लखनऊ: भारतीय महिला क्रिकेट टीम की प्रतिभाशाली खिलाड़ी प्रतीका रावल ने अमरावती स्पोर्ट्स सिटी का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने स्पोर्ट्स सिटी की क्रिकेट अकादमी के युवा खिलाड़ियों से मुलाकात की और उनके साथ अपने क्रिकेट करियर के अनुभव साझा किए।
युवा क्रिकेटरों से की मुलाकात, साझा किए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के अनुभव और सफलता के मंत्र
उन्होंने युवा क्रिकेटरों को खेल की बारीकियों, तकनीक, अनुशासन और लगातार बेहतर प्रदर्शन करने के महत्व के बारे में बताया। उनके साथ हुई बातचीत से युवा खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट की चुनौतियों और वहां तक पहुंचने की तैयारी को करीब से समझने का मौका मिला।
– अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाओं, बेहतर प्रशिक्षण व्यवस्था और अनुभवी कोचों के मार्गदर्शन की सराहना की
प्रतीका रावल ने अमरावती स्पोर्ट्स सिटी में उपलब्ध खेल सुविधाओं, प्रशिक्षण व्यवस्था और क्रिकेटरों को मिल रहे मार्गदर्शन की सराहना की। उन्होंने यहां की सुविधाओं, अंतरराष्ट्रीय स्तर के कोचों और खिलाड़ियों को आगे बढ़ने के लिए दिए जा रहे अवसरों को देखकर खुशी जताई। उन्होंने कहा कि किसी भी खिलाड़ी के विकास में सही माहौल, नियमित अभ्यास और अनुभवी कोचों का मार्गदर्शन अहम भूमिका निभाता है।

इस मौके पर प्रतीका रावल ने कहा, “युवा खिलाड़ियों के बीच आकर उनसे बातचीत करना मेरे लिए बहुत अच्छा अनुभव रहा। यहां खिलाड़ियों में सीखने और आगे बढ़ने का उत्साह दिखाई देता है। अमरावती स्पोर्ट्स सिटी में उपलब्ध सुविधाएं और प्रशिक्षण का माहौल काफी अच्छा है। खिलाड़ियों को अनुभवी कोचों के मार्गदर्शन में अपनी प्रतिभा निखारने का अवसर मिल रहा है। मुझे उम्मीद है कि यहां से कई खिलाड़ी आगे चलकर देश का नाम रोशन करेंगे।”
अमरावती स्पोर्ट्स सिटी के फाउंडर एवं अध्यक्ष रजनीकांत मिश्रा ने कहा, “प्रतीका रावल का अमरावती स्पोर्ट्स सिटी में स्वागत करना हमारे लिए खुशी की बात है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का प्रतिनिधित्व करने वाली खिलाड़ी से सीधे संवाद करना हमारे युवा क्रिकेटरों के लिए प्रेरणादायक है।
हमारा प्रयास है कि खिलाड़ियों को बेहतर खेल सुविधाएं, आधुनिक प्रशिक्षण व्यवस्था और अनुभवी अंतरराष्ट्रीय कोचों का मार्गदर्शन मिले, ताकि वे अपनी क्षमता के अनुसार आगे बढ़ सकें। हम अमरावती स्पोर्ट्स सिटी को ऐसा मंच बनाने की दिशा में काम कर रहे हैं, जहां युवा प्रतिभाओं को अपने खेल को अगले स्तर तक ले जाने के अवसर मिलें।”
प्रतीका रावल ने 2025 आईसीसी महिला वनडे विश्व कप में भारत की खिताबी जीत में अहम भूमिका निभाई थी। उन्होंने टूर्नामेंट में 7 मैचों में 308 रन बनाए और न्यूजीलैंड के खिलाफ महत्वपूर्ण शतक लगाया।
प्रतीका रावल का यह दौरा अमरावती स्पोर्ट्स सिटी में युवा खिलाड़ियों को प्रेरित करने और उन्हें उच्च स्तर के क्रिकेट के लिए तैयार करने के प्रयासों की एक महत्वपूर्ण कड़ी रहा।










