जतिन, सुनील, सूरज की संघर्षपूर्ण जीत, मयंद, उदित, रिकी भी क्वार्टर फाइनल में

0
34

लखनऊ। शीर्ष वरीय हरियाणा के जतिन नैन ने तृतीय डॉ. केएल गर्ग आल इंडिया पुरुष प्राइजमनी टेनिस टूर्नामेंट में रोमांचक जीत के साथ क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली।

तृतीय डॉ. केएल गर्ग आल इंडिया प्राइजमनी टेनिस टूर्नामेंट

इसी के साथ दूसरी वरीय कर्नाटक के सूरज कुमार, पांचवीं वरीय हरियाणा के सुनील और सातवीं वरीय पंजाब के आदित्य कुमार ने भी अंतिम आठ का टिकट हासिल किया। दूसरी ओर युगल में उत्तर प्रदेश के ओमेश और ऋषि ने जोड़ीदारों संग अंतिम आठ में पहुंचकर मेजबान की चुनौती कायम रखी।

एसडीएस टेनिस अकादमी द्वारा लामार्टिनियर कॉलेज स्थित लामार्टिनियर लॉन टेनिस फैसिलिटी में आयोजित टूर्नामेंट में मंगलवार को एकल प्री क्वार्टर फाइनल खेले गए। जिसमें एक दिन पहले उलटफेर भरी जीत दर्ज करने वाले मयंद तिवारी, उदित गोगोई और रिकी ने भी जीत दर्ज कर क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई।

बालक एकल प्री क्वार्टर फाइनल के पहले मुकाबले में शीर्ष वरीय हरियाणा के जतिन नैन ने अपने ही राज्य के प्रशांत को पिछड़ने के बाद वापसी करते हुए 4-6, 6-4, 6-4 से हराकर जीत अपने नाम की। प्रशांत ने पहला सेट जीतकर बेहतरीन शुरुआत की लेकिन फिर जतिन ने शानदार सर्विस के साथ वापसी की।

वहीं पांचवीं वरीय हरियाणा के सुनील कुमार को भी जीत के लिए खासी मशक्कत करनी पड़ी जिन्होंने गुजरात के मेघ भार्गव को 4-6, 6-2, 6-3 से हराया। सातवीं वरीय पंजाब के आदित्य कुमार ने हरियाणा के आरव चावला को सीधे सेटों में 6-2, 6-4 से हराया।

दूसरी वरीय कर्नाटक के सूरज ने तेलंगाना के देवरापल्ली अखिल को 7-6(3), 6-3 से हराया। पहले सेट में दोनों खिलाड़ियों के बीच कड़ा संघर्ष हुआ और इसका फैसला टाईब्रेक में हुआ, जहां सूरज ने बाजी मारी। दूसरे सेट में उन्होंने 6-3 से जीत दर्ज कर क्वार्टर फाइनल का टिकट कटाया।

वहीं पहले दौर में उलटफेर कर प्री-क्वार्टर फाइनल में पहुंचे असम के उदित ने तमिलनाडु के पगलवन को 6-1, 6-3 से हराकर अपनी जीत का सिलसिला जारी रखा। पश्चिम बंगाल के मयंद तिवारी ने दिल्ली के सागर को 6-3, 6-3 से मात दी।

वहीं दिल्ली के रिकी ने हरियाणा के शिवा को एकतरफा अंदाज में 6-2, 6-2 से हराकर अंतिम आठ में जगह बनाई।
छठी वरीय हरियाणा के आदित्य मोर भी अंतिम आठ में पहुंच गए जिन्होंने तीन सेट तक चले मुकाबले में तेलंगाना के देवहर्षित को 6-3, 1-6, 6-4 से पराजित किया।

उत्तर प्रदेश के ऋषि और ओमेश जोड़ीदारों संग युगल क्वार्टर फाइनल में

मंगलवार को पुरुष युगल के प्री क्वार्टर फाइनल में आदित्य-उदित, ओमेश-इमोन, ऋषि-शिवा, कनिष्क-रिकी और हर्ष-प्रशांत की जोड़ियों ने क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली।

पहले मैच में हरियाणा के आदित्य मोर और असम के उदित गोगोई ने उत्तर प्रदेश के अंशुमान और पश्चिम बंगाल के वायट रोवन को तीन सेट तक चले मुकाबले में 6-4, 3-6, 10-7 से हराया।

उत्तर प्रदेश के ओमेश और छत्तीसगढ़ के इमोन ने उत्तर प्रदेश के वंश यादव और महाराष्ट्र के पार्थ आर की जोड़ी को 6-2, 7-5 से शिकस्त दी। उत्तर प्रदेश के ऋषि यादव और हरियाणा के शिवा शर्मा ने उत्तर प्रदेश के दीपक और उत्तराखंड के अर्नव हर्ष की कड़ी चुनौती से पार पाते हुए 7-5, 4-6, 10-6 की जीत से अंतिम आठ में प्रवेश किया।

ये भी पढ़ें : उदित, मयंद और रिकी उलटफेर भरी जीत के साथ प्री क्वार्टर फाइनल में

वहीं गुजरात के कनिष्क और दिल्ली के रिकी ने हरियाणा के वंश नंदल और पंजाब के आदित्य कुमार को 7-6(4), 7-5 से हराया। पहले सेट का फैसला टाईब्रेक में हुआ, जबकि दूसरे सेट में कनिष्क-रिकी की जोड़ी ने 7-5 से जीत दर्ज की।

एक अन्य मुकाबले में हरियाणा के हर्ष और प्रशांत ने उत्तर प्रदेश के अनुज और अनुरुद्ध की जोड़ी को सीधे सेटों में 6-3, 6-2 से हराकर क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here