लखनऊ। प्रतिभा, समर्पण और निरंतर अभ्यास उम्र के मोहताज नहीं होते। इसका उदाहरण पेश करते हुए विश्व रिकॉर्ड धारक मोहलक्षिका सिंह ने मात्र 6 वर्ष 9 माह की आयु में कराटे की प्रतिष्ठित ब्लैक बेल्ट (शोदान) परीक्षा सफलतापूर्वक उत्तीर्ण कर एक और ऐतिहासिक उपलब्धि अपने नाम दर्ज की।
इस उपलब्धि के साथ वह उत्तर प्रदेश की सबसे कम उम्र की बालिका बन गई हैं, जिन्हें ब्लैक बेल्ट (शोदान) का सम्मान प्राप्त हुआ है। मोहलक्षिका को यह सम्मान कराटे एसोसिएशन उत्तर प्रदेश के महासचिव जसपाल सिंह ने प्रदान किया।
इस अवसर पर वर्ल्ड मॉडर्न शोतोकॉन कराटे फेडरेशन उत्तर प्रदेश के महासचिव एवं उनके प्रशिक्षक संतोष जायसवाल तथा कराटे एसोसिएशन ऑफ लखनऊ के सचिव कृष्णा अवतार भी उपस्थित रहे। सभी ने मोहलक्षिका की इस उपलब्धि की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
लामार्टिनियर गर्ल्स कॉलेज, लखनऊ की छात्रा मोहलक्षिका सिंह की इस उपलब्धि पर कराटे एसोसिएशन उत्तर प्रदेश के पदाधिकारियों, खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों ने उन्हें हार्दिक बधाई दी। सभी ने विश्वास व्यक्त किया कि वह आने वाले वर्षों में राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए भारत और उत्तर प्रदेश का नाम और अधिक गौरवान्वित करेंगी।
गौरतलब है कि मोहलक्षिका सिंह इससे पहले अमेजिंग ओलंपिया वर्ल्ड रिकॉर्ड्स, कनाडा में ‘मोस्ट अल्टरनेटिंग टू हैंड एंड वन हैंड कार्टव्हील सीक्वेंस’ श्रेणी में विश्व रिकॉर्ड स्थापित कर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का परिचय दे चुकी हैं। अब कराटे में ब्लैक बेल्ट (शोदान) हासिल कर उन्होंने अपनी उपलब्धियों में एक और महत्वपूर्ण अध्याय जोड़ दिया है।













