लखनऊ। श्री जय नारायण पीजी कॉलेज के मैदान पर आयोजित अंतर संकाय वॉलीबॉल प्रतियोगिता में छात्रों के वर्ग में बीए और छात्राओं के वर्ग में बीपीएड की टीम ने खिताब अपने नाम किया। प्रतियोगिता में कुल छह टीमों ने प्रतिभाग किया।
छात्रों के वर्ग का पहला सेमीफाइनल बीए और बीएससी के बीच खेला गया। इसमें बीए की टीम ने बीएससी को सीधे सेटों में 15-6, 15-8 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया। दूसरे सेमीफाइनल में बीपीएड ने बीकॉम को 15-12, 15-8 से शिकस्त देकर खिताबी मुकाबले में जगह बनाई।
फाइनल में बीए और बीपीएड की टीमों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला। तीन सेट तक चले इस संघर्षपूर्ण मैच में बीए ने बीपीएड को 15-9, 9-15, 15-12 से हराकर खिताब जीत लिया।
वहीं, छात्राओं के वर्ग के फाइनल में बीपीएड की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बीए को सीधे सेटों में 15-8, 15-11 से पराजित कर चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया।
प्रतियोगिता के दौरान महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. केके शुक्ल, स्पोर्ट्स बोर्ड के अध्यक्ष प्रो. राजीव मिश्रा, संयोजक प्रो. मधु गौर और डॉ. सुमन पांडे सहित अनेक शिक्षक एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
ये भी पढ़ें : गोमती की बाढ़ से उजड़ा सेज क्रिकेट ग्राउंड, फिर तैयार करने में लगेंगे दो माह














[…] […]