हाईलाइट्स
- दूसरी तिमाही में जमा 28.6% और ऋण पोर्टफोलियो 25.1% बढ़ा
- ICRA ने रेटिंग आउटलुक Stable से Positive किया
जयपुर। एयू स्मॉल फाइनेंस बैंक (AU SFB) ने 30 सितंबर 2026 को समाप्त वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही के वित्तीय परिणाम घोषित किए हैं। बैंक ने इस दौरान प्रमुख वित्तीय मानकों पर मजबूत वृद्धि दर्ज की।
सालाना आधार पर शुद्ध लाभ 53 प्रतिशत बढ़कर 858 करोड़ रुपये रहा, जबकि शुद्ध ब्याज आय में 32 प्रतिशत की वृद्धि हुई। बैंक को भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) से सार्वभौमिक बैंक में रूपांतरण के लिए सैद्धांतिक मंजूरी भी मिल चुकी है।
बैंक के अनुसार, दूसरी तिमाही में शुद्ध ब्याज आय (NII) बढ़कर 2,820 करोड़ रुपये हो गई, जो पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में 2,144 करोड़ रुपये थी। शुद्ध ब्याज मार्जिन (NIM) भी 5.5 प्रतिशत से बढ़कर 5.8 प्रतिशत पर पहुंच गया। वहीं, फंड की लागत में 43 आधार अंकों की कमी आई और यह 6.83 प्रतिशत से घटकर 6.41 प्रतिशत रह गई।
क्रेडिट कार्ड और ट्रांजेक्शन बैंकिंग से मिलने वाली शुल्क आय के समर्थन से बैंक की कोर अन्य आय 16 प्रतिशत बढ़कर 736 करोड़ रुपये हो गई। दूसरी ओर, क्रेडिट कॉस्ट 1.2 प्रतिशत से घटकर 0.8 प्रतिशत पर आ गई। बैंक का वार्षिकीकृत परिसंपत्ति पर प्रतिफल (RoA) 1.7 प्रतिशत और इक्विटी पर प्रतिफल (RoE) 16.1 प्रतिशत रहा।
जमा और ऋण कारोबार में भी वृद्धि
30 सितंबर 2026 तक बैंक की जमा राशि सालाना आधार पर 28.6 प्रतिशत बढ़कर 1,70,460 करोड़ रुपये हो गई। यह वृद्धि बैंकिंग प्रणाली की औसत वृद्धि दर की लगभग 1.6 गुना रही।
चालू खाते और बचत खाते (CASA) में जमा राशि 50,289 करोड़ रुपये दर्ज की गई, जो पिछले वर्ष की समान अवधि से 29 प्रतिशत और पिछली तिमाही से 11 प्रतिशत अधिक है। कुल जमा में CASA की हिस्सेदारी 29.5 प्रतिशत रही।
बैंक का सकल ऋण पोर्टफोलियो (GLP) सालाना आधार पर 25.1 प्रतिशत बढ़कर 1,53,769 करोड़ रुपये हो गया। वहीं, सकल अग्रिम 27.9 प्रतिशत की वृद्धि के साथ 1,50,291 करोड़ रुपये पर पहुंच गया।
संपत्ति गुणवत्ता में सुधार
बैंक ने परिसंपत्ति गुणवत्ता के मोर्चे पर भी सुधार दर्ज किया। सकल गैर-निष्पादित परिसंपत्ति (GNPA) अनुपात 42 आधार अंक सुधरकर 1.99 प्रतिशत पर आ गया, जबकि शुद्ध गैर-निष्पादित परिसंपत्ति (NNPA) अनुपात 0.81 प्रतिशत रहा। तकनीकी राइट-ऑफ सहित प्रावधान कवरेज अनुपात (PCR) 83 प्रतिशत दर्ज किया गया।
इसी बीच, ICRA ने बैंक की दीर्घकालिक क्रेडिट रेटिंग के आउटलुक को Stable से बढ़ाकर Positive कर दिया है। बैंक की AA रेटिंग बरकरार रखी गई है।
नेटवर्क विस्तार और डिजिटल बैंकिंग पर जोर
बैंक ने तिमाही के दौरान अपने नेटवर्क का विस्तार करते हुए 183 नए टचपॉइंट जोड़े। इनमें 45 नई लायबिलिटी शाखाएं और 100 से अधिक एसेट सेंटर शामिल हैं।
बैंक के मुताबिक, उसका नेटवर्क अब 21 राज्यों और चार केंद्रशासित प्रदेशों में 3,103 टचपॉइंट तक पहुंच गया है। बैंक से जुड़े कुल ग्राहकों की संख्या 1.28 करोड़ से अधिक है और कर्मचारियों की संख्या लगभग 61,000 है।
डिजिटल बैंकिंग के क्षेत्र में AU 0101 ऐप के पंजीकृत उपयोगकर्ताओं की संख्या 46 लाख से अधिक हो गई है, जबकि इसके मासिक सक्रिय उपयोगकर्ता (MAU) 19.4 लाख रहे।
बैंक ने गोल्ड लोन के लिए AI-संचालित लोन ओरिजिनेशन सिस्टम (Agentic LOS) को 40 शाखाओं में शुरू किया है। इस प्रणाली के माध्यम से अब तक 2,500 से अधिक ऋण वितरित किए जा चुके हैं। बैंक की योजना इसे चरणबद्ध तरीके से 100 शाखाओं तक विस्तारित करने की है।
वरिष्ठ पदों पर नियुक्तियां
तिमाही के दौरान बैंक ने वरिष्ठ प्रबंधन स्तर पर भी बदलाव किए। अनिल अग्रवाल को कमर्शियल एवं इंस्टीट्यूशनल बैंकिंग का सीनियर एग्जीक्यूटिव ग्रुप हेड नियुक्त किया गया। वहीं, अमोल पाध्ये ने मुख्य जोखिम अधिकारी (Chief Risk Officer) का पदभार संभाला।
भारत की विकास यात्रा पर भरोसा: संजय अग्रवाल
बैंक के प्रदर्शन पर प्रतिक्रिया देते हुए AU स्मॉल फाइनेंस बैंक के संस्थापक, प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी संजय अग्रवाल ने कहा कि वैश्विक भू-राजनीतिक और आर्थिक अनिश्चितताओं के बीच भारत अपनी आंतरिक मजबूती और निरंतर विकास गति के कारण अलग पहचान बना रहा है।
उन्होंने कहा कि मौजूदा परिस्थितियां भारत की मजबूत आर्थिक नींव और दीर्घकालिक विकास संभावनाओं में उनके विश्वास को और मजबूत करती हैं। साथ ही, उन्होंने AU में लगातार मजबूत संस्थागत क्षमताएं विकसित करने पर जोर दिया।
संजय अग्रवाल के अनुसार, मजबूत संस्थाएं केवल अनुकूल परिस्थितियों के लिए नहीं बनाई जातीं, बल्कि उनका उद्देश्य चुनौतियों के बीच भी दीर्घकालिक लक्ष्यों पर ध्यान बनाए रखना होता है।
ये भी पढ़ें : AU स्मॉल फाइनेंस बैंक के शॉपिंग फेस्टिवल के आठवें संस्करण का धमाल












