लखनऊ। सीएसआईआर–केंद्रीय औषधि अनुसंधान संस्थान (सीएसआईआर-सीडीआरआई), लखनऊ में 85वें सीएसआईआर स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित ‘ओपन डे’ में करीब 1,200 विद्यार्थियों ने विज्ञान, अनुसंधान और नवाचार की दुनिया को करीब से जाना।
लखनऊ, सीतापुर, बाराबंकी, कानपुर और उन्नाव के 32 विद्यालयों एवं महाविद्यालयों के विद्यार्थियों के साथ 50 से अधिक शिक्षक कार्यक्रम में शामिल हुए।
26 सितंबर 1942 को स्थापित वैज्ञानिक तथा औद्योगिक अनुसंधान परिषद (सीएसआईआर) देश के प्रमुख वैज्ञानिक अनुसंधान संगठनों में शामिल है।
इसके अंतर्गत देशभर में 37 राष्ट्रीय प्रयोगशालाएं और संस्थान कार्यरत हैं। स्थापना दिवस के अवसर पर सीएसआईआर-सीडीआरआई ने विद्यार्थियों के लिए अपनी अनुसंधान सुविधाओं के द्वार खोले, जिसका उद्देश्य उनमें वैज्ञानिक जिज्ञासा विकसित करना और विज्ञान एवं अनुसंधान को करियर के रूप में अपनाने के लिए प्रेरित करना था।
‘ओपन डे’ के दौरान विज्ञान मॉडल, क्विज और हिंदी तात्कालिक भाषण प्रतियोगिताओं के साथ वैज्ञानिक प्रदर्शनियां, प्रयोगशाला भ्रमण, वैज्ञानिकों के साथ संवाद और व्यावहारिक प्रयोग आयोजित किए गए।
विद्यार्थियों को इन गतिविधियों के माध्यम से कक्षा-कक्ष से बाहर वैज्ञानिक अनुसंधान की प्रक्रिया को समझने तथा समाज के लिए विज्ञान और अनुसंधान की उपयोगिता जानने का अवसर मिला।
विज्ञान मॉडल में सैनिक स्कूल की टीम अव्वल
विज्ञान मॉडल प्रतियोगिता में कैप्टन मनोज कुमार पांडेय उत्तर प्रदेश सैनिक स्कूल, सरोजिनी नगर, लखनऊ के अनुभव कुमार और आयुष कुमार की टीम ने प्रथम स्थान हासिल किया।
पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय, एएमसी, लखनऊ की स्रेहा कुमारी और चांदनी को दूसरा तथा एमिटी इंटरनेशनल स्कूल, विराज खंड-5, लखनऊ के आर्यवीर सिंह और सुजल सिंह को तीसरा स्थान मिला।
लखनऊ पब्लिक स्कूल, आनंद नगर, वेदम वर्ल्ड स्कूल, लखनऊ तथा पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय, सीआरपीएफ, बिजनौर, लखनऊ की टीमों को सांत्वना पुरस्कार प्रदान किए गए।
क्विज में एमिटी इंटरनेशनल स्कूल की टीम प्रथम
क्विज प्रतियोगिता में एमिटी इंटरनेशनल स्कूल, वृंदावन योजना, लखनऊ की रिया यादव और वत्सल शर्मा ने पहला स्थान प्राप्त किया। पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय, सीआरपीएफ, बिजनौर, लखनऊ की अक्षरा कुमारी ओझा और आरोही कुमारी दूसरे तथा एमिटी इंटरनेशनल स्कूल, विराज खंड-5, लखनऊ के हर्ष राणा और यशस्विन सिंह यादव तीसरे स्थान पर रहे।
तात्कालिक भाषण में जयपुरिया स्कूल की टीम विजेता
हिंदी तात्कालिक भाषण प्रतियोगिता में सेठ एम.आर. जयपुरिया स्कूल, बंसल कैंपस, लखनऊ की मांडवी नारायण और श्री सिंह की टीम ने प्रथम स्थान हासिल किया।
पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय, एएमसी, लखनऊ की स्वस्तिका और देवांशी दूसरे तथा लखनऊ पब्लिक स्कूल, आनंद नगर के अंशुमान सिंह और लक्ष्य तिवारी तीसरे स्थान पर रहे। मॉडर्न एकेडमी और एमिटी इंटरनेशनल स्कूल, वृंदावन योजना, लखनऊ की टीमों को इस प्रतियोगिता में सांत्वना पुरस्कार दिया गया।
वैज्ञानिकों से किया संवाद, प्रयोगशालाओं का भ्रमण
वैज्ञानिक प्रदर्शनियों और प्रयोगशाला भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने औषधि अनुसंधान, स्वास्थ्य और वैज्ञानिक अनुसंधान के क्षेत्र में सीएसआईआर-सीडीआरआई के योगदान की जानकारी ली।
वैज्ञानिकों के साथ संवाद में विद्यार्थियों ने संस्थान में चल रहे अनुसंधान कार्यों, वैज्ञानिक करियर के अवसरों तथा वैज्ञानिक जिज्ञासा से लेकर उसके सामाजिक अनुप्रयोग तक की प्रक्रिया को समझा। व्यावहारिक प्रयोगों के माध्यम से विद्यार्थियों को अवलोकन और प्रयोग के जरिए विज्ञान को समझने के लिए प्रोत्साहित किया गया।
‘ओपन डे’ के माध्यम से सीएसआईआर-सीडीआरआई ने विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, जिज्ञासा और नवाचार की भावना विकसित करने के साथ वैज्ञानिक संस्थानों और विद्यार्थी समुदाय के बीच संवाद एवं सहभागिता को मजबूत करने की पहल को आगे बढ़ाया।
ये भी पढ़ें : NCDs की ओपीडी देखभाल में डिजिटल तकनीक व कार्य-साझाकरण पर जोर













