विश्व व्हीलचेयर हैंडबॉल चैंपियनशिप में भारत को 10वां स्थान

1
120

नई दिल्ली। भारतीय व्हीलचेयर हैंडबॉल टीम ने चौथी आईएचएफ वर्ल्ड व्हीलचेयर हैंडबॉल चैंपियनशिप में 10वां स्थान हासिल किया। भारतीय टीम ने लीबिया और ऑस्ट्रेलिया को हराकर प्रतियोगिता का समापन किया।

स्पेन के कैटालोनिया प्रांत के शहर ग्रानोलर्स में 16 से 20 सितंबर, 2026 तक आयोजित चैंपियनशिप के प्लेसमेंट ग्रुप के मैच में भारत ने पहले लीबिया को 14 -4 से हराया। इसके बाद भारतीय टीम ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 21-3 से एकतरफा जीत दर्ज की। इन दो जीतों के साथ भारत 10वें स्थान पर रहा।

लीबिया और ऑस्ट्रेलिया को हराकर किया अभियान का समापन, कोटेश्वर शीर्ष स्कोरर

भारतीय टीम के लिए कोटेश्वर रामावत का प्रदर्शन उल्लेखनीय रहा। वह 30 गोल के साथ भारत के शीर्ष स्कोरर रहे और सभी देशों के खिलाड़ियों में 10वें स्थान पर रहे। गोलकीपर सिद्धप्पा पी. ने भी प्रभावी प्रदर्शन किया। उनकी 55 प्रतिशत शॉट सेविंग दक्षता रही और वह सभी गोलकीपरों में सातवें स्थान पर रहे।

ग्रुप सी में दोनों मुकाबले गंवाने के बाद भारतीय टीम प्लेसमेंट ग्रुप 9-12 में पहुंची थी । भारत को ग्रुप सी में 2022 के विश्व चैंपियन ब्राजील और 2022 के सिक्स-ए-साइड विश्व चैंपियन पुर्तगाल के साथ रखा गया था। दोनों मुकाबलों में हार के बाद भारतीय टीम ग्रुप में तीसरे स्थान पर रही और क्वार्टर फाइनल की दौड़ से बाहर हो गई।

टीम के प्रदर्शन पर हैंडबॉल एसोसिएशन इंडिया (एचएआई) के कार्यकारी निदेशक डॉ. आनंदेश्वर पांडेय और महासचिव डॉ.तेजराज सिंह ने खिलाड़ियों के समर्पण की सराहना की।

उन्होंने कहा कि दुनिया की शीर्ष टीमों के बीच 10वां स्थान हासिल करना खिलाड़ियों की मेहनत और जुनून को दर्शाता है। प्रायोजकों और साझेदारों के निरंतर सहयोग से भारतीय व्हीलचेयर हैंडबॉल के और ऊंचे मुकाम हासिल करने की उम्मीद है।

गौरतलब है कि इस टूर्नामेंट में भारतीय टीम के अभियान में हैंडबॉल एसोसिएशन इंडिया (एचएआई) के साथ टाटा कैपिटल, यूनाइटेड फॉस्फोरस लिमिटेड (यूपीएल), आंध्र प्रदेश मेडटेक जोन (एएमटीजेड) और केडी लॉजिस्टिक्स का सहयोग रहा। एचएआई के साझेदार एनजीओ फीनिक्स स्पोर्ट्स ने भी टीम की तैयारी और खिलाड़ियों को सहयोग उपलब्ध कराया।

ये भी पढ़ें : भारतीय व्हीलचेयर हैंडबॉल टीम विश्व चैंपियनशिप में पेश करेगी चुनौती

1 COMMENT

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here