अनुभव और युवा जोश के साथ आईएसएल अभियान शुरू करेगी पंजाब एफसी

0
54

चंडीगढ़: पंजाब एफसी ने इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) 2026-27 सीज़न के लिए अपनी 27 सदस्यीय टीम की घोषणा कर दी है।

टीम में अनुभवी खिलाड़ियों के साथ अकादमी से निकले 10 खिलाड़ियों को शामिल किया गया है, जो घरेलू प्रतिभाओं को विकसित करने के प्रति क्लब की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। शेर अपने आईएसएल अभियान की शुरुआत बुधवार, 14 अक्टूबर को नई दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में ओडिशा एफसी के खिलाफ घरेलू मुकाबले से करेंगे।

मजबूत भारतीय खिलाड़ियों के साथ सोच-समझकर शामिल किए गए नए खिलाड़ियों के संयोजन वाली पंजाब एफसी की टीम अपने चौथे आईएसएल अभियान में प्रतिस्पर्धा के लिए तैयार है। टीम का चयन खिलाड़ियों के विकास के प्रति क्लब की प्रतिबद्धता को ध्यान में रखते हुए किया गया है।

क्लब के साथ अपने पहले सीज़न में मुख्य कोच पावलोस डर्मिट्ज़ाकिस ने ऐसी टीम चुनी है, जिसमें निरंतरता के साथ सभी विभागों में नए विकल्प भी शामिल हैं।

पिछले सीज़न की आईएसएल टीम के 14 खिलाड़ियों को बरकरार रखा गया है। इनमें भारतीय राष्ट्रीय टीम के खिलाड़ी बिजॉय वर्गीस, रिकी शाबोंग, मुहम्मद उवैस, निखिल प्रभु और मुहम्मद सुहैल एफ के साथ अर्शदीप सिंह, खाइमिनथांग ल्हुंगडिम और लियोन ऑगस्टीन शामिल हैं।

पैट्रिक बहानाक, मिकाएल माल्सा, डिएगो रापोसो, अल्फ्रेड प्लानास मोया और राफाएल मेसी बूली टीम में शामिल विदेशी खिलाड़ी हैं। टीम में नए भारतीय साइनिंग मोहम्मद इनाम और गुरकीरत सिंह को भी जगह दी गई है।

टीम में अकादमी से निकले 10 खिलाड़ी शामिल हैं, जो पिछले सीज़न की तुलना में तीन अधिक हैं। आयु-वर्ग की लीगों और हाल ही में संपन्न आईएफए शील्ड में उनके प्रदर्शन के आधार पर इन खिलाड़ियों को टीम में जगह दी गई है। आईएफए शील्ड में शेरों ने सेमीफाइनल तक का सफर तय किया था।

पिछले सीज़न की टीम का हिस्सा रहे गोलकीपर आयुष देशवाल, मिडफील्डर मंगलेन्थांग किपगेन और फॉरवर्ड मुहम्मद सुहैल एफ तथा विशाल यादव के साथ इस बार डिफेंडर नगारिन शाइज़ा, सोहेल खान और करिश सोरम, मिडफील्डर बिशु शर्मा और लैशराम रिशीकांता मीतेई, तथा फॉरवर्ड कोंसम सनाथोई सिंह को भी टीम में शामिल किया गया है।

नए सीज़न से पहले मुख्य कोच पावलोस डर्मिट्ज़ाकिस ने टीम पर भरोसा जताते हुए कहा, “यह टीम इस स्पष्ट सोच के साथ तैयार की गई है कि हम किस तरह का फुटबॉल खेलना चाहते हैं और टीम में संतुलन को लेकर मैं बहुत खुश हूं।

हमारे पास हर विभाग में अनुभवी खिलाड़ी हैं, ऐसे खिलाड़ी हैं जो क्लब और लीग को अच्छी तरह जानते हैं, और हमारी अकादमी के 10 युवा खिलाड़ी हैं, जिन्होंने हर दिन अपनी मेहनत के दम पर टीम में जगह बनाई है।

“आईएसएल का कार्यक्रम काफी चुनौतीपूर्ण होता है और इस टीम के हर खिलाड़ी की अपनी भूमिका होगी। खिलाड़ियों ने अच्छी तैयारी की है, ड्रेसिंग रूम में कुछ कर दिखाने की भूख है और हम अभियान शुरू करने के लिए तैयार हैं।”

मुख्य कोच को सहायक कोच जॉर्जियोस एंजेलिडिस और भारतीय सहायक कोच शंकरलाल चक्रवर्ती का सहयोग मिलेगा। उनके साथ क्रिस्टोस वोरगियाट्ज़िडिस स्ट्रेंथ एंड कंडीशनिंग कोच तथा विनय सिंह गोलकीपिंग कोच की भूमिका निभाएंगे।

