लखनऊ। योनेक्स सनराइज डॉ. अखिलेश दास गुप्ता मेमोरियल ऑल इंडिया सीनियर रैंकिंग बैडमिंटन टूर्नामेंट 2026 में भारतीय बैडमिंटन के कई नामी खिलाड़ी अपनी चुनौती पेश करने को तैयार हैं।
डॉ. अखिलेश दास गुप्ता मेमोरियल ऑल इंडिया सीनियर रैंकिंग बैडमिंटन टूर्नामेंट
दो बार के सैयद मोदी टूर्नामेंट चैंपियन समीर वर्मा और स्टार भारतीय शटलर लक्ष्य सेन के बड़े भाई चिराग सेन भी पुरुष एकल के क्वालीफायर में उतरेंगे। पुरुष एकल क्वालीफायर में समीर वर्मा को तीसरी और चिराग सेन को 21वीं वरीयता दी गई है।
पूर्व संध्या पर खिलाड़ियों ने पसीना बहाकर की तैयारियों की परख
भारतीय बैडमिंटन एसोसिएशन (बीएआई) के तत्वावधान में उत्तर प्रदेश बैडमिंटन एसोसिएशन द्वारा आयोजित इस टूर्नामेंट में 10 लाख रुपये की इनामी राशि दांव पर होगी, जहां खिलाड़ी खिताब के साथ रैंकिंग अंकों के लिए भी प्रतिस्पर्धा करेंगे।

चार दिवसीय क्वालीफायर मुकाबलों की पूर्व संध्या पर इसमें हिस्सा लेने पहुंचे खिलाड़ियों ने रविवार को बीबीडी यूपी बैडमिंटन अकादमी, गोमतीनगर, विनयखंड स्टेडियम, गोमतीनगर और मटियारी स्थित रजत पीजी कॉलेज में जमकर पसीना बहाया और अपनी तैयारियों की परख की। टूर्नामेंट में क्वालीफाइंग राउंड के मैच 21 से 24 सितंबर तक इन कोर्ट पर खेले जाएंगे। क्वालीफायर मुकाबलों की शुरुआत सोमवार को सुबह आठ बजे से हो जाएगी।
समीर व चिराग की बात करें तो साल 2017 व 2018 में सैयद मोदी टूर्नामेंट के चैंपियन रहे समीर ने अपना पिछला खिताब 2023 में स्लोवेनिया ओपन में जीता था। वहीं 2024 में अजरबैजान इंटरनेशनल में वह उपविजेता रहे थे। समीर इस टूर्नामेंट के जरिए अपनी लय हासिल करने की कोशिश करेंगे।

दूसरी ओर वर्ष 2023 के राष्ट्रीय बैडमिंटन चैंपियन चिराग सेन ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर 2020 में केन्या इंटरनेशनल का खिताब जीता था। लक्ष्य सेन के बड़े भाई चिराग ने गुवाहाटी में आयोजित 85वीं सीनियर नेशनल चैंपियनशिप का खिताब भी अपने नाम किया था।
क्वालीफाइंग राउंड में कुल 1428 खिलाड़ियों की एंट्री हुई है। पुरुष एकल में 750 खिलाड़ी कोर्ट पर उतरेंगे, जबकि महिला एकल में 215 खिलाड़ियों ने प्रवेश लिया है।
पुरुष युगल में 225, महिला युगल में 77 और मिश्रित युगल में 161 खिलाड़ी मुख्य ड्रा में जगह बनाने की कोशिश करेंगे। खिलाड़ियों की बड़ी संख्या के चलते क्वालीफाइंग राउंड में कई मुकाबले रोमांचक होने की उम्मीद है। क्वालीफायर में यूपी के 270 खिलाड़ी चुनौती पेश करेंगे।
सोमवार दोपहर दो बजे सचिव खेल व युवा कल्याण सुहास एलवाई करेंगे उद्घाटन
टूर्नामेंट का उद्घाटन उत्तर प्रदेश के सचिव खेल व युवा कल्याण सुहास एलवाई (आईएएस) द्वारा सोमवार 21 सितंबर को दोपहर दो बजे किया जाएगा। इस अवसर पर यूपी बैडमिंटन एसोसिएशन के चेयरमैन डॉ. नवनीत सहगल व अध्यक्ष विराज सागर दास भी मौजूद रहेंगे।
ये भी पढ़ें : अखिलेश दास गुप्ता मेमोरियल ऑल इंडिया सीनियर रैंकिंग बैडमिंटन टूर्नामेंट 21 से













