लखनऊ। एशियन पैरा गेम्स में उत्तर प्रदेश की गुलशन एक बार फिर भारतीय जूडो टीम का हिस्सा बनकर देश के लिए पदक जीतने के इरादे से नागोया, जापान रवाना हो गई हैं।
पिछली बार हांगझोऊ में हुए एशियन पैरा गेम्स में पांचवें स्थान पर रहने वाली गुलशन के पास इस बार अपने प्रदर्शन को बेहतर करने और पदक तक पहुंचने का मौका होगा। भारतीय पैरा जूडो टीम बुधवार को दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से जापान के लिए रवाना हुई।
इन गेम्स में भारत की ओर से सात जूडोका हिस्सा लेंगे। इनमें दो पुरुष और पांच महिला खिलाड़ी शामिल हैं। उत्तर प्रदेश की गुलशन के अलावा टीम में मध्य प्रदेश के कपिल परमार, हरियाणा के बिजेन्दर, कोकिला और डिम्पल तथा महाराष्ट्र की रेनुका नारायण साल्वे और रूशाली अशोक मोरे शामिल हैं। टीम को प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद है।
गुलशन के लिए यह एशियन पैरा गेम्स में वापसी का अवसर भी है। वर्ष 2022 में चीन के हांगझोऊ में आयोजित पिछले संस्करण में उन्होंने पांचवां स्थान हासिल किया था।
भारतीय टीम के अन्य खिलाड़ियों में कपिल परमार ने रजत और कोकिला ने कांस्य पदक जीता था, जबकि रेनुका नारायण साल्वे भी पांचवें स्थान पर रही थीं। रूशाली अशोक मोरे ने भी उस प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व किया था।
लखनऊ में हुआ प्रशिक्षण शिविर
प्रतियोगिता की तैयारी के लिए लखनऊ के हजरतगंज स्थित हलवासिया कोर्ट में इंडियन पैरा जूडो एकेडमी में प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया गया था।
इंडियन ब्लाइंड एंड पैरा जूडो एसोसिएशन, भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) और पैरालंपिक कमेटी ऑफ इंडिया के माध्यम से आयोजित इस शिविर में मुख्य कोच मुनव्वर अंजार, सहायक कोच अकरम शाह और आयशा मुनव्वर ने खिलाड़ियों को प्रशिक्षण दिया।
इंडियन ब्लाइंड एंड पैरा जूडो एसोसिएशन के अध्यक्ष सुधीर हलवासिया ने उम्मीद जताई कि भारतीय खिलाड़ी एशियन पैरा गेम्स में अच्छा प्रदर्शन कर पदक जीतेंगे और देश व प्रदेश का गौरव बढ़ाएंगे।
सुहास एलवाई भी जापान पहुंचे
एशियन पैरा गेम्स में उत्तर प्रदेश के सुहास एलवाई भी भारतीय दल के साथ नागोया पहुंचे हैं। वह पैरा बैडमिंटन स्पर्धा में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे।
सुहास एलवाई ने पुरुष सिंगल्स एसएल 4 में 2022 हांगझोऊ एशियन पैरा गेम्स में पुरुष एकल का स्वर्ण और 2018 जकार्ता एशियन पैरा गेम्स में पुरुष टीम स्पर्धा का कांस्य पदक जीता था। इसके अलावा वह टोक्यो-2020 और पेरिस-2024 पैरालंपिक खेलों में रजत पदक जीत चुके हैं।
ये भी पढ़ें : एशियन पैरा गेम्स में भारतीय पैरा तैराकी टीम दम दिखाने को तैयार














[…] […]