लखनऊ। मेजबान उत्तर प्रदेश के खिलाड़ियों ने योनेक्स सनराइज डॉ. अखिलेश दास गुप्ता मेमोरियल ऑल इंडिया सीनियर रैंकिंग बैडमिंटन टूर्नामेंट 2026 में क्वालीफायर मुकाबलों में बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए कई वर्गो के दूसरे दौर में स्थान सुरक्षित किया।
डॉ. अखिलेश दास गुप्ता मेमोरियल ऑल इंडिया सीनियर रैंकिंग बैडमिंटन टूर्नामेंट
पुरुष एकल में उत्तर प्रदेश के आशु बालियान, देवांश गोविला, ऋषभ, शौर्य, आदित्य व विशाल सिंह सहित आठ खिलाड़ी दूसरे दौर में पहुंच गए। भारतीय बैडमिंटन एसोसिएशन (बीएआई) के तत्वावधान में उत्तर प्रदेश बैडमिंटन एसोसिएशन द्वारा आयोजित टूर्नामेंट में सोमवार से क्वालीफायर मुकाबलों की शुरुआत हो गई।

चार दिवसीय क्वालीफायर मुकाबले बीबीडी यूपी बैडमिंटन अकादमी, गोमतीनगर, विनयखंड स्टेडियम, गोमतीनगर और मटियारी स्थित रजत पीजी कॉलेज के बैडमिंटन कोर्ट पर खेले जा रहे हैं।
टूर्नामेंट में मिश्रित युगल में उत्तर प्रदेश के सुमित चाहर-किराट, शुभम यादव- रूद्राणी, संरेख चौरसिया व उत्तराखंड की अनुश्री भी क्वालीफायर के दूसरे दौर में पहुंच गए। महिला एकल क्वालीफायर में उत्तर प्रदेश की नलिन किशोर, स्नेहा सिंह, अनुथी जायसवाल, काजल मिश्रा ने दूसरे दौर में जगह बना ली।
सचिव खेल सुहास एलवाई ने किया उद्घाटन, खिलाड़ियों को सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के लिए दी शुभकामनाएं
टूर्नामेंट का औपचारिक उद्घाटन मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश शासन के सचिव खेल व युवा कल्याण सुहास एलवाई (आईएएस) ने किया। उन्होंने खिलाड़ियों को सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर यूपी बैडमिंटन एसोसिएशन के चेयरमैन डॉ. नवनीत सहगल (पूर्व चेयरमैन, प्रसार भारती) विशिष्ट अतिथि के तौर पर मौजूद रहे। इस दौरान उत्तर प्रदेश बैडमिंटन एसोसिएशन के सचिव डॉ. सुधर्मा सिंह ने अतिथिगण को स्मृति चिन्ह भेंट किया।

उन्होंने उद्घाटन समारोह की अध्यक्षता करते हुए कहा कि इस टूर्नामेंट का आयोजन भारतीय बैडमिंटन को नई दिशा देने वाले बैडमिंटन एसोसिएशन ऑफ इंडिया के अध्यक्ष रहे डॉ. अखिलेश दास गुप्ता की स्मृति में वर्ष 2018 से हर वर्ष आयोजित किया जा रहा है।
इस अवसर पर उत्तर प्रदेश बैडमिंटन एसोसिएशन के सचिव डॉ. सुधर्मा सिंह, उपाध्यक्ष अरुण कक्कड़, कोषाध्यक्ष रविंद्र चौहान, संयुक्त सचिव गौरव खन्ना, एफओपी इंचार्ज डॉ. योगेश शेट्टी सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।
पुरुष एकल के पहले दौर में हुए कई रोमांचक मुकाबले
उत्तर प्रदेश के आशु बालियान ने तेलंगाना के आदित्य किरन को 15-1, 15-1 से हराया, जबकि यूपी के देवांश गोविला ने आरबीआई के शौविक घोष को 15-9, 17-15 से हराया। शौर्य भट्ट ने उत्तराखंड के पार्थ कुमार को 12-15, 15-10, 15-5 से शिकस्त दी।
ऋषभ ओमर ने केरल के थामस जैकब को 15-6, 15-11 से पराजित किया। वहीं विशाल सिंह चंदेल ने ओडिशा के जे.सूर्या प्रामाणिक को 14-16, 15-12, 15-6 से हराकर अगले दौर में प्रवेश किया। इसी के साथ उत्तर प्रदेश के शिवम कुमार मिश्रा, रिशांक और आदित्य सिंह भी दूसरे दौर में पहुंच गए।
अन्य मुकाबलों में हरियाणा के आर्यन डेंबला ने यूपी के अनंत आनंद को 15-10, 15-13 से, तेलंगाना के वैभव ने यूपी के प्रतीक पाण्डेय को 15-12, 15-5 से, कर्नाटक के सुमुख जीएस ने मध्य प्रदेश के रोहित गुप्ता को 15-7, 9-15, 15-4 से और मध्य प्रदेश के जयंत शर्मा ने यूपी के यश राज गुप्ता को 15-12, 15-11 से हराया।
मिश्रित युगल में यूपी की जोड़ियों ने दिखाया दम
मिश्रित युगल के पहले दौर में यूपी की जोड़ियों ने उम्दा खेल दिखाया। यूपी के सुमित चाहर व किराट की जोड़ी ने सीएएजी के कशिश व उत्तर प्रदेश की पारसा नकवी (सीएजी/यूपी) को 15-12, 15-10 से हराया। यूपी के संरेख चौरसिया व उत्तराखंड की अनुश्री ने हरियाणा के वेदांश व रिधम को 15-13, 15-7 से शिकस्त दी। यूपी के शुभम यादव व रूद्राणी जायसवाल ने भी जीत से अगले दौर में जगह बनाई।
महिला एकल में नलिन, स्नेहा, अनुथी व काजल दूसरे दौर में
महिला एकल में यूपी की खिलाड़ियों ने बेहतरीन खेल कौशल का प्रदर्शन किया। इसमें यूपी की नलिन किशोर ने तेलंगाना की अदिति निरंजन को 15-12, 15-10 से, उत्तर प्रदेश की स्नेहा सिंह ने तमिलनाडु की श्रुतिका सेंथिल को 15-11, 15-12 से हराया। वहीं यूपी की अनुथी जायसवाल व काजल मिश्रा ने भी अपने-अपने मैच जीते।













