यूपी भाजपा खेल प्रकोष्ठ के सह संयोजक जसपाल सिंह सम्मानित

0
53

लखनऊ। खेलों के विकास और खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने की दिशा में लंबे समय से सक्रिय सरदार जसपाल सिंह को उत्तर प्रदेश भारतीय जनता पार्टी के खेल प्रकोष्ठ में सह-संयोजक की जिम्मेदारी मिलने पर सम्मानित किया गया।

स्पोर्ट्स नेटवर्क इंडिया और एसएनआई सेंटर फॉर स्पोर्ट्स एक्सीलेंस के संयुक्त तत्वावधान में मॉडर्न एकेडमी, विनय खंड-2, गोमतीनगर स्थित एसएनआई सेंटर फॉर स्पोर्ट्स एक्सीलेंस में सम्मान समारोह आयोजित किया गया।

समारोह के मुख्य अतिथि बाक्सिंग एसोसिएशन लखनऊ के अध्यक्ष अतुल अग्निहोत्री ने सरदार जसपाल सिंह को सम्मानित करते हुए उन्हें नई जिम्मेदारी मिलने पर बधाई दी।

उन्होंने कहा कि खेलों के क्षेत्र में उनके अनुभव और योगदान से प्रदेश में खेल गतिविधियों को आगे बढ़ाने में मदद मिलेगी। इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि के तौर पर उत्तर प्रदेश तलवारबाजी संघ के सचिव यूजिन पाल की मौजूदगी रही।

समारोह की अध्यक्षता स्पोर्ट्स नेटवर्क इंडिया के निदेशक डॉ. आनंद किशोर पाण्डेय ने की। उन्होंने कहा कि सरदार जसपाल सिंह खेल संगठनों में अपने लंबे अनुभव और नई संगठनात्मक जिम्मेदारी के माध्यम से खेलों के विकास, खिलाड़ियों के कल्याण तथा खेल संस्कृति को प्रोत्साहित करने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।

सम्मान से अभिभूत सरदार जसपाल सिंह ने आयोजकों के प्रति आभार जताते हुए कहा कि उनका उद्देश्य खेलों को समाज के व्यापक वर्ग तक पहुंचाना, युवाओं को खेलों से जोड़ना, प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करना और उन्हें आगे बढ़ने के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है।

नई जिम्मेदारी से उन्हें इन उद्देश्यों को पूरा करने के लिए और अधिक प्रभावी ढंग से कार्य करने का विश्वास मिला है। सरदार जसपाल सिंह उत्तर प्रदेश के खेल जगत में सक्रिय एवं अनुभवी संगठनात्मक व्यक्तित्व हैं।

उन्होंने विशेष रूप से मार्शल आर्ट्स और कराटे के विकास, खिलाड़ियों को प्रोत्साहन देने तथा खेल संगठनों को मजबूत बनाने में योगदान दिया है। वर्तमान में वह खालसा इंटर कॉलेज में शारीरिक शिक्षा विभाग के प्रवक्ता होने के साथ कराटे एसोसिएशन ऑफ उत्तर प्रदेश के महासचिव और कराटे इंडिया ऑर्गनाइजेशन के संयुक्त सचिव भी हैं।

खेलों में उनके लंबे अनुभव, संगठनात्मक कार्यों और खिलाड़ियों के हित में किए जा रहे प्रयासों को देखते हुए उन्हें भाजपा के खेल प्रकोष्ठ में सह-संयोजक का दायित्व सौंपा गया है।

इस अवसर पर एसएनआई सेंटर फॉर स्पोर्ट्स एक्सीलेंस, गोमतीनगर के निदेशक व टेबल टेनिस कोच सुनील जोशी (रिटायर्ड आरएसओ),कराटे एसोसिएशन ऑफ उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष टीपी हवेलिया, बॉक्सिंग एसोसिएशन लखनऊ के सचिव सहदेव सिंह, खेल प्रमोटर संजीव स्वर्णकार,

लखनऊ खो खो संघ के सचिव राजेश कुमार वर्मा, कराटे एसोसिएशन ऑफ यूपी के आयोजन सचिव संतोष जायसवाल, कराटे एसोसिएशन ऑफ लखनऊ के सचिव कृष्ण अवतार, मार्शल आर्ट प्रशिक्षक अनुराग सिंह चौहान सहित खेल जगत से जुड़े कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

ये भी पढ़ें : राज्य रोड साइक्लिंग ट्रायल में दिखा लखनऊ के पांच का दम, काव्या रही अव्वल

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here