डाबर ने नेतृत्व में बदलाव की घोषणा की; हरजीत एस. भल्ला को निदेशक मंडल में मिली जगह

0
17

डाबर इंडिया लिमिटेड के निदेशक मंडल ने आज नेतृत्व में पूर्व नियोजित बदलाव को मंजूरी दे दी। इसके तहत कंपनी के भारत कारोबार के वर्तमान मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) हरजीत एस. भल्ला को नियामकीय मंजूरी के अधीन, 14 नवंबर 2026 से पांच वर्ष के कार्यकाल के लिए पूर्णकालिक निदेशक के रूप में निदेशक मंडल में नियुक्त किया जाएगा।

नामांकन एवं पारिश्रमिक समिति की सिफारिश पर यह बदलाव किया जा रहा है। यह निर्णय मोहित मल्होत्रा के वैश्विक मुख्य कार्यकारी अधिकारी और पूर्णकालिक निदेशक के पद से 13 नवंबर 2026 से प्रभावी इस्तीफे के बाद लिया गया है। मल्होत्रा ने व्यक्तिगत रुचियों और अन्य प्राथमिकताओं को समय देने के लिए यह निर्णय लिया है।

निदेशक मंडल में शामिल होने के बाद भी भल्ला भारत में कंपनी के कारोबार की वृद्धि योजनाओं का नेतृत्व करते रहेंगे। वह कंपनी का प्रतिनिधित्व करने के साथ-साथ उसके सबसे प्रमुख बाजार भारत में रणनीतिक दिशा तय करने की जिम्मेदारी भी संभालेंगे।

वहीं, वर्तमान में पूर्णकालिक निदेशक के रूप में कार्यरत पी. डी. नारंग समूह निदेशक – कॉरपोरेट मामले की अपनी भूमिका जारी रखेंगे। वह डाबर समूह के विभिन्न कारोबारों को रणनीतिक मार्गदर्शन देते रहेंगे और अंतरराष्ट्रीय कारोबार की निगरानी की जिम्मेदारी भी संभालेंगे।

नेतृत्व में बदलाव की घोषणा करते हुए निदेशक मंडल के अध्यक्ष मोहित बर्मन ने कहा, “निदेशक मंडल की ओर से मैं मल्होत्रा का डाबर के साथ तीन दशकों से अधिक समय तक जुड़ाव और संगठन में उनके महत्वपूर्ण योगदान के लिए आभार व्यक्त करना चाहता हूं। हम उन्हें उनकी व्यक्तिगत रुचियों को आगे बढ़ाने के लिए शुभकामनाएं देते हैं।

भल्ला को निदेशक मंडल में शामिल करना उनके नेतृत्व पर हमारे भरोसे और डाबर की विकास यात्रा में भारत के कारोबार की महत्वपूर्ण भूमिका को दर्शाता है। हमें विश्वास है कि अंतरराष्ट्रीय कारोबार सहित डाबर समूह के सभी व्यवसायों को नारंग के रणनीतिक मार्गदर्शन का लाभ मिलता रहेगा। समूह के साथ चार दशकों का उनका अनुभव इसमें महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

नेतृत्व में यह पूर्व नियोजित बदलाव जिम्मेदारियों और जवाबदेही को स्पष्ट करता है। साथ ही, यह सुनिश्चित करता है कि कंपनी अपनी प्राथमिकताओं को आगे बढ़ाते हुए विकास के अगले चरण की तैयारी करे और कामकाज में निरंतरता बनी रहे।”

भल्ला इस वर्ष की शुरुआत में डाबर से जुड़े थे। उन्हें विभिन्न भौगोलिक क्षेत्रों और कारोबारी परिस्थितियों में ब्रांड विकसित करने, कारोबार का विस्तार करने और टिकाऊ विकास को आगे बढ़ाने का 25 वर्षों से अधिक का अनुभव है।

उन्होंने यूनिलीवर में 16 वर्षों से अधिक समय तक भारत और अंतरराष्ट्रीय बाजारों में विभिन्न प्रबंधन पदों पर काम किया। इसके बाद उन्होंने द हर्शे कंपनी और मेट्रो कैश एंड कैरी इंडिया में वैश्विक नेतृत्व से जुड़ी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाईं। श्री भल्ला ने दिल्ली विश्वविद्यालय से वर्ष 1997 में बी.कॉम. (ऑनर्स) और वर्ष 2000 में एमडीआई गुरुग्राम से एमबीए की डिग्री प्राप्त की है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here