संडेज ऑन साइकिल में पत्रकारों ने दिखाया फिटनेस का जज्बा

1
115

लखनऊ। खबरों की भागदौड़ के बीच रविवार को पत्रकारों ने साइकिल की सवारी के साथ फिटनेस का संदेश दिया। भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) के नेताजी सुभाष क्षेत्रीय केंद्र (एनएसआरसी), लखनऊ में आयोजित ‘संडेज ऑन साइकिल’ कार्यक्रम इस बार ‘जर्नलिस्ट’ थीम पर रहा।

शांति नगर परिसर में हुए कार्यक्रम में करीब 130 लोगों ने हिस्सा लिया, जबकि उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के 100 खेलो इंडिया केंद्रों से करीब 1500 प्रतिभागी ऑनलाइन इससे जुड़े।

कार्यक्रम का आयोजन साई एनएसआरसी लखनऊ के क्षेत्रीय निदेशक (प्रभारी) आत्मप्रकाश के नेतृत्व में किया गया। इसमें पत्रकारों के साथ विद्यार्थी, एचएएल साइक्लिंग ग्रुप, योगासन भारत के सदस्य, वुशु प्रदर्शन टीम और साई एनएसआरसी के कर्मचारियों ने भी हिस्सा लिया।

कार्यक्रम में दैनिक भास्कर के संपादक गौरव पांडेय मुख्य अतिथि रहे। आकाशवाणी के पत्रकार मुमताज अली, टाइम्स ऑफ इंडिया के फजल खान और स्वदेश टाइम्स के अरुण कुमार के साथ एचएएल के आलोक वर्मा भी मौजूद रहे।

कार्यक्रम की शुरुआत जुम्बा और योग सत्र से हुई। इसके बाद प्रतिभागियों ने विभिन्न खेल और फिटनेस गतिविधियों में हिस्सा लिया। वुशु टीम ने मार्शल आर्ट का प्रदर्शन किया, जबकि नींबू दौड़, रस्सी कूद, पुश-अप्स और रस्साकशी जैसी प्रतियोगिताओं में भी प्रतिभागियों ने उत्साह दिखाया।

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण छह किलोमीटर की साइकिल रैली रही। इसमें पत्रकारों, खिलाड़ियों और फिटनेस प्रेमियों ने हिस्सा लिया। साई परिसर में हुई इस रैली के माध्यम से नियमित साइकिलिंग, खेल गतिविधियों और सक्रिय जीवनशैली को अपनाने का संदेश दिया गया।

साई की ओर से सभी प्रतिभागियों और अतिथियों को फिट इंडिया की टी-शर्ट और पौष्टिक जलपान भी उपलब्ध कराया गया। कार्यक्रम के दौरान फिटनेस के साथ स्वस्थ जीवनशैली और नियमित शारीरिक गतिविधियों के महत्व पर जोर दिया गया।

साई एनएसआरसी के निदेशक लेफ्टिनेंट कर्नल गौरव सिंह, सहायक निदेशक मनीष कुमार और सहायक निदेशक प्रवीण कुमार सी.एम. ने आयोजन की सराहना की। उन्होंने प्रतिभागियों को खेल और व्यायाम को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया। आयोजन का समापन उत्साहपूर्ण माहौल में हुआ।

ये भी पढ़ें : नागोया में दम दिखाएंगे भारतीय पहलवान, लखनऊ में बढ़ाया गया हौसला

ये भी पढ़ें : खेलो इंडिया योजना 2026-31 में 8 गुना बजट, 30 हजार खिलाड़ियों पर फोकस

ये भी पढ़ें : साई लखनऊ में संडेज ऑन साइकिल, सीएपीएफ संग मना स्वतंत्रता दिवस

1 COMMENT

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here