संवेदनशील इलाकों में पीआरवी की तैनाती होगी दुरुस्त, सभी वाहन रहेेंगे एक्टिव

0
31

लखनऊ। दीपावली के दौरान प्रदेश में कहीं भी आपात स्थिति पैदा होने पर पुलिस की मदद पहुंचने में देरी न हो, इसके लिए यूपी-112 ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं।

त्योहार के मद्देनजर संवेदनशील इलाकों में पुलिस रिस्पांस व्हीकल (पीआरवी) की तैनाती से लेकर उनकी कार्यशीलता तक की समीक्षा की जा रही है। मुख्यालय ने सभी जिलों को पीआरवी की शत-प्रतिशत उपलब्धता सुनिश्चित करने और पांच नवंबर तक संशोधित रूट चार्ट भेजने के निर्देश दिए हैं।

इस संबंध में पुलिस महानिदेशक यूपी-112 बिनोद कुमार सिंह ने प्रदेश के सभी जनपदों के नोडल अधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कर तैयारियों का जायजा लिया।

उन्होंने अधिकारियों को थाना क्षेत्रवार संवेदनशील स्थानों और संभावित घटनास्थलों की पहचान कर हॉटस्पॉट चिह्नित करने को कहा। 28 अक्टूबर को जारी एडवाइजरी के अनुरूप संवेदनशील मार्गों पर पीआरवी की पर्याप्त तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।

त्योहार के दौरान आपातकालीन सेवाओं में किसी तरह की बाधा न आए, इसके लिए पीआरवी वाहनों को पूरी तरह संचालन योग्य रखने पर विशेष जोर दिया गया।

डीजी यूपी-112 ने स्पष्ट किया कि जनशक्ति की कमी या तकनीकी खराबी के चलते कोई भी वाहन गैर-संचालित नहीं रहना चाहिए। इसके लिए वाहनों की नियमित जांच और पीआरवी कर्मियों की ब्रीफिंग कराने को कहा गया।

ये भी पढ़ें : दीपावली पर सुरक्षा, यूपी-112 अलर्ट, जिला नोडल अधिकारियों को दिए निर्देश

इसके साथ ही कंट्रोल रूम में आरओआईपी पर तैनात कर्मियों की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने और इवेंट मॉनिटरिंग को प्रभावी बनाने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों को 16 अक्टूबर 2026 को जारी संशोधित मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) का सख्ती से पालन कराने को भी कहा गया।

वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में डीजी यूपी-112 ने जनपदीय नोडल अधिकारियों की समस्याएं भी सुनीं और उनके समाधान का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि दीपावली के दौरान प्रदेशवासियों को त्वरित और निर्बाध आपातकालीन सहायता उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। इसके लिए सभी अधिकारी पूरी सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ अपनी तैयारियां सुनिश्चित करें।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here