गांधीनगर। स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया के क्षेत्रीय केंद्र गांधीनगर में आगामी एशियन पैरा गेम्स 2026 में भारत का प्रतिनिधित्व करने जा रहे पैरा पावरलिफ्टिंग खिलाड़ियों के सम्मान में विदाई समारोह (सेंड-ऑफ सेरेमनी) आयोजित किया गया।
झंडू कुमार, मनीष कुमार, सीमा रानी और जसप्रीत कौर टीम में चयनित
जापान के आइची-नागोया में 18 से 24 अक्टूबर तक होने वाले इन खेलों में साई नेशनल सेंटर ऑफ एक्सीलेंस, गांधीनगर के चार खिलाड़ी झंडू कुमार, मनीष कुमार, सीमा रानी और जसप्रीत कौर भारतीय चुनौती पेश करेंगे। ये सभी खिलाड़ी कोच राजिंदर सिंह राहेलू के मार्गदर्शन में प्रतियोगिता की तैयारी कर रहे हैं।
समारोह में खिलाड़ियों के समर्पण, कठिन परिश्रम और खेल के क्षेत्र में हासिल की गई उपलब्धियों की सराहना करते हुए उन्हें अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दी गईं।
चारों खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपने प्रदर्शन से पहचान बनाई है। साई नेशनल सेंटर ऑफ एक्सीलेंस गांधीनगर में उपलब्ध विशेषज्ञ कोचिंग, व्यवस्थित प्रशिक्षण और आधुनिक खेल सुविधाओं ने उनकी तैयारियों को मजबूती प्रदान की है।
कॉमनवेल्थ गेम्स में झंडू कुमार ने जीता था कांसा
झंडू कुमार ने वर्ष 2026 में ग्लासगो में आयोजित कॉमनवेल्थ गेम्स में कांस्य पदक जीतकर देश का गौरव बढ़ाया। इसके अलावा, उन्होंने राष्ट्रीय चैंपियनशिप में कई पदक हासिल किए हैं और वर्ष 2025 में बीजिंग में आयोजित वर्ल्ड कप में भी कांस्य पदक अपने नाम किया। उनका प्रदर्शन दृढ़ संकल्प, निरंतर मेहनत और प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता का परिचायक है।
मनीष कुमार ने जीते कई स्वर्ण पदक
मनीष कुमार ने राष्ट्रीय चैंपियनशिप और खेलो इंडिया पैरा गेम्स में कई स्वर्ण पदक जीतकर अपनी प्रतिभा साबित की है। उन्हें एशियन पैरा गेम्स और विश्व पैरा पावरलिफ्टिंग चैंपियनशिप जैसी प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भाग लेने का अनुभव भी प्राप्त है। इस अनुभव के साथ वह आगामी प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने के लिए तैयार हैं।
सीमा रानी और जसप्रीत कौर से भी पदक की उम्मीद
सीमा रानी ने राष्ट्रीय चैंपियनशिप और खेलो इंडिया पैरा गेम्स में कई स्वर्ण पदक जीतकर उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। विश्व पैरा पावरलिफ्टिंग चैंपियनशिप और एशियन पैरा गेम्स में उनकी भागीदारी उनके निरंतर प्रयासों और खेल के प्रति समर्पण को दर्शाती है।
वहीं, जसप्रीत कौर ने भी राष्ट्रीय चैंपियनशिप और खेलो इंडिया पैरा गेम्स में अनेक स्वर्ण पदक जीते हैं। उन्होंने वर्ष 2025 में ब्राजील पैरा पावरलिफ्टिंग ओपन चैंपियनशिप में रजत पदक हासिल कर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।
कोच राजिंदर सिंह राहेलू के मार्गदर्शन में की है तैयारी
कोच राजिंदर सिंह राहेलू के मार्गदर्शन में चारों खिलाड़ी एशियन पैरा गेम्स के लिए अपनी तकनीक, शक्ति और प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता को बेहतर बनाने में जुटे हैं।
साई नेशनल सेंटर ऑफ एक्सीलेंस गांधीनगर में उपलब्ध प्रशिक्षण सुविधाएं और विशेषज्ञ मार्गदर्शन खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर की चुनौतियों के लिए तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
ये भी पढ़ें : एशियन पैरा गेम्स में भारतीय पैरा तैराकी टीम दम दिखाने को तैयार
ये भी पढ़ें : एशियन पैरा गेम्स में पदक पर गुलशन की नजर, भारतीय जूडोका नागोया रवाना
यह विदाई समारोह पैरा खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने, समावेशी खेल संस्कृति को बढ़ावा देने और उन्हें अंतरराष्ट्रीय मंच पर उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए तैयार करने की दिशा में साई की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
साई क्षेत्रीय केंद्र गांधीनगर ने भारतीय पैरा पावरलिफ्टिंग दल को शुभकामनाएं देते हुए उम्मीद जताई कि चारों खिलाड़ी एशियन पैरा गेम्स 2026 में अपने सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन से देश का मान बढ़ाएंगे।













