक प्रतिष्ठित रेडियोलॉजिस्ट हैं। उन्होंने सीटी और एमआरआई में विशेष प्रशिक्षण प्राप्त किया है।
अपने 36 वर्ष के सैन्य चिकित्सा सेवा के दौरान उन्होंने आर्म्ड फोर्सेस मेडिकल सर्विसेज में क्लिनिकल, अकादमिक, ऑपरेशनल, अनुसंधान और प्रशासनिक क्षेत्रों में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाई हैं। अपने सैन्य करियर में उन्होंने कई महत्वपूर्ण कमान, स्टाफ और प्रशिक्षण संबंधी पदों पर कार्य किया है।
मरीजों की देखभाल, चिकित्सा शिक्षा, स्वास्थ्य सेवा प्रबंधन और सैन्य चिकित्सा के क्षेत्र में उनके योगदान को व्यापक रूप से सराहा गया है।
नेतृत्व क्षमता और संस्थान निर्माण में उनके अनुभव ने उन्हें एक कुशल चिकित्सक, शिक्षक और प्रशासक के रूप में विशिष्ट पहचान दिलाई है।
ये भी पढ़ें : मेडिकल ऑफिसर्स बेसिक कोर्स में 127 ने लिया विशेष सैन्य चिकित्सा प्रशिक्षण
लेफ्टिनेंट जनरल जे. देबनाथ इससे पहले कमान हॉस्पिटल, मध्य कमान, लखनऊ के कमांडेंट भी रह चुके हैं। इसके अलावा उन्हें लगभग चार वर्षों तक मेडिकल जर्नल आर्म्ड फोर्सेज इंडिया (एमजेएएफआई) के एडिटर-इन-चीफ के रूप में भी कार्य करने का गौरव प्राप्त है।
एएमसी सेंटर एवं कॉलेज के कमांडेंट के रूप में उनके नेतृत्व में संस्थान में सैन्य चिकित्सा शिक्षा को और सशक्त बनाने, प्रशिक्षण में नवाचार को बढ़ावा देने, अनुसंधान गतिविधियों को प्रोत्साहित करने तथा नेतृत्व विकास को नई दिशा देने पर विशेष जोर रहेगा।
साथ ही आर्मी मेडिकल कोर की चिकित्सा सेवाओं, परिचालन तैयारियों और मानव संसाधन विकास को और अधिक मजबूत बनाने की दिशा में भी उनके अनुभव का लाभ मिलेगा।