पिछले सीज़न के तीनों गोलकीपरों को टीम में बरकरार रखा गया है। अनुभवी अर्शदीप सिंह गोलकीपिंग विभाग की अगुवाई करेंगे, जबकि युवा मुहीत शबीर और आयुष देशवाल भी टीम का हिस्सा होंगे।

बिजॉय वर्गीस, मुहम्मद उवैस, सुरेश मीतेई और खाइमिनथांग ल्हुंगडिम रक्षापंक्ति की अगुवाई करेंगे। नए खिलाड़ी पैट्रिक बहानाक के साथ अकादमी से निकले नगारिन शाइज़ा, सोहेल खान और करिश सोरम डिफेंस को गहराई और मजबूती प्रदान करेंगे।

मिडफील्ड में पंजाब एफसी के पास रचनात्मकता, नियंत्रण और ऊर्जा का अच्छा संयोजन है। मिकाएल माल्सा और मंगलेन्थांग किपगेन से आक्रमण की रणनीति तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने की उम्मीद है, जबकि निखिल प्रभु, रिकी शाबोंग और मोहम्मद इनाम मिडफील्ड में स्थिरता प्रदान करेंगे।

आईएफए शील्ड में अपने प्रदर्शन से प्रभावित करने वाले बिशु शर्मा और रिशीकांता मीतेई टीम में युवा ऊर्जा और आकर्षक फुटबॉल का योगदान देंगे।

ये भी पढ़ें : पेनल्टी शूटआउट में मोहन बागान से हारा पंजाब एफसी, आईएफए शील्ड से बाहर

टीम का फॉरवर्ड विभाग विविधता और आक्रमण की संभावनाओं से भरपूर है। अनुभवी राफाएल मेसी बूली ने आईएफए शील्ड में तीन गोल और तीन असिस्ट के साथ पंजाब एफसी में अपने सफर की शुरुआत की है। वहीं, अन्य विदेशी खिलाड़ी डिएगो रापोसो और अल्फ्रेड प्लानास मोया ने भी सीज़न की अच्छी शुरुआत की है।

देश की उभरती प्रतिभाओं में शामिल मुहम्मद सुहैल विंग्स पर अपनी गति से टीम को मजबूती देंगे, जबकि बहुमुखी प्रतिभा वाले लियोन ऑगस्टीन को विभिन्न परिस्थितियों में जिम्मेदारी सौंपी जा सकती है।

स्थानीय खिलाड़ी गुरकीरत सिंह, भारत की अंडर-20 राष्ट्रीय टीम का प्रतिनिधित्व कर चुके विशाल यादव और सनाथोई सिंह टीम को उपयोगी विकल्प प्रदान करेंगे।

इंडियन सुपर लीग 2026-27 के लिए पंजाब एफसी की टीम

  • गोलकीपर: अर्शदीप सिंह, मुहीत शाबिर, आयुष देशवाल
  • डिफेंडर: खाइमिनथांग ल्हुंगडिम, नगारिन शाइज़ा, जेफ्थे पैट्रिक जेरार्ड बहानाक, मोहम्मद सोहेल खान, बिजॉय वर्गीस, नोंगमैइकापम सुरेश मीतेई, मुहम्मद उवैस मोयिक्कल, करिश सोरम
  • मिडफील्डर: नरवी निखिल जयंता प्रभु, मिकाएल रेमोन विंसेंट माल्सा, रिकी जॉन शाबोंग, बिशु शर्मा, लैशराम रिशीकांता मीतेई, मंगलेन्थांग किपगेन, मोहम्मद इनाम
  • फॉरवर्ड: राफाएल एरिक मेसी बूली, डिएगो हेनरिक ओलिवेरा रापोसो, अल्फ्रेड प्लानास मोया, लियोन ऑगस्टीन, मुहम्मद सुहैल एफ, बिकाश सिंह सागोलसेम, कोंसम सनाथोई सिंह, विशाल यादव, गुरकीरत सिंह
  • कोचिंग और सहयोगी स्टाफ
    मुख्य कोच: पावलोस डर्मिट्ज़ाकिस
  • सहायक कोच: जॉर्जियोस एंजेलिडिस
  • सहायक कोच: शंकरलाल चक्रवर्ती
  • स्ट्रेंथ एंड कंडीशनिंग कोच: क्रिस्टोस वोरगियाट्ज़िडिस
  • गोलकीपिंग कोच: विनय सिंह
  • टीम डॉक्टर: सिदक ढिल्लों
  • फिजियोथेरेपिस्ट: दिशार्थ जैन
  • टीम मैनेजर: कौस्तव कश्यप
  • टीम मसाजर: गणेश डालुई
  • किट एवं उपकरण प्रबंधक: प्रशांत नायडू

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here