बेंगलुरु: गत चैंपियन एल्पाइन एपीएल पाइपर्स ने मजबूत दावेदार चेक मुंबई मास्टर्स के खिलाफ लगातार दूसरी जीत दर्ज करके ग्लोबल चेस लीग की अंक तालिका में शीर्ष स्थान हासिल कर लिया।
वहीं, गैंगेज़ ग्रैंडमास्टर्स ने दो बार की चैंपियन त्रिवेणी कॉन्टिनेंटल किंग्स को 15-3 से करारी शिकस्त देकर दूसरा स्थान हासिल किया। ग्लोबल चेस लीग टेक महिंद्रा और इंटरनेशनल चेस फेडरेशन की संयुक्त पहल है।
जीसीएल सीजन 4
छह दौर के बाद बुधवार को पाइपर्स ने मुंबई मास्टर्स को 11-6 से हराया, जबकि गैंगेज़ ग्रैंडमास्टर्स ने त्रिवेणी कॉन्टिनेंटल किंग्स को 15-3 से पराजित किया। मुंबई मास्टर्स के लिए दिन बेहद निराशाजनक रहा और उसे पीबीजी अलास्कन नाइट्स के खिलाफ भी 6-11 से हार का सामना करना पड़ा।
शीर्ष दो स्थानों की दौड़ अब बेहद रोमांचक हो गई है। ऐसे में बुधवार के पहले मुकाबले पर सभी की नजरें थीं, जिसमें पाइपर्स और मुंबई मास्टर्स आमने-सामने थे। मंगलवार को आधे चरण तक दोनों टीमें मैच अंक और खेल अंक के मामले में बराबरी पर थीं तथा क्रमशः दूसरे और तीसरे स्थान पर थीं।
हालांकि बुधवार को पाइपर्स ने अधिकतर बोर्ड पर सफेद मोहरों से पूरी तरह दबदबा बनाए रखा। विश्व नंबर एक मैग्नस कार्लसन ने मैक्सिम वाचियर-लाग्रेव को 31 चालों में हराकर टीम को शानदार शुरुआत दिलाई।
दूसरे बोर्ड पर अनिश गिरि ने 10वीं चाल में ही एम. प्राणेश के खिलाफ पहल अपने हाथ में ले ली और फिर इस बढ़त को अंत तक कायम रखा।
इसके बाद वोलोदार मुर्जिन ने बारदिया दानेशवर को 52 चालों के बाद हार मानने पर मजबूर कर पाइपर्स की छह मुकाबलों में चौथी जीत सुनिश्चित कर दी। मुंबई मास्टर्स के लिए डी. हरिका की दिव्या देशमुख पर जीत ही एकमात्र राहत रही।
इसके बाद गैंगेज़ ग्रैंडमास्टर्स ने भी त्रिवेणी कॉन्टिनेंटल किंग्स के खिलाफ लगातार दूसरी जीत दर्ज की। इस बार ग्रैंडमास्टर्स ने काले मोहरों से खेलते हुए मुकाबले में पूरी तरह दबदबा बनाया।
मुकाबला शुरू होने से पहले ऐसा लग रहा था कि किंग्स ने सफेद मोहरों से खेलने के लिए अच्छी तैयारी की है और वह अपने अभियान की खराब शुरुआत के बाद वापसी का सिलसिला जारी रख सकती है।
लेकिन गैंगेज़ ग्रैंडमास्टर्स की पोलिना शुवालोवा, जिनके नाम अब छह मुकाबलों में पांच जीत हो चुकी हैं, ने झू जीनर को 47 चालों में हराकर मुकाबले का रुख पलट दिया। इसके बाद ल्यूक लियोन मेंडोंका ने प्राणव वी. की गलती का फायदा उठाते हुए प्रतिभा बोर्ड का मुकाबला अपने नाम कर लिया।
स्तावरोउला त्सोलाकिदू ने इसके बाद पूर्व महिला विश्व चैंपियन एलेक्जेंड्रा कोस्टेनियुक को 63 चालों तक चले लंबे मुकाबले में हराकर गैंगेज़ ग्रैंडमास्टर्स की जीत पक्की कर दी।
ये भी पढ़ें : त्रिवेणी कॉन्टिनेंटल किंग्स ने शीर्ष पर चल रही एल्पाइन पाइपर्स को चौंकाया
दिन के बाद के मुकाबले में मुंबई मास्टर्स के पास पीबीजी अलास्कन नाइट्स को सफेद मोहरों से हराकर शीर्ष स्थान हासिल करने का मौका था। मुकाबले के अंतिम चरण तक मुंबई मास्टर्स जीत की ओर बढ़ती दिखाई दे रही थी।
लेकिन कैरिसा यिप, जो बेहतर स्थिति में थीं, समय समाप्त होने के कारण नीनो बत्सियाशविली से हार गईं। इसके बाद अभिमन्यु मिश्रा ने मंगलवार की निराशा को पीछे छोड़ते हुए बारदिया दानेशवर को हराया। इस जीत के साथ अलास्कन नाइट्स ने मुकाबला अपने नाम किया और मिश्रा को मैच के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी का पुरस्कार भी मिला।
गुरुवार, 10 सितंबर के मुक़ाबले
- दोपहर 3:30 बजे: एल्पाइन एपीएल पाइपर्स बनाम गैंगेज़ ग्रैंडमास्टर्स
- शाम 5:00 बजे: चेक मुंबई मास्टर्स बनाम त्रिवेणी कॉन्टिनेंटल किंग्स
- शाम 6:30 बजे: एल्पाइन एपीएल पाइपर्स बनाम पीबीजी अलास्कन नाइट्स
- रात 8:00 बजे: गैंगेस ग्रैंडमास्टर्स बनाम फेयर्स अमेरिकन गैम्बिट्स












