‘आवारापन 2’ इमरान हाशमी के करियर की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्मों में अपनी जगह बना चुकी है। 2007 में दर्शकों के बीच लोकप्रिय हुए शिवम पंडित के किरदार में इमरान की वापसी को जबरदस्त प्रतिक्रिया मिली है।
फिल्म के ओपन-एंडेड क्लाइमेक्स के बाद अब दर्शकों के बीच ‘आवारापन 3’ को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। ‘आवारापन 2’ के लेखक बिलाल सिद्दीकी ने फिल्म के तीसरे भाग की संभावनाओं पर बात करते हुए कहा कि फिलहाल निर्माता विशेष भट्ट के साथ इस मुद्दे पर कोई विस्तृत बातचीत नहीं हुई है।
उन्होंने बताया कि फिल्म रिलीज होने के बाद से उन्हें और विशेष भट्ट को एक-दूसरे से बात करने का ज्यादा समय नहीं मिला। बिलाल के मुताबिक उन्हें अभी निर्माता की अगली योजना के बारे में जानकारी नहीं है, लेकिन उन्हें उम्मीद है कि जल्द ही इस दिशा में विचार किया जाएगा।
उन्होंने यह भी कहा कि अगर कहानी को आगे बढ़ाने का मौका मिलता है तो वह इसे लेकर बेहद उत्साहित होंगे।लेखक ने ‘आवारापन 2’ की सफलता पर भी खुशी जाहिर करते हुए कहा कि विशेष भट्ट लंबे समय से ‘आवारापन’ को वापस लाने को लेकर उत्साहित थे और अब फिल्म की वापसी के साथ दर्शकों की प्रतिक्रिया और बॉक्स ऑफिस प्रदर्शन ने उनकी कोशिश को सफल बनाया है।
नितिन कक्कड़ के निर्देशन में बनी ‘आवारापन 2’ में इमरान हाशमी के साथ दिशा पाटनी मुख्य भूमिका में हैं, जबकि शबाना आजमी ने अहम नकारात्मक किरदार निभाया है। फिल्म के अंत और बॉक्स ऑफिस सफलता के बाद अब प्रशंसकों की नजरें निर्माताओं के अगले कदम पर टिकी हैं।
ये भी पढ़े : 23 साल, अनगिनत संघर्ष और फिर मिली बड़ी कामयाबी, इमरान हाशमी के लिए पत्नी ने लिखा खास नोट
ये भी पढ़े : ‘आवारापन 2’ की सक्सेस के बाद विशेष भट्ट का बड़ा ऐलान, बनेगी ‘जन्नत 3’













